पटना

केरल में तेजस्वी यादव के बयान पर बिहार में विवाद, JDU बोली- आपके मां-बाप ने ही खजाना लूटा

चुनाव प्रचार के लिए केरल पहुंचे तेजस्वी यादव द्वारा बिहार को देश का सबसे गरीब राज्य बताए जाने से बिहार में विवाद चिद गया है। इस बयान को 14 करोड़ बिहारियों के स्वाभिमान पर चोट बताते हुए जदयू ने तेजस्वी और उनके परिवार पर तीखा हमला बोला है।

2 min read
Apr 01, 2026
केरल में चुनाव प्रचार करते तेजस्वी यादव (फोटो- X@Teajshwi Yadav)

बिहार के नेता प्रतिपक्ष और RJD के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव इन दिनों LDF उम्मीदवारों के समर्थन में केरल में चुनाव प्रचार कर रहे हैं। बुधवार को कोझिकोड में उन्होंने बिहार और केरल के विकास मॉडलों की तुलना की और बिहार को देश का सबसे गरीब राज्य बताया। इस बयान के बाद, बिहार की सत्ताधारी पार्टी जदयू ने तेजस्वी पर तीखा हमला बोला है और उनसे सार्वजनिक माफी की मांग की है।

ये भी पढ़ें

अनंत सिंह ने की शराबबंदी खत्म करने की मांग, तो दिलीप जायसवाल ने कहा- बोलने से पहले अच्छाई देखें

केरल विकसित, बिहार सबसे गरीब: तेजस्वी यादव

कोझिकोड में मीडिया से बात करते हुए तेजस्वी यादव ने दावा किया कि बिहार देश का सबसे गरीब राज्य है, जबकि इसकी तुलना में केरल एक विकसित राज्य है। उन्होंने आगे कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्रों में बिहार को केरल से सीखने की जरूरत है। इसके अलावा उन्होंने विश्वास जताया कि LDF एक बार फिर सत्ता में वापसी करेगी। JDU ने तेजस्वी यादव के इस बयान को बिहार की वैश्विक छवि को धूमिल करने का प्रयास बताया है।

उमेश कुशवाहा का पलटवार

तेजस्वी यादव के बयान पर आपत्ति जताते हुए JDU के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि केरल की धरती पर खड़े होकर बिहार का अपमान करना शर्मनाक है। सीधा हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि बिहार को गरीब बताने से पहले, तेजस्वी को अपने गिरेबान में झांक कर देखना चाहिए। उन्होंने आगे कहा की कि तेजस्वी यादव यह बताएं कि उनके माता-पिता लालू यादव और राबड़ी देवी ने अपने शासनकाल के दौरान बिहार के खजाने को लूटकर अपनी तिजोरियां कैसे भरी थीं।

नीतीश कुमार ने सुशासन की एक नई पटकथा लिखी

उमेश कुशवाहा ने कहा कि ऐसे बयान देने से पहले तेजस्वी को अपने परिवार के शासनकाल को याद करना चाहिए। 2005 से पहले बिहार की स्थिति बेहद खराब थी और इसे बीमारू राज्य के रूप में पहचाना जाता था। लेकिन जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सत्ता में आए, तो उसके बाद बिहार में सुशासन की एक नई कहानी लिखी गई।

उमेश कुशवाहा ने आंकड़ों के साथ दिया जवाब

कुशवाहा ने कहा कि 2005 में बिहार की साक्षरता दर लगभग 47% थी, जो अब बढ़कर 79% हो गई है। 2005 में बिहार का बजट महज 23,000 करोड़ था, आज यह बढ़कर 3.47 लाख करोड़ से ज्यादा है। RJD शासन के दौरान, प्रति व्यक्ति आय 7,449 रुपये थी, जो अब बढ़कर 69,321 हो गई है। बिहार की विकास दर 7.78% से बढ़कर आज 13.09% तक पहुंच गया है, जो कई विकसित राज्यों से भी बेहतर है।

तेजस्वी यादव ने बिहारियों के स्वाभिमान को ठेस पहुंचाई- JDU

कुशवाहा ने कहा कि बिहार को गरीब राज्य कहना, यहां के 14 करोड़ निवासियों के आत्म-सम्मान का अपमान है। कुशवाहा ने आरोप लगाया कि तेजस्वी यादव लगातार ऐसे लोगों के साथ खड़े होते हैं जो बिहार की बुराई करते हैं। उन्होंने याद दिलाया कि चुनाव के दौरान तेजस्वी ने DMK नेताओं के साथ मंच भी साझा किया था, जिन्होंने बिहारियों का अपमान किया था। JDU ने मांग की है कि तेजस्वी यादव इस अपमानजनक टिप्पणी के लिए बिहार की जनता से तुरंत माफी मांगें।

केरल में RJD का चुनाव प्रचार

बता दें कि केरल की 140-सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान 9 अप्रैल को होना है। यहां तेजस्वी यादव की पार्टी राजद LDF गठबंधन के साथ मिलकर तीन सीटों पर चुनाव लड़ रही है। केरल के मुख्यमंत्री पिनरई विजयन ने भी तेजस्वी के समर्थन के लिए उनका आभार व्यक्त किया है।

ये भी पढ़ें

Viral Video: नशे में धुत डॉक्टर साहब का ड्रामा, अर्धनग्न हालत में बदन चाटता रहा कुत्ता; सिविल सर्जन ने पद से हटाया

Also Read
View All

अगली खबर