पटना

पटना में कारोबारी पर हमला: अपार्टमेंट में घुसकर पहले हाथापाई, फिर लिफ्ट के पास मारी गोली, जख्मी

पटना के शिवपुरी स्थित जीएस इंक्लेव अपार्टमेंट में मंगलवार रात अपराधियों ने कारोबारी दिलीप कुमार सिंह को गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए।
2 min read
Apr 01, 2026
Feature image
घटनास्थल का निरीक्षण करती सुश्री दिक्षा, नगर पुलिस अधीक्षक (मध्य)। फोटो- पटना पुलिस

पटना में अपराधियों ने जीएस इंक्लेव अपार्टमेंट में घुसकर कारोबारी दिलीप कुमार सिंह को गोली मार दी। गोली उनके पेट को आर-पार कर गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यह घटना मंगलवार रात शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र के शिवपुरी नाला स्थित कार्बन फैक्ट्री के पास हुई। पहले से घात लगाए बदमाशों ने उस वक्त वारदात को अंजाम दिया, जब कारोबारी अपनी गाड़ी से उतरकर पांचवें तल पर स्थित अपने फ्लैट में जाने के लिए लिफ्ट की ओर बढ़ रहे थे।

पीछे से दी आवाज, फिर मारी गोली

पटना में वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी तीन-चार राउंड फायरिंग करते हुए बाइक से अटल पथ की ओर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि एक मोटरसाइकिल पर सवार दो बदमाशों ने इस घटना को अंजाम दिया। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुटे और गंभीर रूप से घायल कारोबारी को पाटलिपुत्र गोलंबर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। दिलीप कुमार सिंह के पेट में गोली लगी है, जो आर-पार हो गई।

पुलिस के अनुसार, 45 वर्षीय दिलीप कुमार सिंह का बोरिंग रोड पर कार्यालय है। उनकी कंपनी ‘एमपी इंजीकान’ मकान, पुल सहित अन्य निर्माण कार्यों के लिए गिट्टी, बालू और अन्य सामग्रियों की आपूर्ति करती है। वे शिवपुरी स्थित जीएस इंक्लेव अपार्टमेंट में ही रहते हैं, जहां उनका फ्लैट है।

एफएसएल टीम ने जुटाए सबूत

पटना में घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। पुलिस के अनुसार, अपराधियों की पहचान कर ली गई है। घटनास्थल पर एफएसएल टीम साक्ष्य एकत्र करने में लगी है, जबकि मौके से पुलिस ने दो खोखे भी बरामद किए हैं। सूचना मिलने पर फुलवारी के विधायक श्याम रजक अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर हाल-चाल जाना। सिटी एसपी दीक्षा ने बताया कि एफएसएल टीम ने घटनास्थल से जरूरी नमूने एकत्र कर लिए हैं।

Updated on:
01 Apr 2026 11:12 am
Published on:
01 Apr 2026 07:10 am