Patrika Special News

Morena Gajak : चंबल के पानी की तासीर ने मुरैना की गजक को दिलाई पहचान, किसने सबसे पहले तैयार किया था इसका जायका

Morena Gajak : सर्दियों का मौसम आते ही गुड़ और तिल से बने चीजों की खाने की लालसा बढ़ जाती है। ऐसे में मुरैना का गजक मिल जाए तो मजा दोगुना बढ़ जाता है। मुरैना की गजक देश ही नहीं विदेशों में भी अपनी पहचान बना चुकी है। आइए इस बारे में पढ़ते हैं अवधेश श्रीवास्तव की विशेष रिपोर्ट।
4 min read
• •
Updated: 26 Nov 2026, 11:23 AM IST
Murena Gajak famous Gajak
मुरैना की गजक की दुनिया है दीवानी (Photo: Rajasthan Patrika)

Morena Gajak : सर्दियों में गजक का नाम सुनते ही मुंह में मिठास घुलने लगती है। अगर गजक मुरैना की हो तो बात ही कुछ और है। खास अनुपात में गुड़ और तिल के मिश्रण से गजक के निर्माण की विधि तकरीबन 66 वर्ष पहले मुरैना में इजाद की गई थी। लोगों की जुबान पर इसका जायका ऐसे चढ़ा कि धीर-धीरे इसकी पहचान एशियाई देशों के साथ यूरोपीय देशों में भी बढ़ती चली गई है।

मुरैना में किसने और कब तैयार की थी गजक?

1950 के दशक में शहर के गोपीचंद शिवहरे ने गुड़ और तिल के मिश्रण से पहली बार गजक तैयार की थी। शुरूआत में गजक का आकार गोल चकती के रूप में हुआ करता था और यह कुछ सख्त भी थी। इसके बावजूद लोगों को स्वाद इतना भाया कि इसकी महक देश-दुनिया में फैलने लगी।

यहां अब एक दर्जन से अधिक वैरायटी हो चुकी तैयार

गुड़ और तिल के मिश्रण से निर्मित खस्ता पट्टी ‘गजक’ का मूल प्रकार है। हालांकि, कालांतर में गुड़ की जगह शक्कर की गजक भी बनाई जाने लगी। गजक के यही दोनों प्रकार सर्वाधिक पसंद भी किए जाते हैं, लेकिन कारोबार को और बढ़ाने के लिए हर वर्ष गजक की नई वैरायटी भी बाजार में आती रही हैं। वर्तमान में तिल, गुड़ या शक्कर के मिश्रण से तैयार की जानी वाली गजक की एक दर्जन से अधिक वैरायटी बाजार में उपलब्ध हैं। इनमें काजू पट्टी, काजू की घी युक्त गजक, गजक की बरफी, गजक समोसे, गजक रोल, गजक फैनी, तिल के लड्डू आदि के नाम शुमार हैं। व्यवसायियों का कहना है कि इस काम में लगे कारीगर हमेशा नई वैरायटी तैयार करने के प्रयास में लगे रहते हैं।

ऐसे बनाई जाती है गजक

सर्दियों में स्वाद का खजाना कही जाने वाली गजक बनाने में वक्त तो बमुश्किल 25-30 मिनट ही लगता है, लेकिन सावधानी और सफाई का विशेष ख्याल रखना पड़ता है। गजक के कारीगर मुकेश ने बताया कि गजक तैयार करने के लिए गुड़ और तिल की बराबर मात्रा ली जाती है। स्वाद बढ़ाने के लिए डोंड़ा के बीज और लौंग का पावडर भी कुछ लोग मिलाते हैं। सबसे अधिक ध्यान यह रखना पड़ता है कि गजक तैयार करने वाला मटेरियल ठंडा न हो जाए, क्योंकि यदि यह ठंडा हो गया तो खस्ता गजक तैयार नहीं हो सकती।

छह दशक में 10 गुना बढ़ी कीमत

सर्दियों की खास मिठाई गजक का भाव पिछले 66 वर्षों में 10 गुना तक बढ़ गया है। गजक निर्माण की विधि इजाद करने वाले गोपीचंद के परिजन बताते हैं कि शुरूआत में गजक 20-25 रुपए प्रति किलोग्राम के भाव बिकती थी। जैसे-जैसे तिल और गुड़ की कीमत बढ़ी, वैसे-वैसे गजक का भाव भी बढ़ाना पड़ा। वर्तमान में अच्छी गुणवत्ता वाली गजक की मूल वैरायटी की कीमत 200-220 रुपए प्रति किलोग्राम है। वहीं काजू पट्टी, गजक समोसे, गजक रोल, गजक फैनी सहित अन्य प्रकारों की गजक 360 रुपए प्रति किलोग्राम तक बिक रही है।

देश-विदेश में सप्लाई

व्यावसायिक उद्देश्य से मुरैना की गजक देश के कई बड़े शहरों में भी सप्लाई की जाती है। गजक कारोबार से जुड़े दिनेश शिवहरे बताते हैं कि यूं तो देशभर में अब गजक का निर्माण शुरू हो गया है, लेकिन गुणवत्ता के लिहाज से मुरैना की गजक का कोई जवाब नहीं। यह देश ही नहीं विदेशों में भी भेजी जाती है। यही वजह है कि हरिद्वार, चण्डीगढ़, दिल्ली, जयपुर, कोलकाता, इंदौर, अलीगढ़, मेरठ, मुंबई सहित अन्य कई बड़े शहरों के कुछ व्यवसायी मुरैना से गजक मंगाकर बेचते हैं। इसके अलावा देश के विभिन्न हिस्सों में रहने वाले लोग भी विभिन्न माध्यमों से अपने लिए गजक मंगाते रहते हैं।

अंचल के पानी की तासीर का कमाल

मुरैना की गजक में खास स्वाद की वजह हर कोई जानना चाहता है। गजक व्यवसायियों की मानें तो यह अंचल के पानी की तासीर का कमाल है। यही वजह है कि गजक बनाने के लिए दूसरे शहरों में जाने वाले मुरैना के व्यवसायी यहां से पानी मंगाते हैं। उल्लेखनीय है कि गजक का निर्माण अब मुरैना ही नहीं, देश के कई छोटे-बड़े शहरों में होने लगा है। मुरैना के ही तमाम कारीगर प्रतिवर्ष सर्दियों में बाहर जाकर गजक तैयार करते हैं, लेकिन वहां गजक का ऐसा स्वाद नहीं बनता। व्यवसायियों का कहना है कि गुड़ और तिल के साथ मुरैना के पानी का मेल सटीक क्यों बैठता है, इस पर कोई शोध तो नहीं हुआ, लेकिन पानी में कुछ तो ऐसा है, जिसकी वजह से यहां की गजक में खास स्वाद आता है। बताया गया है कि देश के बड़े शहरों में प्रतिवर्ष यहां के कई कारीगर गजक बनाने जाते हैं। जब वहां गजक का स्वाद सही नहीं आता तो वे मुरैना से ड्रमों में पानी मंगाते हैं।

पांच माह में 75 करोड़ का कारोबार

अंचल में गजक का कारोबार अब लघु उद्योग का रूप धारण कर चुका है। सर्दियों का मौसम शुरू होते ही यहां बड़े पैमाने पर गजक का निर्माण शुरू हो जाता है। चार-पांच महीने में तकरीबन 75 करोड़ का यह कारोबार दो-ढाई हजार लोगों के रोजगार का जरिया भी बना हुआ है। गजक के व्यवसाय से जुड़ लोगों का कहना है कि मुरैना में लगभग 200 स्थानों पर गजक का निर्माण किया जा रहा है, तकरीबन इतनी ही छोटी-बड़ी दुकानों पर इसका विक्रय भी किया जा रहा है। बताया गया है कि एक स्थान पर प्रतिदिन औसतन 1 क्विंटल गजक तैयार होती है और इसकी खपत भी हो जाती है। प्रत्येक दुकान पर गजक तैयार करने के लिए कम से कम पांच कारीगरों की जरूरत पड़ती है। जिन स्थानों पर यह काम बड़ा है, वहां 10-15 तक कारीगर लगे हुए हैं। इस लिहाज से सर्दियों के मौसमभर लगभग डेढ़-दो हजार लोगों को यह कारोबार रोजगार उपलब्ध कराता है।

Updated on:
26 Nov 2026, 11:23 AM IST
Published on:
Also Read
View All
Unclaimed Deadbody : 467 मौतें, 143 लावारिस कहानियां… अपनों की राह देखते रह गए शव, कपड़ों की पोटली में सिमटी आखिरी पहचान

Dust Pollution : ग्वालियर में धूल पर भी वीआइपी ट्रीटमेंट! एक विधानसभा से उठा ली 40 क्विंटल धूल, बाकी शहर धूल फांकने को मजबूर

Bharatpur Red and Pink Stone : राम मंदिर से संसद तक… भरतपुर की धरती का पत्थर, जिसकी चमक के आगे वक्त भी बेअसर!

Political History : एक राजनेता जो विधायक बने पर शपथ लेने से पहले ही विमान दुघर्टना में मौत हो गई, फिर क्यों नहीं दी गई उन्हें श्रद्धांजलि?

Food Court at Park : पार्क जनता के हैं, फिर वहां फूड कोर्ट और कैफे लगाने की छूट क्यों? सार्वजनिक बाग, बगीचे और जलाशयों का संरक्षण करे सरकार