पटना के रामकृष्ण नगर में पुष्पांजलि अपार्टमेंट के पास एक चाय की दुकान पर बैठे दो युवकों को गोली मार दी गई। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
Bihar News: महाशिवरात्रि के पावन मौके पर जब राजधानी पटना के लोग भगवान शिव की भक्ति में डूबे हुए थे, तबही शहर का रामकृष्ण नगर इलाका गोलियों की आवाज से दहल उठा। शिवाजी चौक के पास एक चाय की दुकान पर बैठे दो दोस्तों को अपराधियों ने दिनदहाड़े निशाना बनाया। इस सनसनीखेज गोलीबारी से इलाके में दहशत फैल गई।
रामकृष्ण नगर में पुष्पांजलि अपार्टमेंट के पास अपनी स्कॉर्पियो कार खड़ी करने के बाद दो दोस्त पिंटू कुमार (25) और बिट्टू कुमार (24) एक चाय की दुकान पर बैठे थे। तबही मोटरसाइकिल पर सवार दो हमलावर आए और बिना किसी चेतावनी के अंधाधुंध गोलियां चला दीं। दोनों लोग खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े, जबकि अपराधी हथियार लहराते हुए मौके से भाग गए।
सदर SDPO-2 रंजन कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि हमलावरों की पहचान अरमान और कारू के रूप में हुई है। पुलिस जांच में पता चला है कि पीड़ितों और हमलावरों के बीच करीब एक साल पहले झगड़ा हुआ था। इसी पुरानी दुश्मनी का बदला लेने के लिए अरमान और कारू ने महाशिवरात्रि पर इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस अब अपराधियों के पिछले रिकॉर्ड की जांच कर रही है।
गोलियों की आवाज सुनकर लोग मौके पर जमा हो गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तुरंत पास के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटनास्थल पर पहुंची एफएसएल (FSL) की टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं और मौके से एक खोखा भी बरामद किया गया है।
रामकृष्ण नगर पुलिस थानाध्यक्ष ने बताया कि अपराधियों की पहचान हो गई है और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए एक विशेष छापेमारी दल गठित किया गया है। पुलिस इलाके में लगे CCTV फुटेज की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना के बाद अपराधी किस दिशा में भागे। फिलहाल, पूरे इलाके में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है और तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।