पटना

पटना होटल कांड में खुलासा: पहले 2 घंटे डांसरों संग चली पार्टी, फिर छात्रा के कमरे में जा घुसा कर्मचारी

Patna Hotel Case: पटना के एक होटल में बेगूसराय की छात्रा से हुई छेड़खानी के मामले में पुलिस एक खुलासा किया है। वारदात वाली रात छात्रा के कमरे में घुसने से पहले होटल में रात 10.30 से 12.30 बजे तक यूपी, बंगाल और हरियाणा की लड़कियों के साथ होटल कर्मियों की डांस और नशा पार्टी चली थी। 
3 min read
May 27, 2026
patna hotel case
इसी होटल में छात्रा से हुई थी छेड़छाड़

Patna Hotel Case: बिहार की राजधानी पटना के रूपसपुर थाना क्षेत्र में RPS लॉ कॉलेज रोड पर स्थित एक होटल में बेगूसराय की एक छात्रा के साथ हुई छेड़छाड़ के मामले में पुलिस की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, होटल के अंदर हुई घटना की सच्चाई धीरे-धीरे सामने आ रही है। पटना पुलिस की जांच से पता चला है कि घटना वाली रात (22 मई) पीड़ित छात्रा के कमरे में उसके साथ छेड़छाड़ होने से पहले, होटल के अंदर लगभग दो घंटे तक शराब और डांस की पार्टी चली थी। इस पार्टी में न केवल होटल के कर्मचारी शामिल थे, बल्कि दूसरे राज्यों से लाई गई लड़कियां भी शामिल थीं।

छेड़छाड़ से पहले 2 घंटे तक चली पार्टी

पुलिस की जांच में पता चला है कि जिस रात छेड़छाड़ की घटना हुई, उस रात को होटल में एक जन्मदिन पार्टी भी आयोजित की गई थी। इस पार्टी की आड़ में होटल के अंदर रात लगभग 10:30 बजे से 12:30 बजे तक डांस पार्टी चलती थी। महफिल को रंगीन बनाने के लिए पश्चिम बंगाल, गोरखपुर (UP) और हरियाणा से लड़कियां बुलाई गई थीं।

जांच में आगे यह भी पता चला है कि डांसर लड़कियों में से एक हरियाणा की रहने वाली है, जो ब्यूटीशियन का काम करती है। ये सभी लड़कियां नशे की हालत में थीं और डांस पार्टी खत्म होने के बाद वे होटल के अलग-अलग कमरों में चली गईं। पुलिस अब इस बात का पता लगाने में जुटी है कि आखिर इन लड़कियों को बाहर के राज्यों से होटल में किसने और किस मकसद से बुलाया था।

पार्टी खत्म होने के बाद छात्रा के कमरे में पहुंच गया कर्मचारी

होटल के अंदर चल रही पार्टी रात 12:30 बजे खत्म हो गई। ठीक 18 मिनट बाद रात 12:48 बजे नशे में धूत होटल का एक कर्मचारी कमरा नंबर 103 में घुस गया। यह वही कमरा था जिसमें पीड़ित छात्रा और उसके पिता ठहरे हुए थे। कमरे में घुसने के बाद कर्मचारी छात्रा के साथ छेड़छाड़ करने लगा और उसे जबरदस्ती बिस्तर से खींचकर कमरे से बाहर निकालने की कोशिश भी की।

छात्रा की चीख-पुकार सुनकर, पास ही सो रहे उसके पिता तुरंत जाग गए। एक पल भी बर्बाद किए बिना पिता ने अपनी बेटी को उस दरिंदे के चंगुल से छुड़ा लिया। इसके बाद पिता ने अपने मोबाइल फोन पर आरोपी का एक वीडियो भी अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो इस मामले में अब सबूत के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा है।

शराब की बोतलें और यौनवर्धक दवाएं बरामद

पिता ने पुलिस को फोन करके तिरंत मामले की सूचना दी। सूचना मिलते ही रात में लगभग 1:15 बजे रूपसपुर थाने की पुलिस टीम भारी संख्या में होटल पहुंची और कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने छानबीन के दौरान होटल की तलाशी भी ली, जिसमें पुलिस को भारी मात्रा में विदेशी शराब की बोतलें बरामद हुईं। इतना ही नहीं पुलिस ने होटल परिसर से यौन शक्ति बढ़ाने वाली दवाएं और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बड़ी मात्रा में जब्त की।

तीन आरोपी गिरफ्तार

पीड़ित छात्रा के पिता द्वारा दर्ज कराई गई लिखित शिकायत और उनके द्वारा रिकॉर्ड किए गए वीडियो सबूतों के आधार पर कार्रवाई करते हुए रूपसपुर पुलिस ने तीनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें जेल भेज दिया है। पुलिस फिलहाल इस मामले में स्पीडी ट्रायल के माध्यम से आरोपियों को जल्द से जल्द सजा दिलवाने की तैयारी कर रही है। इसके अलावा, शराबबंदी कानूनों का उल्लंघन करने और अनैतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के आरोपों के तहत, होटल का लाइसेंस स्थायी रूप से रद्द करने और पूरे परिसर को पूरी तरह से सील करने के लिए कानूनी कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।

Updated on:
27 May 2026 02:26 pm
Published on:
27 May 2026 02:26 pm