पटना

‘राम खेले होली…’ गाने पर झूमे नितिन नवीन, BJP कार्यकर्ताओं ने खेली कुर्ता फाड़ होली; अध्यक्ष ने बरसाए फूल

Holi 2026: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ होली खेली। इस दौरान वे झूमते और फूल बरसाते दिखे। उनके जाने के बाद मिलन समारोह में कार्यकर्ताओं भी अपने कुर्ते फाड़ होली खेली।

2 min read
Mar 03, 2026
holi 2026, nitin naveen, holi milan samaroh
होली मिलन समारोह

Holi 2026: बिहार की राजधानी पटना आज पूरी तरह होली के रंगों में डूबी हुई थी। मौका था दीघा से भाजपा विधायक संजीव चौरसिया की तरफ से आयोजित होली मिलन समारोह का, जहां राजनीतिक माहौल भी रंगों, गुलाल और संगीत से गुलजार था। कार्यक्रम के दौरान, अपने गृह राज्य बिहार में मौजूद BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने न सिर्फ पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ होली खेली, बल्कि अपने देसी अंदाज से सबका दिल भी जीत लिया। वह मंच से पटना में राम खेले होली… गाने पर तालियां बजाते, नाचते और फूल बरसाते दिखे।

आज कोई भाषण नहीं, बस गाने सुनें

पटना के बेली रोड में आयोजित इस मिलन समारोह में जैसे ही नितिन नवीन पहुंचे, पार्टी कार्यकर्ताओं का जोश सातवें आसमान पर पहुंच गया। जब पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनसे कुछ कहने का आग्रह किया, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, "आज होली है और होली पर भाषण नहीं, गाने सुनने चाहिए। तो, आज बस गानों का आनंद लें।" जब स्टेज पर पारंपरिक गाना "पटना में राम खेले होली…" बजा, तो नितिन नवीन मंत्रमुग्ध हुए बिना नहीं रह सके। वे नाचते, ताली बजाते और नीचे खड़े कार्यकर्ताओं पर फूल बरसाते दिखे। इस दौरान उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, मंत्री दिलीप जायसवाल और सांसद रविशंकर प्रसाद समेत तमाम भाजपा नेता मौजूद थे।

जब 'फोटोग्राफर' बने नितिन नवीन

कार्यक्रम के दौरान एक बहुत ही दिल को छू लेने वाली घटना हुई। स्टेज के नीचे खड़ी महिला कार्यकर्ताओं ने नितिन नवीन से फोटो के लिए रिक्वेस्ट करते हुए कहा, "भैया, फोटो खिंचवाकर ही जाइएगा।" नितिन नवीन ने हल्की मुस्कान के साथ जवाब दिया, "अपना मोबाइल फोन दीजिए मैं ऊपर से सेल्फी ले लूंगा।" उन्होंने स्टेज से कार्यकर्ताओं के फोन लिए और फोटो खींचे, अपनी सादगी से वहां मौजूद सभी को इम्प्रेस किया।

कार्यकर्ताओं की कुर्ता-फाड़ होली

नितिन नवीन के कार्यक्रम से जाने के बाद होली मिलन का जश्न और तेज हो गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाया और देखते ही देखते माहौल तुरंत कुर्ता-फाड़होली में बदल गया। ढोल की थाप पर कार्यकर्ताओं ने डांस किया और जीत के नारे लगाए।

बिहार आए बिना होली अधूरी

मीडिया से बातचीत करते हुए नितिन नवीन भावुक दिखे। उन्होंने कहा, "होली का पर्व बिहार आए बिना पूरा नहीं हो सकता। अपने घर, परिवार और अपने क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के साथ होली मनाने का आनंद ही अद्भुत है। यह त्योहार खुशियों और भाईचारे का प्रतीक है। मेरी कामना है कि बिहार अच्छाई और विकास की राह पर और तेजी से आगे बढ़े।"

सांसद रविशंकर प्रसाद ने भी इस मौके पर अपनी शुभकामनाएं साझा कीं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का बिहार आकर कार्यकर्ताओं के साथ इस तरह प्रेम से होली मनाना यह दर्शाता है कि भाजपा एक परिवार की तरह है।

बिहार सरकार में मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा, "हर साल विधायक संजीव चौरसिया होली मिलन का आयोजन करते हैं। इस बार भी व्यापक पैमाने पर होली मिलन हुआ। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि नितिन नवीन जी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार यहां आए हैं।"

Published on:
03 Mar 2026 07:09 pm