
खान सर (फोटो- स्क्रीन ग्रैब)
पटना में खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर हुई फायरिंग की घटना के करीब 12 घंटे बाद उन्होंने अपने बयान से पलटते हुए इससे इंकार कर दिया है। इससे पहले उन्होंने कोचिंग सेंटर के बाहर फायरिंग, तोड़फोड़ और सुरक्षा गार्ड के घायल होने की बात कही थी। हालांकि, थाने में दर्ज एफआईआर में इस तरह की किसी फायरिंग का उल्लेख नहीं किया गया है। खान सर ने पत्रकारों से बातचीत में फायरिंग से जुड़े सवाल से बचते नजर आए। उन्होंने कहा कि उस समय माहौल काफी तनावपूर्ण था, इसलिए उन्हें स्थिति को समझने में भ्रम हो गया था। इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग एक व्यक्ति को पकड़कर उसके साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में मारपीट के बाद कुछ युवकों को पत्थरबाजी करते हुए भी देखा जा सकता है। वीडियो में फायरिंग का कोई फुटेज नहीं है। पुलिस ने वीडियो के आधार पर आरोपितों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इस मामले में पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी शुरू कर दी है।
इधर, फायरिंग की सूचना के बाद बड़ी संख्या में छात्र कोचिंग सेंटर पहुंच गए। हालांकि, खान सर ने आज क्लास लेने से इनकार कर दिया है। इसके बाद छात्र उनके समर्थन में सड़क पर उतर आए और “खान सर जिंदाबाद” के नारे लगा रहे हैं। खान सर स्वयं सड़क पर नारे लगा रहे छात्रों को माइक के माध्यम से शांत रहने की अपील कर रहे हैं। उन्होंने छात्रों से कहा कि पुलिस मामले में लगातार कार्रवाई कर रही है और कई लोगों को हिरासत में भी लिया गया है। इसके साथ ही उन्होंने छात्रों से सड़क खाली करने का आग्रह किया। खान सर ने कहा कि सड़क जाम होने से आम लोगों को परेशानी हो रही है। उन्होंने छात्रों को यह भरोसा दिलाने का प्रयास किया कि प्रशासन पूरी तरह सहयोग कर रहा है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है, इसलिए किसी भी छात्र को चिंता करने की जरूरत नहीं है। हालांकि, इसके बावजूद बड़ी संख्या में छात्र कोचिंग परिसर के बाहर मौजूद हैं और वे वहां से हटने को तैयार नहीं हैं।
खान सर ने इस घटना के संबंध में पहले कहा था कि बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा के परिणाम में उनके कोचिंग संस्थान के बड़ी संख्या में छात्र सफल हुए थे, जिससे नाराज होकर आसपास के कुछ कोचिंग संचालकों द्वारा गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया गया है। हालांकि, इसके करीब 12 घंटे बाद उन्होंने अपने बयान में बदलाव करते हुए कहा कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है, इसलिए इस पर अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।
Updated on:
03 Jun 2026 11:42 am
Published on:
03 Jun 2026 09:18 am
बड़ी खबरें
View Allपटना
बिहार न्यूज़
ट्रेंडिंग
