
Khan Sir Coaching Attack: बिहार की राजधानी पटना में खान सर की कोचिंग खान ग्लोबल स्टडीज पर हुए हमले, पथराव और तोड़फोड़ के आरोप में गिरफ्तार किए गए रौशन आनंद को जब पुलिस कोर्ट ले जाने लगी, तब इस मामले में उनकी पहली प्रतिक्रिया सामने आई। रौशन आनंद ने इस पूरे घटनाक्रम को खान सर की एक सोची-समझी साजिश बताया।
रौशन आनंद ने कहा कि उन्हें और उनके संस्थान को सोचे-समझे प्लान के तहत फंसाया गया है। उन्होंने जेल जाने से पहले कहा, 'यह पूरा मामला खान सर की एक बड़ी साजिश है। मुझे जानबूझकर फंसाने और मेरी कोचिंग ज्ञान बिंदु को पूरी तरह बर्बाद करने के लिए यह पूरी योजना तैयार की गई है।'
रौशन आनंद ने कोचिंग के बिजनेस और साख की लड़ाई को इस पूरे विवाद की वजह बताया। उन्होंने दावा किया कि हाल ही में जारी हुए बिहार पुलिस सिपाही बहाली परीक्षा के नतीजों में उनकी कोचिंग के छात्रों का प्रदर्शन सबसे शानदार रहा है और उनके यहांसे सबसे बेहतर रिजल्ट सामने आए हैं। रौशन आनंद का आरोप है कि खान सर अपने संस्थान से ज्यादा रिजल्ट का दावा कर रहे थे, लेकिन जब ज्ञान बिंदु का रिजल्ट उनसे बेहतर हो गया, तो वे इसे पचा नहीं पाए। इसी वजह से ज्ञान बिंदु को बाजार में बदनाम करने और उसे व्यावसायिक रूप से तबाह करने के लिए खान सर ने इस विवाद को हवा दी।
रौशन आनंद ने घटना वाली रात खान सर द्वारा गोलीबारी होने के दावों का जवाब देते हुए कहा कि उस रात कोई गोलीबारी नहीं हुई थी और फायरिंग का आरोप पूरी तरह मनगढ़ंत और झूठा था। उन्होंने कहा, 'माहौल को गंभीर बनाने और मुझे सलाखों के पीछे भेजने के लिए ही गोली चलने की बात कही गई, जबकि सच्चाई यह है कि वहां ऐसी कोई वारदात हुई ही नहीं थी।'
गौरतलब है कि घटना के तुरंत बाद खान सर ने मीडिया के सामने दावा किया था कि उनकी कोचिंग पर 10 से 12 राउंड फायरिंग की गई है। लेकिन पटना पुलिस की जांच और सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद खान सर अपने इस बयान से पलट गए और उन्होंने माना कि गार्ड से मिली गलत जानकारी के आधार पर उन्होंने गोली चलने की बात कह दी थी। रौशन आनंद इसी बात को आधार बनाकर खुद को बेकसूर और खान सर को साजिशकर्ता बता रहे हैं।
इस पूरे हाई-प्रोफाइल ड्रामे के बीच पटना पुलिस द्वारा जारी की गई प्रेस विज्ञप्ति ने भी स्थिति को काफी हद तक स्पष्ट किया है। पुलिस के मुताबिक 2 जून 2026 की रात करीब 10:10 बजे खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग संस्थान पर 15 से 20 लोगों द्वारा ईंट-पथराव और तोड़फोड़ की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर वहां लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। पुलिस ने साफ किया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच में गोलीबारी की पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस ने बताया कि खान ग्लोबल स्टडीज के मैनेजर कन्हैया कुमार सिंह द्वारा दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर कदमकुआं थाना कांड संख्या-410/26 दर्ज किया गया है। यह एफआईआर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत ज्ञान बिंदु के निदेशक रौशन आनंद, अभिषेक, गौरव और अन्य 15-20 अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज की गई है। खास बात यह है कि मैनेजर द्वारा दिए गए इस आधिकारिक आवेदन में भी कहीं भी फायरिंग या गोली चलने का कोई जिक्र नहीं किया गया है।