पटना

बिहार में CM को लेकर सस्पेंस के बीच शपथ समारोह की तैयारी तेज, DM ने राज्यपाल को सौंपी सुरक्षा रिपोर्ट

बिहार में मुख्यमंत्री के नाम को लेकर सस्पेंस के बीच शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। पटना के डीएम ने प्रस्तावित शपथ ग्रहण समारोह से जुड़ी तैयारियों की रिपोर्ट राज्यपाल को सौंपी है।
2 min read
Apr 13, 2026
Feature image
राज्यपाल से मिलने जाते पटना के डीएम

बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इसे लेकर सियासी हलचल तेज है। इसी बीच सोमवार को पटना के डीएम डॉ. त्यागराजन ने राज्यपाल से करीब 30 मिनट तक मुलाकात की। सूत्रों के मुताबिक, डॉ. त्यागराजन लोकभवन पहुंचे और मुख्यमंत्री के शपथ समारोह को लेकर सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने वीवीआईपी मूवमेंट, सुरक्षा घेरा और पार्किंग व्यवस्था से जुड़ी पूरी रिपोर्ट भी राज्यपाल को सौंपी है।

शपथ समारोह को लेकर हाई अलर्ट

सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृहमंत्री समेत देश के कई बड़े नेताओं के शामिल होने की संभावना है। इसे देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है, ताकि किसी तरह की चूक न हो। पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तैयारियों में जुटे हैं, जिससे समारोह बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके।

वीआईपी मूवमेंट के मद्देनज़र आम लोगों को जाम की समस्या से बचाने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान भी तैयार किया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, पटना के प्रमुख मार्गों पर रूट डायवर्जन लागू करने की योजना है।

15 अप्रैल को शपथ समारोह संभव

सूत्रों के अनुसार, नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 15 अप्रैल को लोकभवन में होने की संभावना है। बताया जा रहा है कि इस दिन मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री और कुछ वरिष्ठ मंत्री ही शपथ ले सकते हैं। पटना जिला प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एहतियातन बापू सभागार को भी खाली रखा गया है। इससे पहले शपथ ग्रहण को लेकर गांधी मैदान में आयोजन की चर्चा थी, लेकिन अब इसमें बदलाव की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, नए मुख्यमंत्री शपथ कहां लेंगे, इसे लेकर अभी तक आधिकारिक तौर पर कोई घोषणा नहीं की गई है।

इधर, बिहार में नई सरकार के शपथ समारोह को लेकर राज्यपाल के सचिव गोपाल मीणा ने वरिष्ठ अधिकारियों की आज शाम बैठक बुलाई है। इस बैठक में पटना के डीएम, एसएसपी, एसपी समेत सभी बड़े अधिकारी शामिल होंगे। यह बैठक शाम 4:30 बजे होनी है।

Updated on:
13 Apr 2026 04:00 pm
Published on:
13 Apr 2026 02:45 pm