पटना

Tourist Spot in Patna: पटना का 26 हजार साल पुराना गांधी सरोवर बनेगा नया पर्यटन केंद्र, 14 करोड़ की लागत से होगा भव्य विकास

Tourist Spot in Patna गांधी सरोवर में सुरक्षा और सुविधा के दृष्टिकोण से परिसर में सीसीटीवी कैमरे, सुरक्षा कर्मी, फूड प्लाजा, और पार्किंग जोन की व्यवस्था होगी। फूड प्लाजा में पारंपरिक और स्वादिष्ट पकवान परोसे जाएंगे, जिससे आने वाले पर्यटक बिहार के स्वाद का आनंद ले सकें।
2 min read
Oct 06, 2025
Feature image
गांधी सरोवर। फोटो - आईपीआरडी

Tourist Spot in Patna: पटना के ऐतिहासिक गांधी सरोवर (जिसे मंगल तालाब के नाम से भी जाना जाता है) को एक नए पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी पूरी हो गई है। करीब 26 हजार साल पुराने इस सरोवर को बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम द्वारा आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा। 25 एकड़ में फैले काजू के आकार वाले इस तालाब के सौंदर्यीकरण और पुनर्विकास पर लगभग 14.05 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। निगम के कार्यपालक अभियंता करुणेश कुमार सिंह के अनुसार, परियोजना को प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है और कार्य शीघ्र ही प्रारंभ किया जाएगा।

पर्यटकों के लिए बनेगा आकर्षक और मनोरंजक स्थल

यह क्षेत्र ऐतिहासिक महत्व रखता है, क्योंकि सरोवर के आसपास बिहार हितैषी पुस्तकालय और खानकाह इमादिया जैसे प्राचीन स्थल मौजूद हैं। तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए यह स्थान एक आकर्षक और मनोरंजक स्थल बनकर उभरेगा। यहां पन्ना लाल यादव मुक्ताकाश मंच और सरोवर के चारों ओर स्थित भवनों का जीर्णोद्धार कर उन्हें आमजन के उपयोग के लिए खोला जाएगा। बच्चों, युवाओं, महिलाओं और वृद्धों – सभी के लिए यह क्षेत्र एक आदर्श विश्राम और मनोरंजन स्थल बनेगा।

गांधी सरोवर में अब पर्यटक नौका विहार

गांधी सरोवर में अब पर्यटक नौका विहार, लेजर शो और म्युजिकल फव्वारे का आनंद उठा सकेंगे। यहां इको पार्क की तरह रंग-बिरंगी रोशनी वाला म्युजिकल झरना बनाया जाएगा, जो बिहार के लोकगीतों और भारतीय संगीत की धुनों पर थिरकेगा। सरोवर के चारों ओर दर्शकों के लिए आरामदायक गैलरी बनाई जाएगी। इसके अलावा, खुले आसमान के नीचे लेजर शो के माध्यम से बिहार की परंपरा, संस्कृति और गौरवशाली इतिहास की झलक दिखाई जाएगी।

स्वास्थ्यवर्धक और ज्ञानवर्धक स्थल के रूप में होगा विकसित

परियोजना के तहत गांधी सरोवर को एक स्वास्थ्यवर्धक और ज्ञानवर्धक स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। बच्चों के लिए पार्क, युवाओं के लिए ओपन जिम, और सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए जॉगिंग व वॉकिंग ट्रैक के साथ योग स्थल बनाया जाएगा। परिसर में रंग-बिरंगे फूलों वाला गार्डन, हर्बल उद्यान, और सांस्कृतिक मंच तैयार किए जाएंगे, जहां "शुक्र गुलजार" और "शनि बहार" जैसे कार्यक्रम आयोजित होंगे।

देशभक्ति की भावना को जगाएगा

प्रवेश द्वार पर 120 फीट ऊंचा तिरंगा फहराया जाएगा, जो देशभक्ति की भावना को जगाएगा और युवाओं को प्रेरित करेगा। पूर्वी प्रवेश द्वार पर पांच सुनहरी मछलियों की भव्य आकृति और उत्तर दिशा में उड़ान भरती तीन सुनहरी चिड़ियों की कलाकृति पर्यटकों को आकर्षित करेगी। दीवारों को कलात्मक रूप से सजाया जाएगा, जिससे पूरा परिसर सौंदर्य और संस्कृति का संगम बनेगा।

पर्यटक बिहार के स्वाद का ले सकेंगे आनंद

सुरक्षा और सुविधा के दृष्टिकोण से परिसर में सीसीटीवी कैमरे, सुरक्षा कर्मी, फूड प्लाजा, और पार्किंग जोन की व्यवस्था होगी। फूड प्लाजा में पारंपरिक और स्वादिष्ट पकवान परोसे जाएंगे, जिससे आने वाले पर्यटक बिहार के स्वाद का आनंद ले सकें। गांधी सरोवर का यह कायाकल्प न केवल पटना के पर्यटन को नई ऊंचाई देगा, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए भी यह एक खूबसूरत और शांति से भरपूर स्थल साबित होगा।

Updated on:
06 Oct 2025 10:36 am
Published on:
06 Oct 2025 10:36 am