पटना

DGP को रोज भेजता हूं प्रोग्राम, फिर फरार कैसे? पप्पू यादव का पटना SSP को पत्र

पप्पू यादव की जमानत याचिका पर आज सुनवाई होनी है। इससे पहले उन्होंने अपने खिलाफ कुर्की-जब्ती आदेश पर एक बड़ा सवाल खड़ा किया है।
2 min read
Feb 10, 2026
pappu yadav news
पूर्णिया सांसद पप्पू यादव (फोटो-PTI)

पप्पू यादव ने कोर्ट से जारी कुर्की-जब्ती आदेश पर सवाल खड़ा किया है। उन्होंने कहा है कि कोर्ट मुझे फरार बता रही है। जबकि पटना पुलिस के पास मेरी हर जानकारी उपलब्ध है। उन्होंने इसको लेकर पटना एसएसपी को लिखा एक पत्र भी शेयर किया है। पत्र शेयर कर पप्पू यादव ने अपनी फरारी पर सवाल खड़े किए हैं। पप्पू यादव के सचिव ने कहा कि सांसद का हर क्षण सार्वजनिक है। सांसद के पटना प्रवास के दौरान प्रतिदिन उनका प्रोग्राम बिहार के DGP और पटना के SSP को सुरक्षा प्रबंध हेतु भेजा जाता है। तो फिर वे पटना पुलिस की नजर में फरार कैसे हो सकते हैं। हालांकि सांसद पप्पू यादव की जमानत याचिका पर आज सुनवाई होनी है।

क्या है कोर्ट का आदेश

कोर्ट के आदेश के बाद भी उपस्थित नहीं होने पर पूर्णिया सांसद पप्पू यादव समेत तीन लोगों के खिलाफ कोर्ट ने कुर्की-जब्ती का आदेश जारी किया था। कोर्ट ने पप्पू यादव समेत तीनों पर धोखाधड़ी कर मकान किराए पर लेने के आरोप मामले की सुनवाई के दौरान ये आदेश जारी किया है। कोर्ट के आदेश पर इससे पहले भी तीनों की उपस्थिति के लिए गिरफ्तारी का वारंट और इश्तिहार जारी किया गया था। इस मामले में सांसद के अलावा शैलेंद्र प्रसाद और चंद्र नारायण प्रसाद नामजद हैं, जिन्हें कोर्ट की कार्रवाई में शामिल नहीं होने का दोषी माना गया है।

क्या है मामला?

यह मामला वर्ष 1995 से जुड़ा है। पटना के गर्दनीबाग थाने में दर्ज शिकायत में शिकायतकर्ता विनोद बिहारी लाल ने सभी पर आरोप लगाया था कि उनके मकान को धोखे से किराए पर लिया गया। मकान मालिक का आरोप है कि मकान रहने के लिए लिया गया था, लेकिन मकान का इस्तेमाल सांसद का ऑफिस चलाने के लिए किया जा रहा है। मकान को किराए पर लेते वक्त इस बात को छिपाया गया था।

पप्पू यादव ने कार्रवाई पर उठाए सवाल

पटना पुलिस ने कोर्ट की ओर से जारी आदेश के बाद पप्पू यादव को उनके पटना स्थित आवास से 06 फरवरी की देर रात गिरफ्तार कर लिया। 31 साल पुराने मामले में कोर्ट के आदेश पर पप्पू यादव का कहना था कि कोर्ट का सम्मान करते हुए मैं अभी थोड़ी देर पहले ही पटना आया हूं, मेरे पटना पहुंचते ही पुलिस आई और मुझे से कहा कि आप पर वारंट है। चलिए मेरे साथ। पप्पू यादव ने पटना पुलिस के सादे लिबास में आए कुछ पुलिस अधिकारियों के साथ जाने से इन्कार करने पर बवाल शुरू हो गया था। पप्पू यादव ने कहा कि मुझे आशंका है कि मेरी हत्या की साजिश रची गई है।' इसके बाद पप्पू यादव और उनके समर्थकों के बीच जमकर हंगामा हुआ था।

आज होनी है सुनवाई

बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव की जमानत याचिका पर आज सुनवाई हो सकती है। पप्पू यादव गिरफ्तारी के बाद से पटना के बेऊर जेल में बंद हैं। हालांकि पप्पू यादव की जमानत याचिका पर सोमवार को ही सुनवाई होनी थी। लेकिन, सोमवार को अचानक पटना सिविल कोर्ट में बम रखने सूचना मिलने की वजह से यह सुनवाई मंगलवार के लिए टल गई थी।

Updated on:
10 Feb 2026 10:24 am
Published on:
10 Feb 2026 10:23 am