
समय की सबसे बड़ी त्रासदी ये है कि वह अपने ही बनाए नायकों को एक दिन भुला देता है। कभी जिनके शब्द लोगों के अकेलेपन के साथी होते हैं, जिनकी कहानियां रातों की नींद चुरा लेती हैं और जिनके किरदार पाठकों की जिंदगी का हिस्सा बन जाते हैं, वे धीरे-धीरे यादों के पुराने संदूक में रख दिए जाते हैं। गुलशन नंदा भी ऐसे ही एक नायक हैं।
कभी हिंदी के लोकप्रिय साहित्य की दुनिया में उनका नाम एक जादू की तरह था। उनके उपन्यास हाथों-हाथ बिक जाते थे उन पर बनी फिल्में सिनेमाघरों में दर्शकों खींच लाती थी। आज लोकप्रिय साहित्य का वह सितारा स्मृतियों के आकाश में कहीं धुंधला पड़ गया है।
कभी मुंशी प्रेमचन्द, आचार्य चतुरसेन, बंकिम चंद्र चटर्जी, शरत चंद चट्टोपाध्याय, कृश्न चंदर और जयशंकर प्रसाद ने 20वीं सदी के कथा साहित्य को लोगों के बीच लोकप्रिय किया। तब समाज और संस्कारों में रची बसी कहानियां लोगों की दिनचर्या का हिस्सा होती थी। आजादी के बाद चार-पांच दशक तक समाज के अधिकांश संस्कार भावुकता से भरे थे। इसी दौर में दक्षिण भारत के जेमिनी और प्रसाद प्रोडक्शंस जैसे फिल्म निर्माता कंपनियों ने सिनेमाघरों में लोगों को रुला-रुलाकर पैसा कमाया।
इसी दौर में हिन्दी के कुछ उपन्यासकार आए, जिन्होंने लोगों के जज्बातों को झिंझोडकऱ खूब कारोबार किया। इन लेखकों में कुशवाहा कांत, राजवंश, रानू, दत्त भारती, प्रेमशंकर वाजपेयी और वेदप्रकाश के नाम याद किए जाते हैं, लेकिन गुलशन नंदा का नाम इन सबसे अलग था। उनके उपन्यासों में सामाजिक रिश्तों की उलझनें, प्रेम की कसक, नियति के अप्रत्याशित मोड़ और रहस्य का ऐसा मेल होता था कि पाठक आखिरी पन्ने तक बंधा रहता।
ये वह दौर था जब किताबों के पन्नों पर प्रेम, विरह, रहस्य और रोमांच की दुनिया बसती थी। न मोबाइल थे, न सोशल मीडिया और न मनोरंजन के अनगिनत विकल्प। तब रेलवे स्टेशन की किताबों की दुकान, बस अड्डे की छोटी-सी बुक स्टॉल और मोहल्ले की किराये पर किताबें देने वाली लाइब्रेरी में उपन्यास और कथा-कहानियों का पूरा संसार होता था। इस भीड़ में गुलशन नंदा खास थे। उनके उपन्यासों के लिए पाठकों में ऐसी उत्सुकता रहती थी कि क्लाइमेक्स पढ़े बिना छोड़ने का मन नहीं करता था। फिर उन्हीं कहानियों के किरदार बड़े पर्दे पर उतरते और सिनेमाघरों में तालियां बटोरते।
करीब दो दशक तक फिल्मी दुनिया के सारे दिग्गज निर्माता-निदेशकों ने इनकी कहानियों और पटकथाओं पर सफल फिल्में बनाईं। इनमें यश चोपड़ा, शक्ति सामंत, प्रमोद चक्रवर्ती, एल.वी.प्रसाद, रामानन्द सागर जैसी बड़े नाम हैं।
उन्होंने करीब 50 उपन्यास लिखे, जिनमें 17 पर फिल्में बनीं और ज्यादातर हिट रहीं। इनमें ‘काजल’, सावन की घटा’, ‘पत्थर के सनम’, ‘नील कमल’ , ‘खिलौना’ , ‘कटी पतंग’ , ‘शर्मीली’, ‘नया जमाना’, ‘दाग’ , ‘झील के उस पार’, ‘जुगनू’, ‘जोशीला’, ‘अजनबी’, ‘भंवर’, ‘महबूबा’ प्रमुख थीं। 1987 में राजेश खन्ना-श्रीदेवी की फिल्म नजराना उनके उपन्यास पर बनी आखिरी फिल्म थी। उस दौर में लगातार असफल फिल्मों से जूझ रहे राजेश खन्ना को 'कटी पतंग' ने वह बुलंदी दी, जहां से उन्हें पीछे मुड़कर देखने की जरूरत नहीं पड़ी। यश चोपड़ा ने स्वतंत्र निर्माता के रूप में अपनी पहली फिल्म के लिए गुलशन नंदा की कहानी पर ही भरोसा किया और 'दाग' ब्लॉकबस्टर साबित हुई। उनके उपन्यास 'सिसकते साज' पर बनी 'महबूबा' में राजेश खन्ना का शायर वाला रूप आज भी अमर माना जाता है।
सफलता की यह रोशनी एक सितारे तक ही सीमित नहीं थी। 'खिलौना' में मानसिक रूप से विक्षिप्त युवक की जोखिम भरी भूमिका ने संजीव कुमार को रातों-रात शीर्ष अभिनेताओं की कतार में ला खड़ा किया। फिल्म ने फिल्मफेयर पुरस्कार भी जीता। 'नीलकमल' और 'शर्मीली' ने वहीदा रहमान और राखी को किरदार में उतरने का मौका भी नंदा की कहानियों ने दिया, तो संवाद अदायगी के जादूगर राजकुमार ने काजल और नीलकमल में उत्कृष्ट अभिनय से ऐसी छाप छोड़ी कि निर्देशक राम माहेश्वरी भी हैरान रह गए। निर्माता-निर्देशक अच्छी तरह जानते थे कि नंदा की कहानियों में मध्यवर्गीय नैतिकता, पारिवारिक मूल्य, तीव्र भावुकता और कसा हुआ कथानक होता है, जो दर्शक को कुर्सी से हिलने नहीं देता।
1929 में पाकिस्तान के गुजरांवाला में जन्मे गुलशन नंदा 16 नवंबर 1985 को दुनिया से विदा हो गए। इतनी शोहरत और करोड़ों पाठकों का प्यार मिलने के बावजूद, गुलशन नंदा के मन में एक आजीवन टीस बनी रही। हिंदी साहित्यिक जगत की मुख्यधारा ने कभी उन्हें वह 'शास्त्रीय मान्यता' या गंभीर लेखक का दर्जा नहीं दिया, जिसके वे हकदार थे। आलोचकों ने इसे 'लुगदी साहित्य' का नाम देकर किनारा कर लिया।