Patrika Special News

Ramtirath Temple : श्योपुर का रामतीर्थ…जहां राम-सीता का हुआ पुनर्मिलन, भगवान परशुराम ने भी की तपस्या

Ramtirath Temple : मध्य प्रदेश में श्योपुर के रामेश्वर त्रिवेणी संगम पर चंबल, सीप और बनास नदियों का मिलन होता है। कार्तिक पूर्णिमा पर यहां तीन दिवसीय मेले में इस बार करीब 2 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन और स्नान किया। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए जयसिंह गुर्जर की विशेष रिपोर्ट।
3 min read
• •
Updated: 26 Nov 2026, 4:55 PM IST
Mahatama Gandhi jaiprakash Narain
रामेश्वर धाम

Ramtirath Temple Sheopur : देश में यूं तो प्रयागराज सहित कई स्थानों पर त्रिवेणी संगम मौजूद हैं, लेकिन मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले का प्रसिद्ध तीर्थ स्थल रामेश्वर त्रिवेणी संगम धाम की अलग महत्ता है। चंबल, सीप और बनास नदियों के संगम स्थल इस त्रिवेणी संगम को श्योपुर जिले का रामतीर्थ भी कहा जाता है, जहां मान्यता है कि भगवान श्रीराम और माता सीता का पुनर्मिलन हुआ था, वहीं भगवान परशुराम ने भी यहां तपस्या की थी। इसके साथ ही यहां कई अन्य किवदंतियां जुड़ी हुई है। यही वजह है कि यहां हर साल कार्तिक पूर्णिमा पर 3 दिन का मेला लगता है। इस बार आयोजित इस मेले में 3 दिन में 2 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने त्रिवेणी में स्नान किया और मंदिरों में दर्शन किए। विशेष बात ये है कि यहां लगने वाले कार्तिक पूर्णिमा मेले का आयोजन 2 हजार साल से भी पहले से है और इसका उल्लेख कई पुस्तकों और शिलालेखों में मौजूद है।

धर्म, संस्कृति और पर्यटन की त्रिवेणी

श्योपुर जिला मुख्यालय से 35 किलोमीटर दूर मध्यप्रदेश और राजस्थान की सीमा पर बह रही चंबल नदी के साथ ही जिले की ओर से जा रही सीप नदी और राजस्थान से आ रही बनास नदियों का प्रत्यक्ष त्रिवेणी संगम है रामेश्वर। यही नहीं ये स्थान प्राकृतिक पर्यटन के क्षेत्र में राष्ट्रीय चंबल घडिय़ाल अभयारण्य की भी ये अहम कड़ी है। विशेष धार्मिक पर्वों पर यहां भारी संख्या में श्रद्घालुजन पूजा-अर्चना करते हैं तथा त्रिवेणी संगम पर स्नान कर पुण्य लाभ प्राप्त करते हैं,लेकिन कार्तिक पूर्णिमा के स्नान का अलग ही महत्व है। इसके साथ ही यहां वर्ष भर कई सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होते रहते हैं। यही वजह है कि ये केवल 3 नदियों की ही त्रिवेणी नहीं है, बल्कि ये स्थान धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक पर्यटन का का अनूठा त्रिवेणी संगम है।

रामेश्वर को लेकर जुड़ी है कई किवदंतियां

रामेश्वर धाम को लेकर कई किवदंतियां और मान्यताएं जुड़ी हुई हैं, लेकिन सबसे बड़ी मान्यता है कि अयोध्या से भगवान राम द्वारा माता सीता का परित्याग करने के बाद रामेश्वर में ही भगवान राम और सीता का पुनर्मिलन हुआ था, तत्समय सभी देवी-देवताओं ने पुनर्मिलन पर पुष्पवर्षा की थी। मान्यता है कि तत्समय ही भगवान श्रीराम ने यहां चंबल नदी किनारे श्री रामेश्वर महादेव की स्थापना की। बाद में यहां सिंधिया रियासतकाल में श्रीलक्ष्मीनारायणजी का मंदिर भी बनवाया गया।

मातृहत्या के संताप को लेकर की तपस्या

यही नहीं रामेश्वर वो तपोभूमि है, जहां भगवान परशुराम ने भी तपस्या की थी। मातृहत्या के संताप को लेकर उन्होंने यहां छह माह तपस्या की थी। राजस्थान की सीमा में परशुराम घाट के पास ही एक मूर्तिविहीन मंदिर बना है, जिसे परशुराम कुटी कहा जाता है। वहीं राजस्थान की सीमा में ही चंबल नदी किनारे भव्य परशुराम घाट भी बना हुआ है।

पूरे साल रखकर, आदिवासी करते हैं यहां अस्थि विसर्जन

चंबल, बनास और सीप नदी के पावन त्रिवेणी संगम रामेश्वर धाम का महत्व यूं तो सभी श्रद्धालुओं के लिए अपार है, लेकिन अंचल के आदिवासी समाज के लिए यह स्थल धार्मिक आस्था के साथ-साथ पारंपरिक और सामाजिक जुड़ाव का भी बड़ा केंद्र है। यही वजह है कि कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर यहां अस्थि विसर्जन की अनूठी परंपरा आज भी जीवित है, जिसमें जिलेभर से आदिवासी परिवार अपने दिवंगत परिजनों की अस्थियां लेकर पहुंचते हैं। जिले की आदिवासी बस्तियों में किसी व्यक्ति के निधन के बाद अंतिम संस्कार की क्रिया तो कर ली जाती है, लेकिन अस्थियों का विसर्जन तुरंत नहीं किया जाता। परंपरा के मुताबिक, दिवंगत की अस्थियों को पूरे वर्ष सम्मान और आस्था के साथ सुरक्षित रखा जाता है। वर्षभर सहेजकर रखी गई इन अस्थियों को केवल कार्तिक पूर्णिमा के रामेश्वर मेले के दौरान ही मुख्यत: चतुर्दशी या पूर्णिमा के दिन ही त्रिवेणी संगम में विसर्जित किया जाता है।

विक्रम स्मृति ग्रंथ, नासिका गुहा आदि में उल्लेख

जिला पुरातत्व एवं पर्यटन परिषद के नोडल अधिकारी और श्योपुर के अपर कलेक्टर रूपेश उपाध्याय बताते हैं कि रामेश्वर धाम काफी पुराना तीर्थ स्थल है, इसका विक्रम स्मृति ग्रंथ एवं श्री जयचंद्र विद्यालंकार द्वारा भारतीय इतिहास की रूपरेखा में स्पष्ट उल्लेख है। प्रख्यात इतिहासकार स्व. डॉ. हरिहर निवास द्विवेदी ने मध्य भारत का इतिहास नामक पुस्तक में हिन्दू संस्कृति के निर्माण शीर्षक अंतर्गत इसका विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया है। नासिक गुहा लेख में भी इसका उल्लेख है।

Updated on:
26 Nov 2026, 4:55 PM IST
Published on: