पटना

TRE-4 आंदोलन की आड़ में सरकार गिराने की साजिश?, शिक्षा मंत्री ने बिना नाम लिए खान सर को घेरा

पटना में खान सर के कोचिंग संस्थान में हुई तोड़फोड़ के बाद बिहार सरकार ने सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कुछ कोचिंग संचालकों पर छात्रों को भड़काने और आंदोलनों में भूमिका निभाने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे संस्थानों की पहचान कर ली गई है और जल्द कार्रवाई होगी।

2 min read
Jun 03, 2026
mithilesh tiwari on Bihar coaching policy
बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी

खान सर के पटना स्थित कोचिंग संस्थान में हुई तोड़फोड़ और उपद्रव की घटना के बाद सरकार ने सख्त रुख अपनाने के संकेत दिए हैं। इस बीच बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बिना नाम लिए खान सर समेत कुछ कोचिंग संचालकों पर निशाना साधा। शिक्षा मंत्री ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार छात्र आंदोलनों के पीछे कोचिंग संचालकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है और वे छात्रों को सरकार के खिलाफ भड़काने का काम करते हैं। उन्होंने टीआरई-4 (TRE-4) शिक्षक भर्ती आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौरान यह देखने को मिला कि छात्रों की आड़ में सरकार को अस्थिर करने की कोशिश की गई थी।

मिथिलेश तिवारी ने कहा कि सरकार ने ऐसे संदिग्ध कोचिंग संस्थानों और उनके संचालकों की पहचान कर उनकी सूची तैयार कर ली है। उन्होंने संकेत दिया कि आने वाले दिनों में इनके खिलाफ बड़ी कार्रवाई की जा सकती है।

कोचिंग की होड़ पर मंत्री का प्रहार

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि पटना में कुछ कोचिंग संचालकों के बीच एक-दूसरे को नीचा दिखाने की होड़ लगी हुई है। हालांकि, सरकार किसी भी तरह की अराजकता या गुंडागर्दी को बर्दाश्त नहीं करेगी। खान सर के कोचिंग संस्थान में हुई घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट पुलिस महानिदेशक (DGP) से मांगी गई है। उन्होंने इस घटना को बेहद दुखद और चिंताजनक बताते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

रिजल्ट के श्रेय की होड़ पर लगेगी रोक

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि बिहार में कोचिंग संस्थानों की मनमानी पर रोक लगाने के लिए सरकार जल्द ही एक नई और सख्त नीति लागू करेगी। इसके तहत सभी कोचिंग संस्थानों के लिए एक ‘मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट’ (आचार संहिता) तैयार की जाएगी, जिसमें यह स्पष्ट किया जाएगा कि कोचिंग संस्थानों का संचालन किन नियमों और मानकों के तहत होगा।

उन्होंने कहा कि हाल के वर्षों में यह देखा गया है कि किसी परीक्षा का परिणाम आते ही कई कोचिंग संस्थान सफल छात्रों को अपना छात्र बताने और उनका श्रेय लेने की होड़ में जुट जाते हैं। अब इस तरह की प्रवृत्तियों पर रोक लगाने के लिए कानूनी प्रावधान किए जाएंगे और नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।

Updated on:
03 Jun 2026 08:23 pm
Published on:
03 Jun 2026 08:15 pm