पटना

खान सर की गिरफ्तारी के लिए पटना की सड़कों पर उतरे छात्र, रौशन आनंद की रिहाई को लेकर निकाला कैंडल मार्च

पटना में सोमवार शाम छात्रों ने ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद की रिहाई और खान सर की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कैंडल मार्च निकाला। पुलिस ने उन्हें कोचिंग के पास ही रोक दिया, जिसके बाद वहीं पर छात्रों ने नारेबाजी की।
2 min read
Jun 08, 2026
patna coaching war
पटना की सड़कों पर प्रदर्शन करते छात्र

सोमवार शाम पटना में छात्रों ने ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद की रिहाई और खान सर की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कैंडल मार्च निकाला। छात्र कोचिंग से कारगिल चौक तक मार्च करने की तैयारी में थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें कोचिंग के पास ही रोक दिया और आगे जाने की अनुमति नहीं दी।

इसके बाद वहीं रुककर छात्रों ने रौशन आनंद के समर्थन में नारेबाजी शुरू कर दी और खान सर की गिरफ्तारी की मांग भी उठाई। कैंडल मार्च में शामिल कुछ छात्रों ने पोस्टर भी दिखाए, जिन पर लिखा था-‘झूठे केस में हमारा जीवन मत बर्बाद करो’ और ‘मैं निर्दोष हूं’। रौशन आनंद की जमानत पर कल, मंगलवार को कोर्ट का फैसला आने वाला है। सुनवाई के दौरान खान सर के वकील ने जमानत का विरोध करते हुए कहा कि आरोपी का आपराधिक इतिहास पहले से रहा है।

कई जिलों में एसआईटी की दबिश

इधर, खान सर को लेकर चर्चा है कि वे अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए पटना से बाहर चले गए हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए निरंतर छापेमारी कर रही है। पुलिस की स्पेशल टीमें न सिर्फ पटना में, बल्कि उनके पैतृक घर और पटना के कई पड़ोसी जिलों में भी छापेमारी कर रही हैं। DIU की टीम कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की जांच कर रही है ताकि लोकेशन ट्रेस किया जा सके। पुलिस ने साफ कहा है कि कानून के सामने सब बराबर हैं। कोई व्यक्ति कितना भी मशहूर क्यों न हो, सबूतों के आधार पर ही कार्रवाई की जाएगी।

कल कोर्ट में सुनवाई

सोमवार को खान सर के वकीलों द्वारा दाखिल अग्रिम जमानत याचिका पर मंगलवार को पटना सिविल कोर्ट में बहस होनी है। खान सर के कानूनी सलाहकारों का तर्क है कि उनके क्लाइंट को जान-बूझकर इस मामले में घसीटा जा रहा है और उन्होंने गार्ड्स को सिर्फ अपनी सुरक्षा या भीड़ को काबू में रखने के लिए निर्देश दिए थे। वहीं, दूसरी तरफ ज्ञान बिंदु कोचिंग का पक्ष रखने वाले वकील जमानत याचिका का विरोध करने की तैयारी कर रहे हैं। पुलिस पहले ही कोर्ट में केस डायरी जमा कर चुकी है।

वहीं, खान सर के गार्ड्स की जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान कोर्ट ने पहले ही उनके आपराधिक इतिहास के बारे में विस्तृत रिपोर्ट और जानकारी मांगी थी। इस मामले की सुनवाई 10 जून को होनी है। इसके अलावा, कोर्ट मंगलवार को ज्ञान बिंदु के डायरेक्टर रोशन आनंद की जमानत याचिका पर अपना फैसला सुना सकता है। खान सर के वकीलों ने रौशन आनंद सर की जमानत का विरोध किया है।

Updated on:
08 Jun 2026 09:56 pm
Published on:
08 Jun 2026 07:42 pm