Patrika Special News

300 दिन और बूढ़ी आंखों में एक धुंधली तस्वीर, ‘साहब! मेरे लाल को दिल्ली में बेच दिया, मुझे मेरा बेटा लौटा दो’

मध्य प्रदेश में शिवपुरी के भगवान सिंह पाल को ट्रक पर हेल्परी दिलाने का झांसा देकर गांव का ही युवक दिल्ली ले गया। 7 फरवरी से लापता बेटे की तलाश में मजदूर पिता आठ महीने से पुलिस के चक्कर काट रहा है, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला। इस बारे में पढ़िए लोकेन्द्र सेंगर की खास रिपोर्ट।
4 min read
• •
Updated: 26 Nov 2026, 2:06 PM IST
Missing Youth
मां-पिता दोनों ही अपने बेटे के घर में लौटने की आस में हैं (Photo: Patrika)

फटे-पुराने कुर्ते की जेब से कांपते हाथों से निकाली गई एक रंगीन पासपोर्ट साइज तस्वीर। तस्वीर पर अंगूठों के घिसने से कई जगह सिलवटें पड़ चुकी हैं। यह सिर्फ एक तस्वीर नहीं, बल्कि एक लाचार बाप के 300 दिनों के आंसुओं, उसकी उजड़ चुकी दुनिया और जीने की आखिरी उम्मीद का दस्तावेज है।

बुधवार की दोपहर जब शिवपुरी पुलिस अधीक्षक कार्यालय के गलियारे में आम दिनों की तरह फाइलों की आवाजाही चल रही थी, तभी लुधावली निवासी एक बुजुर्ग मजदूर रामहेत पाल अपनी आंखों में सैलाब लिए एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया के चेम्बर के बाहर हाथ जोड़े खड़ा था। उसके होंठ कांप रहे थे और जुबान पर सिर्फ एक ही सवाल था- साहब, 10 महीने बीत गए। मेरा बेटा जिंदा भी है या नहीं? गांव का लड़का उसे काम दिलाने के बहाने ले गया और दिल्ली के किसी होटल या कारखाने में बेच दिया… मेरी मदद कीजिए, मुझे मेरा बेटा ढूंढ दीजिए। यह दास्तान सिर्फ एक बेटे के लापता होने की नहीं है, बल्कि उस लाचार पिता की है जिसकी चीखें पिछले 8 महीनों से शिवपुरी पुलिस के थानों की चौखटों पर टकराकर लौट रही हैं।

7 फरवरी 2026: वह सुबह जो पूरे परिवार के लिए काल बन गई

मामला शिवपुरी शहर के लुधावली इलाके का है। पीड़ित पिता रामहेत पाल मजदूरी कर किसी तरह अपने परिवार का पेट पालते हैं। उनका बेटा भगवान सिंह पाल घर की माली हालत सुधारने के लिए लंबे समय से किसी काम की तलाश में था। गांव का ही रहने वाला हरिओम धाकड़ उनके घर आया। हरिओम ने भगवान सिंह और उसके पिता के सामने एक चमकदार प्रस्ताव रखा। उसने कहा कि वह एक मालवाहक ट्रक पर जा रहा है और उसे एक भरोसेमंद हेल्पर (क्लीनर) की जरूरत है। महीने के अच्छे पैसे मिलेंगे, खाना-पीना मुफ्त होगा और बाहर का काम भी सीख जाएगा।

गरीबी और तंगहाली से जूझ रहे परिवार को लगा कि बेटे के हाथ में कुछ हुनर और चार पैसे आएंगे तो घर के हालात संवर जाएंगे। पिता ने सिर पर हाथ रखकर बेटे को विदा किया। 20-22 साल का नौजवान भगवान सिंह अपनी आंखों में बेहतर कल के सपने लिए उस ट्रक पर सवार हो गया। उस वक्त किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था कि यह उसकी घर से आखिरी रवानगी साबित होगी।

300 दिन से दरवाजे पर टिकी हैं मां की पथराई आंखें

उस दिन के बाद से भगवान सिंह पाल का फोन कभी नहीं लगा। हफ्ते बीते, महीने बीते, लेकिन वह न तो घर लौटा और न ही उसका कोई संदेश आया। घर में मां का रो-रोकर बुरा हाल है। हर दिन दरवाजे पर किसी की आहट होती है, तो बूढ़ी मां चौंककर बाहर दौड़ती है कि शायद उसका लाल लौट आया हो। पिता रामहेत मजदूरी छोड़कर दिन-रात अपने बेटे की तलाश में शिवपुरी, ग्वालियर, गुना और आसपास के कस्बों की खाक छानते रहे। रिश्तेदारों के यहां पूछताछ की, संभावित ठिकानों पर गए, लेकिन भगवान सिंह का कहीं कोई नामोनिशान नहीं मिला। वह अचानक हवा में जैसे गायब हो गया। इस मामले में जब हरिओम धाकड़ से बात की गई तो उसने बोला-मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। मामले की गंभीरता को देखते हुए शिवपुरी पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने पीड़ित पिता को ढांढस बंधाया है।

शिवपुरी के एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया ने पत्रिका से बातचीत में कहा कि लापता युवक के पिता ने एसपी कार्यालय में उपस्थित होकर शिकायती आवेदन दिया है। मामले में मानव तस्करी और अन्य सभी गंभीर बिंदुओं को शामिल करते हुए जांच के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित थाने की पूर्व कार्रवाई की समीक्षा होगी और संदेही व्यक्तियों से सख्ती से पूछताछ कर युवक को सकुशल तलाशने के लिए पुलिस टीम गठित की जाएगी।

5 सवाल, जिनके जवाब शिवपुरी पुलिस को देने होंगे

  1. जब 20 मार्च को पिता ने देहात थाने में नामजद शिकायत दी थी, तो पुलिस ने 8 महीने तक आरोपी से कड़ाई से पूछताछ क्यों नहीं की?
  2. जिस ट्रक पर भगवान सिंह को ले जाया गया था, क्या उसका रजिस्ट्रेशन नंबर, मालिक का नाम और रूट मैप पुलिस ने जब्त किया?
  3. क्या पुलिस ने 7 फरवरी से लेकर अब तक संदेही के मोबाइल की लोकेशन और कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स की फॉरेंसिक जांच कराई?
  4. यदि मामला सिर्फ गुमशुदगी का नहीं बल्कि मानव तस्करी के संगठित रैकेट का है, तो अब तक जिला एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट को केस क्यों नहीं सौंपा गया?
  5. क्या एक गरीब मजदूर के बेटे की जिंदगी की कीमत इतनी सस्ती है कि उसे ढूंढने के लिए एक लाचार बाप को 10 महीने तक दर-दर भटकना पड़े?

मानव तस्करी: क्या दिल्ली के नरक में झोंक दिया गया?

एसपी को सौंपे गए विस्तृत शिकायती आवेदन में पिता ने सीधे तौर पर ‘मानव तस्करी’ की आशंका जताई है।
पिता का कहना है कि चंबल और ग्वालियर-शिवपुरी अंचल से सीधे-सादे ग्रामीण युवाओं को बड़े शहरों में बंधुआ मजदूरी, अवैध फैक्ट्रियों, ढाबों या देह व्यापार/अंग तस्करी जैसे संदिग्ध सिंडिकेट्स के हाथों बेच दिए जाने के मामले पहले भी सामने आते रहे हैं। उन्हें पूरा अंदेशा है कि उनके बेटे को भी दिल्ली ले जाकर किसी ऐसी जगह पर बंधक बना दिया गया है या बेच दिया गया है, जहां से उसका बाहर निकलना या संपर्क साधना नामुमकिन हो चुका है।

आवेदन में पिता ने रखीं ये 5 बड़ी मांगें

  1. एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट को सौंपी जाए जांच: स्थानीय थाने की लापरवाही को देखते हुए पूरे प्रकरण की जांच विशेष मानव तस्करी विरोधी दस्ते को दी जाए।
  2. फास्टैग और रूट ट्रैकिंग: 7 फरवरी 2026 और उसके बाद के दिनों में संबंधित ट्रक किस रूट से दिल्ली गया, टोल प्लाजा के फास्टैग डेटा और हाईवे के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जाएं।
  3. कॉल डिटेल रिकॉर्ड और टॉवर लोकेशन: लापता भगवान सिंह और आरोपी हरिओम धाकड़ के मोबाइल नंबरों की लोकेशन और 7 फरवरी के आसपास की कॉल डिटेल निकाली जाए।
  4. दिल्ली पुलिस से साझा हो इनपुट: दिल्ली के आउटर इलाकों, ट्रांसपोर्ट नगर, ढाबों और फैक्ट्रियों में दिल्ली पुलिस और क्राइम ब्रांच की मदद से सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जाए।
  5. वरिष्ठ अधिकारी की निगरानी में पूछताछ: मुख्य संदेही हरिओम धाकड़ को हिरासत में लेकर किसी राजपत्रित अधिकारी (डीएसपी/सीएसपी) की मौजूदगी में वैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की जाए।
Updated on:
26 Nov 2026, 2:06 PM IST
Published on:
Also Read
View All