
Lichchvi Express Viral Video:बिहार के सीतामढ़ी से दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल तक ट्रेन नंबर 14005 (लिच्छवी एक्सप्रेस) में यात्रा कर रहे एक यात्री के लिए पैंट्री कार के कर्मचारियों से खाने का बिल मांगना इतना खतरनाक साबित हुआ कि उसकी जान ही खतरे में पड़ गई। यात्री ने जब खाने की रसीद मांगी, तो पैंट्री का कर्मचारी गुस्से से आग-बबूला हो गया और उसे चलती ट्रेन से बाहर फेंकने की धमकी दे डाली। जिसके बाद यात्री ने सोशल मीडिया एक्स पर वीडियो, अपना PNR नंबर और अपने कोच की पूरी जानकारी साझा की और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों व RPF से तत्काल सुरक्षा की गुहार लगाई।
सीतामढ़ी के रहने वाले सौरभ कुमार 27 मई की देर रात लिच्छवी एक्सप्रेस से दिल्ली की यात्रा कर रहे थे। यात्रा के दौरान, उन्होंने कोच S-6 में अपनी बर्थ पर पैंट्री कार के एक कर्मचारी से खाना खरीदा। खाने का ज्यादा पैसे लिए जाने पर आपत्ति जताते हुए, उन्होंने रेलवे के नियमों के अनुसार बिल की मांग की। यह मामूली सी मांग पैंट्री के कर्मचारियों को इस हद तक भड़का गई कि वे सीधे यात्री से भिड़ गए और दादागिरी व धमकाने पर उतर आए। सौरभ को धमकाते और डराते हुए पैंट्री स्टाफ ने कहा, 'बिल मांगा तो तुम्हें इस ट्रेन से बाहर फेंकने में मुझे एक सेकंड भी नहीं लगेगा, बता दे रहा हूं।'
पैंट्री कार के स्टाफ के रवैये से यात्री सौरभ कुमार बुरी तरह से सहम गए। रात का समय होने की वजह से अपनी सुरक्षा को लेकर उन्होंने तुरंत रेलवे सुरक्षा हेल्पलाइन (182) पर कॉल करके अपनी शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद सौरभ ने अपने सोशल मीडिया से भी एक पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने देश के रेल मंत्रालय, रेल सेवा और RPF को टैग किया।
सौरभ ने पोस्ट में लिखा, 'लिच्छवी एक्सप्रेस (14005) में ज्यादा पैसे लेने की शिकायत करने पर, एक वेंडर ने मुझे ट्रेन से नीचे फेंकने की धमकी दी। 182 पर शिकायत दर्ज करा दी गई है, फिर भी असुरक्षित महसूस कर रहा हूं। वीडियो सबूत मौजूद है। कृपया अगले स्टेशन पर RPF के जवानों को भेजकर तुरंत कार्रवाई करें।'
इस शिकायत के साथ, सौरभ ने अपने मोबाइल फोन पर रिकॉर्ड किया गया एक वीडियो भी शेयर किया, जिसमें पैंट्री स्टाफ को साफ तौर पर अपनी हदें पार करते हुए, मनमानी करते हुए और बेहद धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल करते हुए देखा जा सकता है। उन्होंने अपना PNR नंबर और कोच नंबर भी शेयर किया।