पटना

Bihar Politics: ‘इस्तीफा नहीं, फिर पत्र क्यों?’ नीतीश की ‘विदाई प्रक्रिया’ पर तेजस्वी ने खड़े किए सवाल

गृह विभाग की ओर से नीतीश कुमार की सुरक्षा को लेकर जारी पत्र पर तेजस्वी यादव ने तंज कसते हुए कहा कि यह नीतीश कुमार की ‘असम्मानजनक विदाई’ है। इस पत्र के बाद बिहार में सियासी तापमान बढ़ गया है।
2 min read
Apr 02, 2026
तेजस्वी यादव ने EC पर साधा निशाना
तेजस्वी यादव। (Photo-IANS)

Bihar Politics मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद भी नीतीश कुमार को जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा मिलती रहेगी। इस संबंध में गृह विभाग की ओर से जारी पत्र के वायरल होने के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सवाल उठाए हैं। तेजस्वी यादव ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इस पत्र का जिक्र करते हुए लिखा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ऐसी ‘असम्मानजनक विदाई’ उनके दल और समर्थकों ने शायद सपने में भी नहीं सोची होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके इस्तीफे से पहले ही गृह विभाग और अधिकारी उन्हें ‘भूतपूर्व’ बताने में जुट गए हैं। साथ ही, उन्होंने तंज कसते हुए कहा “अभी देखिए, आगे और क्या-क्या होता है।”

पत्र में क्या लिखा है

गृह विभाग की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि “माननीय मुख्यमंत्री, बिहार, श्री नीतीश कुमार को बिहार स्पेशल सिक्योरिटी एक्ट 2000 के तहत सुरक्षा प्रदान की जाएगी। वे वर्तमान में राज्यसभा के लिए निर्वाचित हो चुके हैं और निकट भविष्य में बिहार विधान परिषद की सदस्यता तथा मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देकर राज्यसभा की सदस्यता ग्रहण करेंगे।” गृह विभाग के इस पत्र की उक्त पंक्तियों को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने तंज कसा है। उनका कहना है कि जब नीतीश कुमार ने अभी तक इस्तीफा दिया ही नहीं है, तो इस तरह का पत्र जारी करना सवाल खड़े करता है।

पद से इस्तीफे से पहले पत्र जारी

नीतीश कुमार राज्य सभा के लिए निर्वाचित हो चुके हैं। इस सिलसिले में उन्होंने पिछले महीने 30 मार्च को एमएलसी के पद से इस्तीफा दिया था। माना जा रहा है कि 10 अप्रैल को वे राज्य सभा सदस्य के रूप में शपथ लेंगे। इसके बाद वे मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं। उनके इस्तीफे से पहले ही गृह विभाग द्वारा सुरक्षा से संबंधित पत्र जारी किए जाने की खबर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। इस वायरल पत्र को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने निशाना साधा है।

Updated on:
02 Apr 2026 09:04 pm
Published on:
02 Apr 2026 09:04 pm