केरल में तेजस्वी यादव के एक बयान ने बिहार में एक नया विवाद खड़ा कर दिया है। बिहार को एक गरीब राज्य बताने के लिए NDA के नेता तेजस्वी यादव पर लगातार हमला बोल रहे हैं।
केरल विधानसभा चुनाव के प्रचार के लिए पहुंचे आरजेडी के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव के एक बयान ने बिहार का सियासी पारा हाई कर दिया है। कोझिकोड में मीडिया से बात करते हुए तेजस्वी ने बिहार को देश का सबसे गरीब राज्य बताया और केरल के विकास मॉडल की जमकर तारीफ की। इस बयान को बिहार के अपमान से जोड़ते हुए बीजेपी और जेडीयू ने तेजस्वी पर तीखे हमले किए हैं।
जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने तो तेजस्वी यादव को इंटरस्टेट पॉलिटिकल क्रिमिनल करार दिया। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव बिहार की छवि को दूसरे राज्यों में खराब कर रहे हैं और यह किसी भी हालत में स्वीकार्य नहीं है। नीरज कुमार ने आगे कहा कि तेजस्वी यादव केरल में गौतम बुद्ध और आर्यभट्ट का संदेश लेकर जाने के बजाय लालू यादव के भ्रष्टाचार की विरासत लेकर गए हैं।
नीरज कुमार ने तंज कसते हुए कहा, 'तेजस्वी यादव आप फेलसवी हो सकते हैं। आप पढ़ाई में भी फेल रहे और क्रिकेट में भी फेल। जो खुद हर क्षेत्र में विफल रहा हो, वह बिहार के विकास पर सवाल उठाने की हिमाकत कैसे कर सकता है?' नीरज कुमार ने आगे कहा कि जो जैसा अन्न खाएंगे, वैसा ही दिमाग होगा। भ्रष्टाचारियों की कमाई खाने वालों को बिहार का विकास नहीं दिखता। आज बिहार ने सड़कों, पुलों और पुलिस में बेटियों की भागीदारी के जरिए विकास की नई पटकथा लिख दी है।
बीजेपी के प्रवक्ता नीरज कुमार ने भी तेजस्वी के बयान को बिहारी अस्मिता पर चोट बताया। उन्होंने कहा कि पूरे लालू परिवार का काम ही है बिहार को बदनाम करना। जिस तरह राहुल गांधी विदेश जाकर भारत की छवि खराब करते हैं, उसी तरह तेजस्वी दूसरे राज्यों में जाकर बिहार का मजाक उड़ा रहे हैं।
बीजेपी प्रवक्ता ने आदेशात्मक लहजे में कहा, 'तेजस्वी यादव बिहार की जनता से माफी मांगें, बिहार तब गरीब था जब आपके माता-पिता का राज था। आज बिहार हर क्षेत्र में राष्ट्रीय औसत से बेहतर काम कर रहा है।' नीरज कुमार ने तेजस्वी को घेरते हुए कहा कि वे एक विफल नेता, विफल भाई और विफल बेटे हैं। जो अपना दल और परिवार नहीं बचा सके, वे बिहार की अस्मिता की रक्षा क्या करेंगे?
इससे पहले जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने भी तेजस्वी को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि बिहार को गरीब बताने से पहले तेजस्वी को अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। उनके माता-पिता ने 15 सालों तक सत्ता में रहकर बिहार के खजाने को लूटा और अपनी तिजोरियां भरीं। कुशवाहा ने आंकड़ों के साथ दावा किया कि नीतीश कुमार के शासन में बिहार का बजट 23 हजार करोड़ से बढ़कर 3.47 लाख करोड़ हो गया है।
बता दें कि केरल में वामपंथी गठबंधन (LDF) के समर्थन में प्रचार करने पहुंचे तेजस्वी यादव ने मीडिया से बात करते हुए कहा था कि बिहार देश का सबसे गरीब राज्य है, जबकि केरल एक विकसित राज्य है। उन्होंने केरल के स्वास्थ्य और शिक्षा मॉडल की मिसाल देते हुए बिहार की वर्तमान स्थिति पर सवाल उठाए थे।