
लालू यादव के साथ रोहिणी आचार्य और तेज प्रताप यादव
Iraj Lalu Yadav birthday: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) को मिली करारी हार के बाद लालू प्रसाद यादव का परिवार पहली बार कोई बड़ा कार्यक्रम आयोजित करने जा रहा है। मौका है राजद सुप्रीमो लालू यादव के पोते और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बेटे इराज लालू यादव के पहले जन्मदिन का, जिसके लिए पूरा परिवार उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एकजुट हो रहा है। 27 मई 2025 को कोलकाता में जन्मे इराज के इस पहले जन्मदिन को बेहद आलीशान और भव्य तरीके से लालू परिवार की चौथे नंबर की बेटी रागिनी यादव और दामाद राहुल यादव (सपा के पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव के बेटे) के गाजियाबद स्थित आवास 'रागिनी विला' में मनाया जा रहा है।
देश के कई जाने-माने नेताओं को इस हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है। हालांकि, इन सबके बीच सबसे ज्यादा चर्चा लालू परिवार के दो सदस्यों तेज प्रताप यादव और रोहिणी आचार्य को लेकर हो रही हैं। सवाल यही है कि परिवार से नाराज चल रहे ये दोनों सदस्य अपने भतीजे की जन्मदिन की पार्टी में शामिल होंगे या नहीं।
बिहार में सत्ता गंवाने के बाद यह कार्यक्रम लालू प्रसाद यादव के लिए राष्ट्रीय मंच पर अपने राजनीतिक रसूख और मजबूत नेटवर्क को दिखाने का एक महत्वपूर्ण जरिया बनकर उभरा है। इस शुभ अवसर पर तेजस्वी यादव ने देश भर की 10 प्रमुख विपक्षी पार्टियों के शीर्ष नेताओं को निमंत्रण भेजा है। आमंत्रित लोगों में प्रमुख हस्तियों में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सोनिया गांधी, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, आम आदमी पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी सहित कई अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हैं।
राजनीतिक दिग्गजों के जमावड़े के अलावा इस समय चर्चा का सबसे बड़ा विषय लालू परिवार के अंदरूनी समीकरण हैं। लालू के सबसे बड़े बेटे और पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव इस समय पार्टी और परिवार दोनों से अलग-थलग हैं। दरअसल, बिहार विधानसभा चुनावों से ठीक पहले, अनुष्का यादव से जुड़े एक विवाद के बाद RJD सुप्रीमो लालू यादव ने तेज प्रताप को परिवार और पार्टी दोनों से निकाल दिया था। इसके बाद, तेज प्रताप ने अपनी एक अलग पार्टी बनाई जिसका नाम जनशक्ति जनता दल रखा और विधानसभा चुनाव भी लड़ा।
लेकिन अब अपने भतीजे इराज के पहले जन्मदिन के इस खास मौके पर तेज प्रताप यादव अपने सारे गिले-शिकवे भुलाकर पटना से गाजियाबाद के लिए रवाना हो चुके हैं। रागिनी विला में जब तेज प्रताप और तेजस्वी आमने-सामने होंगे, तो यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या इस जन्मदिन के बहाने दोनों भाइयों के रिश्ते दोबारा सामान्य हो पाते हैं या नहीं।
तेज प्रताप से भी ज्यादा सस्पेंस लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य को लेकर बना हुआ है, जिसने पिता को अपनी किडनी देकर नया जीवन दिया था। विधानसभा चुनावों में RJD की करारी हार के बाद, कथित तौर पर राबड़ी देवी के सरकारी आवास पर भाई-बहनों और परिवार के सदस्यों के बीच हार के कारणों को लेकर तीखी बहस हुई थी। आरोप है कि रोहिणी आचार्य ने तेजस्वी यादव के सबसे करीबी सहयोगियों, सलाहकार और पार्टी सांसद संजय यादव और साथ ही रमीज पर उंगली उठाई थी, जिसे लेकर विवाद बेहद बढ़ गया था। जिसके बाद रोहिणी ने परिवार और राजनीति से दूरी बनाने का ऐलान कर दिया था।
वस वक्त राबड़ी आवास छोड़ने के बाद रोहिणी ने पटना एयरपोर्ट पर रोते हुए गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने दावा किया था कि उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया और उन पर चप्पल भी फेंकी गई। इस गहरी तनातनी को देखते हुए, लालू प्रसाद यादव ने खुद अपनी बेटी रोहिणी को फोन किया और अपने पोते के जन्मदिन के जश्न में शामिल होने के लिए उन्हें खास तौर पर आमंत्रित किया। लेकिन, इस बात पर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है कि रोहिणी आज के भव्य समारोह में शामिल होंगी या नहीं।
इराज लालू यादव के पहले जन्मदिन को सचमुच यादगार बनाने की तैयारियों में कोई कसर नहीं छोड़ी गई है। पूरे रागिनी विला को एक शानदार जंगल सफारी थीम पर सजाया गया है। मेहमानों को भेजे गए निमंत्रण पत्रों पर भी बाघों और जंगल की तस्वीर बनी हुई है। बच्चों के मनोरंजन के लिए एक फन जोन बनाया गया है। जहां तक खाने की बात है, तो मेहमानों के लिए बिहारी व्यंजनों के साथ-साथ कई तरह के स्वादिष्ट उत्तर भारतीय व्यंजनों का एक विस्तृत मेनू तैयार किया गया है।
Updated on:
27 May 2026 01:13 pm
Published on:
27 May 2026 01:13 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
