पटना

नीतीश की यात्रा से पहले भोजपुर में तांडव, सरकारी ऑफिस में ताबड़तोड़ फायरिंग, प्रॉपर्टी डीलर समेत 7 घायल

Bihar News: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समृद्धि यात्रा के तहत आज भोजपुर पहुंचेंगे। हालांकि, उनके पहुंचने से 24 घंटे पहले ही जिले के पीरो कस्बे में अंधाधुंध गोलीबारी की घटना हुई, जिसमें सात लोग घायल हो गए।

2 min read
Mar 25, 2026
सीएम नीतीश कुमार और फायरिंग के बाद अस्पताल पहुंचे लोग

Bihar News: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार को भोजपुर जिले में करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं का उद्घाटन करने के लिए पहुंचने वाले हैं। हालांकि, उनके आगमन से ठीक एक दिन पहले, पीरो अनुमंडल स्थित निबंधन कार्यालय (रजिस्ट्री ऑफिस) परिसर में हथियारबंद अपराधी घुस आए और दिन-दहाड़े अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सात लोग घायल हो गए। यह घटना ऐसे समय में हुई जब मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन हाई अलर्ट पर था, जिससे सुरक्षा व्यवस्था की प्रभावशीलता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

ये भी पढ़ें

जिसने कभी नीतीश को सत्ता से हटाने की कसम खाकर बांधा था मुरैठा, क्या अब उसी सम्राट के सिर सजेगा बिहार का ताज?

ऑफिस परिसर में चलीं गोलियां

जानकारी के अनुसार, मंगलवार को पीरो रजिस्ट्री ऑफिस में भारी भीड़ थी। भीड़ के बीच, जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। अचानक हालात बिगड़े और देखते ही देखते आरोपी सूरज राय ने अपनी लाइसेंसी बंदूक निकाली और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग इतनी तेज और ताबड़तोड़ थी कि लोगों को संभलने या कहीं छिपने का मौका भी नहीं मिला। पूरे इलाके में दहशत फैल गई और वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी अपने हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।

प्रॉपर्टी डीलर समेत चार की हालत गंभीर

इस गोलीबारी की घटना में कुल सात लोग घायल हुए, जिनमें से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों में प्रॉपर्टी डीलर और बलुआ टोला निवासी जितेंद्र यादव (उर्फ जीतू यादव), उनके भाई सत्येंद्र यादव, पिंटू कुमार और रितेश दुबे शामिल हैं। इन चारों की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है; आरा के एक निजी अस्पताल में शुरुआती इलाज के बाद, उन्हें आगे के इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है। बाकी तीन घायल व्यक्तियों का इलाज फिलहाल स्थानीय सदर अस्पताल में चल रहा है।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

गौरतलब है कि जिस परिसर में यह गोलीबारी हुई, वहां न केवल रजिस्ट्री ऑफिस है, बल्कि पास में अनुमंडल कार्यालय, पुलिस कार्यालय (SDPO ऑफिस) और अनुमंडल न्यायालय भी स्थित हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के मद्देनजर, जब पूरे जिले को प्रभावी रूप से एक पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था, ऐसे समय में हुई इस गोलीबारी ने प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था में मौजूद गंभीर खामियों को पूरी तरह से उजागर कर दिया है। दिनदहाड़े हुई इस गोलीबारी से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।

क्यों हुई फायरिंग

शुरुआती जांच से पता चला है कि यह पूरा झगड़ा महज 5 ​​कट्ठा जमीन के रजिस्ट्रेशन को लेकर हुए विवाद से शुरू हुआ था। पीरो के ASP कृष्ण कुमार सिंह के अनुसार, दोनों ही पक्ष जमीन के उसी टुकड़े को अपने-अपने नाम पर रजिस्टर्ड करवाना चाहते थे। पुलिस ने घटनास्थल से तीन खाली कारतूस बरामद किए हैं और आरोपियों को पकड़ने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया है। पुलिस फिलहाल आसपास के स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है और CCTV फुटेज की भी बारीकी से जांच की जा रही है।

आज 466 करोड़ की सौगात देंगे सीएम

इस वारदात के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार को अपनी समृद्धि यात्रा के तहत आरा पहुंचने वाले हैं। मुख्यमंत्री 197 करोड़ की 494 विकास योजनाओं का उद्घाटन करेंगे और 269 करोड़ की 227 नई परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। इसके अलावा, वे जनसंवाद कार्यक्रम के माध्यम से जनता से सीधा संवाद भी करेंगे। इस कार्यक्रम का आयोजन स्थल बाजार समिति में बनाया गया है और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। बहरहाल, इतनी बड़ी घटना का घटित होना कहीं न कहीं प्रशासनिक चूक की ओर इशारा करता है।

ये भी पढ़ें

आधी रात सीवान-पटना हाईवे पर मुठभेड़! फायरिंग कर भाग रहे थे लुटेरे, पुलिस ने दौड़ाकर पैर में मारी गोली

Also Read
View All

अगली खबर