पटना

बांकीपुर उपचुनाव के बीच RJD को एक और झटका, तेज प्रताप यादव की JJD में शामिल हुईं प्रतिमा सिंह

Pratima Singh Joins JJD: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के बीच RJD को एक और झटका लगा है। 33 वर्षों तक पार्टी से जुड़ी रहीं प्रतिमा सिंह ने तेज प्रताप यादव की जनशक्ति जनता दल (JJD) की सदस्यता ग्रहण कर ली।
2 min read
Jul 18, 2026
Pratima Singh Tej Pratap Yadav
JJD में शामिल हुईं प्रतिमा सिंह (tej pratap yadav X)

Pratima Singh joins Tej Pratap Yadav Party: बिहार में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के बीच राष्ट्रीय जनता दल (RJD) को एक और झटका लगा है। RJD के वरिष्ठ प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी के बाद अब पार्टी की वरिष्ठ महिला नेता प्रतिमा सिंह ने भी लालू के लालटेन का साथ छोड़ दिया है। प्रतिमा सिंह ने 33 वर्षों तक एक मेहनती, वफादार और समर्पित ज़मीनी कार्यकर्ता के रूप में सक्रिय भूमिका निभाई। वह RJD के गठन और लालू प्रसाद यादव के राजनीतिक सफर के शुरुआती दिनों से ही पार्टी से जुड़ी हुई थीं।

JJD में शामिल हुईं प्रतिमा सिंह

प्रतिमा सिंह ने आरजेडी से अपना दशकों पुराना नाता तोड़ते हुए राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव की पार्टी जनशक्ति जनता दल (JJD) का दामन थाम लिया है। पटना में JJD के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने खुद प्रतिमा सिंह को अपनी पार्टी की सदस्यता दिलाई और JJD परिवार में उनका आधिकारिक रूप से स्वागत किया।

प्रतिमा जी के साथ घोर अन्याय हुआ - तेज प्रताप यादव

प्रतिमा सिंह को पार्टी में शामिल करने के बाद, जनशक्ति जनता दल (JJD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने राष्ट्रीय जनता दल के मौजूदा शीर्ष नेतृत्व पर तीखा हमला बोला। सोशल मीडिया पर प्रतिमा सिंह के साथ एक तस्वीर शेयर करते हुए उन्होंने लिखा कि प्रतिमा सिंह जी ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की एक मेहनती और समर्पित कार्यकर्ता के तौर पर 33 वर्षों तक निस्वार्थ भाव से काम किया है। हालांकि, हाल के हालात में उन्हें पार्टी के भीतर घोर अन्याय का सामना करना पड़ा। इससे आहत होकर वह जनशक्ति जनता दल (JJD) में शामिल हो गई हैं।

प्रतिमा को सिंह को JJD में मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी

जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर तेज प्रताप यादव ने प्रतिमा सिंह का पार्टी में स्वागत और अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि सम्मान और न्याय की उनकी लड़ाई में जन शक्ति जनता दल पूरी मजबूती से उनके साथ खड़ी है। चर्चा है कि प्रतिमा सिंह को उनके 33 साल के अनुभव की वजह से आने वाले समय में जन शक्ति जनता दल में कोई बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है।

Updated on:
18 Jul 2026 05:09 pm
Published on:
18 Jul 2026 04:37 pm