पटना

पप्पू यादव ने सम्राट चौधरी को बताया लफुआ, कहा- हमें मरवा दीजिए, अगर बिहार…

Bihar Politics: पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के बयान पर पलटवार किया है। पप्पू यादव ने तंज कसते हुए कहा कि अगर फाइल है तो ब्लैकमेल करने के बजाय स्पीडी ट्रायल कराकर सजा दिलाएं। 

2 min read
Feb 26, 2026
Feature image
पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव। फोटो- IANS

Bihar Politics: बिहार विधानसभा के बजट सत्र के दौरान डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी का एक बयान अब राज्य की सबसे बड़ी पॉलिटिकल लड़ाई बन गया है। उन्होंने विपक्ष और क्रिमिनल्स को चेतावनी दी कि उनके पास सबके खिलाफ फाइल है और वे हर एक से निपटेंगे। पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने इस बयान की कड़ी आलोचना करते हुए इसे ब्लैकमेलर की भाषा बताया।

फाइल है तो स्पीडी ट्रायल कराओ - पप्पू यादव

पप्पू यादव ने सम्राट चौधरी का नाम लिए बिना सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पलटवार करते हुए कहा कि अगर सरकार के पास किसी के गलत कामों की फाइल है तो उसका इस्तेमाल इंसाफ के लिए होना चाहिए, डराने-धमकाने के लिए नहीं।

उन्होंने लिखा, "विधानसभा में कहा गया सबकी फाइल है, अगर फाइल है तो क्या ब्लैकमेलिंग के लिए है? अगर किसी के कुकर्मों की फाइल है तो स्पीडी ट्रायल कराओ, सजा दो, संपत्ति जब्त करो! ब्लैकमेलर की जुबान मत बोलो! अब बोरिंग रोड के लफुआ की मानसिकता से बाहर निकलो, संवैधानिक पद पर हो, जिम्मेदार बनो।"

सुरक्षा में कटौती पर छलका दर्द

पिछले कुछ दिनों से अपनी सुरक्षा में कटौती को लेकर सरकार की आलोचना कर रहे पप्पू यादव इमोशनल हो गए और कहा कि सरकार उन्हें टारगेट कर रही है। सम्राट चौधरी के बयान पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा, "हमें मरवाकर और सुरक्षा छीनकर क्या करेंगे? हमारे मरने से अगर बिहार सुधर जाए, तो मरवा दीजिए। अगर पप्पू यादव को जेल भेजने से अपराध और बलात्कार रुक जाए, तो बताइए हम कहां आ जाएं? हम वहीं आ जाएंगे।"

पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि उन्हें लॉरेंस बिश्नोई गैंग से धमकियां मिलीं, जिसके बाद उन्हें सिक्योरिटी दी गई, लेकिन अब बदले की भावना से इसे कम कर दिया गया है। उन्होंने DGP पर उनका फोन न उठाने का भी आरोप लगाया, इसे एक सांसद का अपमान बताया।

सम्राट चौधरी का वह बयान जिससे विवाद खड़ा हुआ

गौरतलब है कि विधान मंडल में चर्चा के दौरान सम्राट चौधरी ने कहा था, "मेरे पास सबके रिकॉर्ड हैं। जो भी गलत करेगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा। मैं टारगेट पर हूं, लेकिन मैं हर एक का इलाज करूंगा।" सम्राट चौधरी ने यह भी कहा कि बिहार पुलिस को देखकर क्रिमिनल बीमार होने का नाटक कर रहे हैं। पप्पू यादव ने मजाक उड़ाते हुए कहा कि सत्ता अब "बंदर के हाथ में नारियल" जैसी हो गई है।

एक ही जाति को टारगेट करने का आरोप

पप्पू यादव ने सरकार पर एक खास जाति को टारगेट करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि क्रिमिनल सिर्फ क्रिमिनल होता है और उसे किसी जाति से नहीं जोड़ना चाहिए। उन्होंने रूपेश मर्डर केस और खेमका मर्डर केस जैसे हाई-प्रोफाइल मामलों की CBI जांच की मांग करते हुए कहा कि वह इन मामलों को हाई कोर्ट ले जाएंगे।

Updated on:
26 Feb 2026 08:38 pm
Published on:
26 Feb 2026 06:23 pm