पटना

बांकीपुर उपचुनाव: गिरिराज सिंह ने प्रशांत किशोर का बताया ‘ढपोरशंख’, कहा- सिर्फ जनता को डिस्टर्ब करेंगे PK

Bihar Politics: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने प्रशांत किशोर पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी उम्मीदवार की जीत तय है और प्रशांत किशोर केवल माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
2 min read
Jul 19, 2026
Giriraj Singh
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह (IANS)

Bankipur Bypoll: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर बिहार की सियासत गरमाई हुई है। इस बीच केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर पर हमला बोला है। गिरिराज सिंह ने प्रशांत किशोर को 'ढपोरशंख' बताया और दावा किया कि वे सिर्फ बांकीपुर के लोगों को गुमराह और डिस्टर्ब करने के लिए चुनावी मैदान में उतरे हैं। गिरिराज सिंह ने बांकीपुर चुनाव में एनडीए की जीत का दावा भी किया और राहुल गांधी एवं तेजस्वी यादव की गंभीरता पर सवाल उठाए।

200% जनता NDA के साथ है - गिरिराज

बीजेपी के गढ़ माने जाने वाले बांकीपुर विधानसभा सीट के राजनीतिक समीकरण पर भरोसा जताते हुए केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि यहां किसी नई पार्टी या चेहरे का जादू नहीं चलेगा। उन्होंने कहा कि बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में 200 प्रतिशत लोग नितिन नवीन के समर्थन में वोट डालेंगे। यहां के लोग किसी 'ढपोरशंख' (सिर्फ बड़ी-बड़ी बातें करने वाला) की बातों में नहीं आने वाले हैं। वह (प्रशांत किशोर) पहले ही सभी 242 सीटों पर चुनाव लड़ चुके हैं और जनता उन्हें उनकी असलियत दिखा चुकी है। अब एक सीट पर चुनाव लड़कर वह बांकीपुर की जनता और इस विधानसभा क्षेत्र के वोटरों को परेशान ही करेंगे।

गिरिराज सिंह ने कहा कि प्रशांत किशोर के पास जमीनी स्तर पर कोई समर्थन आधार नहीं है और वह बांकीपुर उपचुनाव को लेकर सिर्फ़ राजनीतिक 'हौवा' बनाने की कोशिश कर रहे हैं, जिसका जमीनी हकीकत से कोई लेना-देना नहीं है।

राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर भी तंज

प्रशांत किशोर के साथ-साथ गिरिराज सिंह ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) नेता तेजस्वी यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। बिहार में चल रही राजनीतिक हलचल और उपचुनाव के बीच मुख्य विपक्षी नेताओं की गैर-मौजूदगी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि सबसे दुखद बात यह है कि जब बिहार में इतनी बड़ी राजनीतिक लड़ाई चल रही है, तब सुनने में आ रहा है कि तेजस्वी यादव विदेश में घूम रहे हैं। असल में ये लोग बड़े बाप के बेटे हैं। ये कोई गंभीर राजनेता नहीं हैं, बल्कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव जैसे लोग केवल सीजनल पॉलिटिशियन हैं जो सिर्फ चुनाव के वक्त दिखाई देते हैं और बाकी समय गायब रहते हैं।

30 जुलाई को वोटिंग, 3 अगस्त को रिजल्ट

गौरतलब है कि बांकीपुर विधानसभा सीट वर्तमान में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद खाली हुई है, वो यहां से लगातार पांच बार विधायक रहे हैं। भाजपा ने इस सीट से नीरज सिन्हा को चुनावी मैदान में उतारा है। वहीं, जन सुराज के प्रशांत किशोर खुद इस सीट से उम्मीदवार के रूप में ताल ठोक रहे हैं, जबकि राजद से रेखा गुप्ता मैदान में हैं, जिससे यहां का मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है। इस उपचुनाव के लिए आगामी 30 जुलाई 2026 को मतदान होना है, जबकि इसके नतीजों की घोषणा 3 अगस्त 2026 को की जाएगी।

Updated on:
19 Jul 2026 06:36 pm
Published on:
19 Jul 2026 06:23 pm