
BPSC शिक्षिका गुंजन कुमारी के आरोपों पर उनके पति अमन ने पलटवार किया है। अमन का कहना है कि उनकी पत्नी की ब्यूटीशियन दोस्त के साथ उनका कोई संबंध नहीं था। उन्होंने कहा कि पत्नी द्वारा उन पर लगाए जा रहे सभी आरोप बेबुनियाद और निराधार हैं। अमन ने दावा किया कि उन्होंने अदालत में अपनी पत्नी और उसके कथित बॉयफ्रेंड से जुड़े दस्तावेज और अन्य साक्ष्य जमा किए हैं। उनका कहना है कि यदि गुंजन के पास भी उनके खिलाफ कोई सबूत हैं, तो उन्हें अदालत में पेश करना चाहिए।
पत्नी पर गंभीर आरोप लगाते हुए अमन ने कहा कि शिक्षिका बनने के बाद गुंजन अपने कथित बॉयफ्रेंड को ज्यादा समय देने लगी थीं और उन्होंने उन्हें तथा उनके बेटे को छोड़ दिया था। वहीं, पति-पत्नी के बीच चल रहे इस विवाद के बीच 10 वर्षीय बेटे का बयान भी सामने आया है, जिसमें उसने अपनी मां गुंजन को लेकर कई अहम दावे किए हैं।
अमन ने दावा किया कि उनके बेटे ने उन्हें बताया था, "पापा, आपके घर से बाहर रहने के दौरान एक अंकल अक्सर घर आते हैं।" अमन के अनुसार, जब उन्होंने इस बारे में अपनी पत्नी गुंजन से सवाल किया तो उन्होंने उस व्यक्ति को अपना दोस्त बताकर बात टाल दी। अमन का कहना है कि उन्होंने इस पर आपत्ति जताई तो गुंजन ने उनके साथ रहने से इनकार कर दिया। बाद में उन्हें पता चला कि उनकी गैरमौजूदगी में गुंजन से मिलने आने वाला व्यक्ति कोई और नहीं, बल्कि उनका पुराना प्रेमी प्रकाश था।
अमन ने यह भी दावा किया कि उनकी पत्नी ने उनके खिलाफ झूठे आरोप लगाकर मामला दर्ज कराया है और अदालत में तलाक की याचिका भी दायर की है। उनके अनुसार, गुंजन पिछले एक वर्ष से उनसे अलग रह रही हैं।
अमन का दावा है कि 25 मई को उन्हें सूचना मिली थी कि उनकी पत्नी गुंजन हाजीपुर के लिच्छवि नगर स्थित एक किराए के मकान में मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि जब वह वहां पहुंचे तो उनकी पत्नी अपने कथित प्रेमी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में थीं। अमन के अनुसार, इसके बाद उन्होंने बाहर से कमरे का दरवाजा बंद कर डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोग और मकान मालिक मौके पर पहुंच गए और दरवाजा खुलवा दिया।
अमन का कहना है कि इस पूरी घटना का वीडियो भी उनके पास मौजूद है। फिलहाल, मामला अदालत में विचाराधीन है। उन्होंने दावा किया कि अपने आरोपों के समर्थन में सभी आवश्यक साक्ष्य अदालत के समक्ष प्रस्तुत कर दिए गए हैं।