पटना

सम्राट चौधरी बनेंगे बिहार के सीएम तो राजद को होगी खुशी, तेजस्वी यादव के करीबी नेता का बड़ा बयान

RJD के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने कहा कि अगर सम्राट चौधरी बिहार के अगले मुख्यमंत्री बनते हैं, तो RJD को खुशी होगी क्योंकि सम्राट चौधरी ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत RJD से ही की थी और वहीं से उन्होंने अपनी राजनीतिक ट्रेनिंग और सीख हासिल की थी।
2 min read
Apr 07, 2026
Samrat Chaudhary
बिहार डिप्टी CM सम्राट चौधरी (IANS)

नीतीश कुमार के बाद अगला मुख्यमंत्री कौन होगा? आजकल बिहार के राजनीतिक गलियारों में हर जगह इसी बात की चर्चा है। फिलहाल, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को CM पद की दौड़ में सबसे आगे माना जा रहा है। इस मुद्दे पर, राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के मुख्य प्रवक्ता और विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव के करीबी माने जाने वाले नेता शक्ति सिंह यादव ने एक दिलचस्प बयान दिया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए उन्होंने कहा कि अगर BJP सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री बनाती है, तो इससे RJD कार्यकर्ताओं को खुशी होगी।

CM BJP से ही होगा- शक्ति सिंह यादव का दावा

अपने पोस्ट में, शक्ति सिंह यादव ने कहा कि अब यह लगभग तय है कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री BJP से ही होगा। इस मुद्दे पर अब कोई संदेह नहीं रह गया है और न ही कोई दूसरी संभावना बची है। नतीजतन, मुख्यमंत्री पद के लिए BJP के भीतर ही एक आंतरिक मुकाबला चल रहा है, जिसमें कई दावेदार शामिल हैं।

सम्राट चौधरी को सबसे आगे बताया

शक्ति सिंह यादव ने लिखा, 'सीएम पद की इस रेस में कई लोगों के नाम हैं, इधर नीतीश कुमार सोच रहे हैं अगर सम्राट चौधरी बन जाएगा तो मेरी राजनीति का क्या होगा?' शक्ति सिंह यादव ने आगे कहा कि सम्राट चौधरी ने BJP के भीतर अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और बेबाकी के साथ किया है। हालांकि, BJP मुख्यमंत्री जैसे अहम पद की जिम्मेदारी किसे सौंपेगी, यह पार्टी का आंतरिक मामला है। फिर भी मेरा दृढ़ विश्वास है कि इस दौड़ में सम्राट चौधरी सबसे आगे हैं।

RJD को राजनीतिक संस्था बताया

सम्राट चौधरी के शुरुआती दिनों को याद करते हुए शक्ति सिंह यादव ने कहा कि उन्होंने अपनी शुरुआती राजनीतिक शिक्षा-दीक्षा RJD के राजनीतिक स्कूल में हासिल की है और उन्होंने बिहार सरकार में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ही खेमों में प्रभावी ढंग से काम किया है। शक्ति यादव ने कहा, 'कल को अगर सम्राट चौधरी सचमुच मुख्यमंत्री बन जाते हैं, तो RJD के हर कार्यकर्ता खुश होगा कि राजद वो पार्टी है, जहां का कार्यकर्ता दूसरे दलों में जाकर मुख्यमंत्री तक बनता है।'

शक्ति सिंह यादव ने अपने बयान में यह भी कहा कि जेडीयू, कांग्रेस और भाजपा में कई ऐसे नेता हैं, जिन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत राजद से की और बाद में बड़े पदों तक पहुंचे। उन्होंने राजद को एक मजबूत वैचारिक संस्था बताते हुए कहा कि यहां से निकले नेता आज अलग-अलग दलों में अहम भूमिका निभा रहे हैं। शक्ति सिंह यादव ने यह भी कहा कि आज के दौर में कुछ लोग लालू प्रसाद यादव के खिलाफ बोलकर अपनी राजनीति चमकाने की कोशिश करते हैं, लेकिन सच्ची वैचारिक प्रतिबद्धता विकसित करना कोई आसान काम नहीं है।

Updated on:
07 Apr 2026 04:51 pm
Published on:
07 Apr 2026 04:51 pm