पटना

Bihar Politics: चिराग के बागी तेवर से एनडीए की बढ़ी परेशानी, पढ़िए जीतन राम मांझी ने क्या कहा?

Bihar Politics चिराग पासवान के बागी तेवर से बिहार में एनडीए की परेशानी बढ़ गई है। केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने चिराग को कोई भी फैसला सोच समझकर लेने के साथ साथ कहा कि चिराग को एनडीए में ही अपना भविष्य तलाशना चाहिए
3 min read
Aug 19, 2025
chirag paswan
चिराग पासवान

Bihar Politics बिहार में लोजपा (आर) एनडीए का हिस्सा नहीं है। मैंने तय कर लिया है कि बिहार में विधानसभा चुनाव हमें किसके साथ लड़ना है। 14 अगस्त को चिराग पासवान के द्वारा दिए इस बायन के बाद बिहार में सियासी पारा चढ़ गया है। हम (सेकुलर) के संरक्षक और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने चिराग पासवान से कहा कि एनडीए में रहकर अपना भविष्य तलाशें, वरना गर्दिश में पड़ जायेंगे।अच्छा रहेगा बिहार विधानसभा का चुनाव एनडीए के साथ मिलकर लड़ा जाए और विपक्ष को जोरदार तरीके से हराया जा सके। चिराग पासवना के बयान पर पटना में पत्रकारों से बात करते हुए जीतन राम मांझी ने ये बातें कही। दरअसल, चिराग जो कुछ बोल रहे हैं उसके बाद से एनडीए में हलचल मच गई है। सूत्रों का कहना है कि चिराग जो बोल रहे हैं उसके पीछे की उनकी अपनी तैयारी है। वर्ष 2020 विधानसभा चुनाव का अनुभव है और अपना दलित वोट बैंक है।

चिराग का प्रेशर पॉलिटिक्स

दरअसल, चिराग पासवान बदलते बयान के बाद यह भ्रम की स्थिति बनी। चिराग पासवान ने जून से अगस्त तक करीब 60 दिनों में 12 बार एनडीए के खिलाफ बयान दिया है। अकेले चुनाव लड़ने से लेकर, बिहार में बढ़ते अपराध तक पर सरकार पर तंज कसा। चिराग के इन बयान से एनडीए में भी भ्रम की स्थिति बनी। एनडीए नेता कहते हैं कि उनके बयान से विपक्ष को मौका मिलता है। चिराग पासवान जो कुछ करना चाहते हैं वो साफ कर दें। भ्रम की स्थिति नहीं उत्पन्न करें। राजनीतिक पंडित चिराग के बयान को प्रेशन पॉलिटिक्स बता रहे हैं। कुछ ये ही बात एनडीए और महागठबंधन के नेता भी कहते हैं। उनका कहना है कि विधानसभा चुनाव में ज्यादा सीटों के लिए चिराग पासवान यह सब कुछ कर रहे हैं।

चिराग के विचलित मन का कोई इलाज नहीं

जीतन राम मांझी ने तो चिराग पासवान को लेकर यहां तक कह दिया कि उनको अखबारों में बयान देने से बचना चाहिए। सीटों को लेकर उनके मन में जो भी मंशा है उनको यह सब कुछ एनडीए की बैठक में रखना चाहिए। जबकि जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार कहते हैं कि चिराग का मन विचलित होता है तो इसका कोई इलाज नहीं है।

चिराग ने कब क्या बोला

कब बोलेक्या बोले
12 जून 2025प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में 243 सीटों पर चुनाव लड़ने की बात कही
29 जून 2025राजगीर में कहा-243 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे
06 जुलाई 2025छपरा में कहा बिहार के सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे
07 जुलाई 2025बिहार में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है
12 जुलाई 2025बिहारी अब और कितनी हत्याओं की भेंट चढ़ेंगे
17 जुलाई 2025बिहार में अपराधी अब खुलेआम पुलिस और कानून को चुनौती दे रहे हैं
26 जुलाई 2025बिहार पुलिस निकम्मी, सरकार को समर्थन करने का दुख
14 अगस्त 2025लोजपा (आर) बिहार में एनडीए का हिस्सा नहीं, चिराग ने कहा मैंने तय कर लिया है किसके साथ चुनाव लड़ना है

लोकसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन

2024 के लोकसभा चुनाव में चिराग की पार्टी लोजपा (आर) ने 6.47% वोट शेयर के साथ पांच सीटें जीतीं थी। उनके इस प्रदर्शन के बाद उनका एनडीए में प्रभाव बढ़ा है। चिराग इसे विधानसभा चुनाव में कैश करना चाहते हैं। चिराग पासवान विधानसभा चुनाव में 45 सीटों की मांग कर रहे हैं। ताकि, उनकी पार्टी का बिहार में प्रभाव बढ़े। चिराग का यह कदम नीतीश कुमार की जेडीयू के लिए चुनौती पैदा कर सकता है। जबकि चिराग इसे अपने पक्ष में भुनाना चाहते हैं। चिराग पासवान की युवा छवि के साथ साथ उनके भाषण की शैली उनको लोकप्रिय बनाता है। वे अपने भाषण में जातिगत राजनीति से हटकर बात करते हैं। इसके कारण वे हर समाज में लोकप्रिय हैं। वे अपने इस छवि को बिहार के विधानसभा चुनाव में कैश करना चाहते हैं और बिहार में तेजस्वी यादव जैसे अन्य युवा नेताओं के लिए एक चुनौती बनना चाहते हैं।

Updated on:
19 Aug 2025 01:16 am
Published on:
19 Aug 2025 08:05 am