पटना

Bankipur By Election: बांकीपुर से चुनाव लड़ेंगे प्रशांत किशोर, महागठबंधन के सवाल पर पढ़िए क्या बोले प्रशांत किशोर?

Bankipur By Election: जन सुराज ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए प्रशांत किशोर को उम्मीदवार बनाया है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव सम्राट चौधरी सरकार के कामकाज पर जनता की राय तय करेगा। महागठबंधन के समर्थन के सवाल पर उन्होंने कहा कि वह भाजपा से भी समर्थन मांग रहे हैं। उम्मीदवार घोषित होने के बाद प्रशांत किशोर महावीर मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना के बाद चुनाव प्रचार की औपचारिक शुरुआत की।
2 min read
Jul 05, 2026
प्रशांत किशोर पटना स्थित महावीर मंदिर
प्रशांत किशोर पटना स्थित महावीर मंदिर में आशीर्वाद लेते। फोटो-पत्रिका

Bankipur By Election: बांकीपुर विधानसभा सीट से जन सुराज के टिकट पर प्रशांत किशोर चुनाव लड़ेंगे। इस पर फैसला जन सुराज की कोर कमेटी की बैठक में लिया गया। प्रत्याशी घोषित होने के बाद प्रशांत किशोर ने कहा कि यह उपचुनाव तय करेगा कि प्रदेश में सम्राट चौधरी के नेतृत्व में चल रही सरकार के कामकाज को जनता सही मानती है या उसमें बदलाव की जरूरत महसूस करती है।महागठबंधन के समर्थन से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा, "मैंने तो भाजपा से भी समर्थन मांगा है।"

सरकार नहीं, जनता जीतेगी

बांकीपुर विधानसभा सीट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद खाली हुई है। भाजपा के गढ़ मानी जाने वाली इस सीट से चुनाव लड़ने की घोषणा कर प्रशांत किशोर ने मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है। उम्मीदवार घोषित होने के बाद पत्रकारों से बातचीत में प्रशांत किशोर ने कहा, "मेरे चुनाव जीतने से सरकार की सेहत पर बहुत बड़ा असर नहीं पड़ेगा। लेकिन इतना तय है कि अगर आप मुझे चुनकर विधानसभा भेजेंगे, तो मैं 242 विधायकों पर भारी पड़ूंगा और लोगों की उम्मीदों का बोझ अपने कंधों पर उठाकर उनका प्रतिनिधित्व करूंगा।"

सरकार नहीं बदलेगी राजनीति बदलेगी

प्रशांत किशोर ने कहा कि उनकी जीत या हार से सरकार नहीं बदलेगी, लेकिन इतना तय है कि इससे प्रदेश की राजनीति की दिशा जरूर प्रभावित होगी। उन्होंने कहा, "मेरी जीत या हार यह भी तय करेगी कि लोग सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार के कामकाज से सहमत हैं या असहमत।" महागठबंधन के समर्थन से जुड़े सवाल पर पहले उन्होंने सीधे जवाब देने से परहेज किया। हालांकि, दोबारा पूछे जाने पर उन्होंने कहा, "मैं सिर्फ महागठबंधन ही नहीं, भाजपा से भी समर्थन मांग रहा हूं। मेरा मानना है कि बांकीपुर से सबसे बेहतर प्रत्याशी चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे।"

महावीर मंदिर पहुंचे प्रशांत किशोर

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए उम्मीदवार घोषित होने के बाद प्रशांत किशोर पटना स्थित महावीर मंदिर के लिए रवाना हो गए। वहां भगवान का आशीर्वाद लेने के बाद वे रुद्राभिषेक में शामिल होंगे। इसके बाद वह औपचारिक रूप से अपने चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगे। हालांकि, प्रशांत किशोर पिछले काफी समय से क्षेत्र में सक्रिय हैं। उनकी टीम लगातार घर-घर जाकर लोगों से संपर्क कर रही है और उनके पक्ष में जनमत व फीडबैक जुटाने का काम कर रही है।

बांकीपुर में BJP vs प्रशांत किशोर

पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को मतदान होना है। इस उपचुनाव में जन सुराज ने प्रशांत किशोर को अपना उम्मीदवार बनाया है, जिसके बाद मुकाबला बेहद रोचक हो गया है। इस सीट पर भाजपा और प्रशांत किशोर के बीच सीधी तथा कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है। यह उपचुनाव दोनों पक्षों के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बन गया है। एक ओर बांकीपुर को भाजपा का पारंपरिक गढ़ माना जाता है, वहीं दूसरी ओर प्रशांत किशोर के लिए यह चुनाव सक्रिय राजनीति में उनकी सबसे बड़ी चुनावी परीक्षा साबित होगा।

Updated on:
05 Jul 2026 03:43 pm
Published on:
05 Jul 2026 03:01 pm