
राजस्थान के हिल स्टेशन के रूप में विख्यात पर्वतीय पर्यटन स्थल माउंट आबू प्रकृति की ऐसी अनुपम धरोहर है, जहां पहाड़ों की खूबसूरती, हरियाली, झरनों की कलकल और सुहावना मौसम पर्यटकों को बरबस ही अपनी ओर खींचता है। राजस्थान का एकमात्र पर्वतीय पर्यटन स्थल माउंट आबू अब केवल प्राकृतिक सौंदर्य और ठंडे मौसम का आनंद लेने का ठिकाना नहीं रहा, बल्कि धार्मिक पर्यटन, एडवेंचर गतिविधियों, वीकेंड ट्रिप और विभिन्न आयोजनों के केंद्र के रूप में भी अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। गुजरात से नजदीकी और सड़क व रेल मार्ग से बेहतर संपर्क के चलते यहां हर साल करीब 42 लाख से अधिक देसी-विदेशी पर्यटक पहुंच रहे हैं।
पर्यटन के इस बढ़ते दायरे ने स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति दी है और होटल, रेस्टोरेंट, टैक्सी, नौकायन, हस्तशिल्प तथा बाजारों से जुड़े करीब 20 हजार लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिल रहा है। अब सरकार की ओर से माउंट का नाम फिर से आबूराज करने के बाद धार्मिक पर्यटन के बूते और ऊंची उड़ान भरने की उम्मीद जताई जा रही है।
माउंट आबू की खूबसूरती हर मौसम में अपना अलग रंग बिखेरती है। गर्मियों में पेड़ों की घनी छांव और शीतल वातावरण सुकून देता है तो बारिश में पहाड़ों से कल-कल बहते झरने, बादलों से ढकी चोटियां और हरियाली पर्यटकों को मंत्रमुग्ध कर देती है। सर्दियों में तापमान जमाव बिंदु से नीचे माइनस में पहुंचने पर यहां का मौसम मैदानी इलाकों से आने वाले सैलानियों के लिए विशेष आकर्षण बन जाता है। कभी-कभी न्यूनतम तापमान माइनस 5 से 8 डिग्री तक पहुंच जाता है। यही वजह है कि पर्यटक माउंट आबू को स्वर्ग की संज्ञा देते हैं। पर्यटन का मुख्य केन्द्र नक्की झील यहां का विशेष आकर्षण है। साथ ही सनसेट पॉइंट, प्रदेश की सबसे ऊंची चोटी गुरु शिखर, टोड रॉक, हनीमून पॉइंट और अचलगढ़ जैसे स्थल भी यहां की प्राकृतिक खूबसूरती को और खास बनाते हैं। बारिश में पहाड़ों से बहते झरनों का आकर्षक नजारा देखने लायक होता है।
माउंट आबू का पर्यटन अब प्राकृतिक स्थलों तक सीमित नहीं है। यहां धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन की भी व्यापक संभावनाएं हैं। विश्वप्रसिद्ध देलवाड़ा जैन मंदिर की स्थापत्य कला, अचलगढ़ का ऐतिहासिक महत्व, अर्बुदा देवी मंदिर, गुरु शिखर स्थित दत्तात्रेय मंदिर, गोमुख और वशिष्ठ आश्रम श्रद्धालुओं को आकर्षित करते हैं। वहीं ब्रह्माकुमारी संगठन के अंतरराष्ट्रीय मुख्यालय के कारण माउंट आबू की पहचान देश-विदेश तक पहुंची है। वर्षभर यहां आध्यात्मिक कार्यक्रमों और धार्मिक आयोजनों में बड़ी संख्या में लोग भाग लेने आते रहते हैं। राज्य सरकार की ओर से माउंट आबू का नाम आबूराज करने की घोषणा के बाद से धार्मिक पर्यटन को और गति मिलने की उम्मीद है।
पर्यटन स्थल माउंट आबू आदिवासी समुदाय के लोगों की आस्था का केन्द्र भी है। हर वर्ष पीपली पूनम पर यहां आदिवासियों का पारंपरिक महाकुंभ भरता है। इसमें राजस्थान और गुजरात के हजारों आदिवासी रंग-बिरंगे परिधानों में सज संवरकर शामिल होते हैं। चांदनी रात में नाचते-गाते पहाड़ियों और जंगलों के रास्ते माउंट आबू पहुंचकर नक्की झील में स्नान करते हैं और दिवंगत परिजनों की आत्मा की शांति के लिए पितृ तर्पण करते हैं। ढोल-थाली की धुन पर युवक-युवतियों का पारंपरिक वालर नृत्य मेले का खास आकर्षण रहता है। मेले में कई युवक-युवतियां परंपरानुसार अपने जीवनसाथी का चुनाव भी करते हैं। मुख्य मेले से पहले और बाद में करीब पखवाड़े तक आदिवासियों का आवागमन जारी रहता है।
माउंट आबू में वैसे तो देशभर से पर्यटक पहुंचते हैं, लेकिन यहां के पर्यटन व्यवसाय को नई ऊंचाइयां देने में गुजराती पर्यटकों की अहम भूमिका है। गुजरात से नजदीकी के चलते यहां आने वाले पर्यटकों में सबसे बड़ी संख्या गुजरातियों की होती है। हर सप्ताहांत पर गुजरात के पर्यटकों की खासी भीड़ उमड़ती है। दीपावली और नववर्ष के सीजन में तो कई दिन पहले ही होटलों की बुकिंग फुल हो जाती है। प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भी पर्यटकों की भारी भीड़ के चलते पैर रखने तक की जगह नहीं मिलती। इस बार दीपावली सीजन में पर्यटकों की संख्या करीब एक लाख के पार पहुंच गई।
पर्यटकों की लगातार बढ़ती आवाजाही से माउंट आबू का पर्यटन व्यवसाय तेजी से उड़ान भर रहा है। होटल, गेस्ट हाउस, रेस्टोरेंट, टैक्सी, घुड़सवारी, नौकायन और स्थानीय बाजारों में पर्यटन सीजन के दौरान अच्छी रौनक रहती है। खासकर दीपावली, क्रिसमस और नववर्ष के अवसर पर यहां पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ती है। बारिश और सर्दी के मौसम में भी पर्यटक यहां के मौसम का आनंद लेेने अच्छी खासी संख्या में आते हैं। वीकेंड पर भी होटल व्यवसाय में अच्छी बुकिंग रहती है। इसका सकारात्मक असर आबूरोड और सिरोही के होटल व अन्य कारोबार पर भी पड़ रहा है। पर्यटन से जुड़े लोगों के अनुसार, व्यवस्थित विकास और नई सुविधाओं के विस्तार से रोजगार के अवसर और बढ़ सकते हैं।
देसी पर्यटकों की लगातार बढ़ती संख्या के बावजूद माउंट आबू विदेशी सैलानियों को अपेक्षित रूप से आकर्षित नहीं कर पा रहा है। जयपुर, जैसलमेर, जोधपुर, पुष्कर और भरतपुर जैसे पर्यटन स्थलों की तुलना में अभी यहां विदेशी पर्यटकों की संख्या काफी कम है। इसका एक बड़ा कारण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों से सीधा संपर्क नहीं होना है। आबूरोड रेलवे स्टेशन से माउंट आबू की दूरी करीब 28 किलोमीटर है। उदयपुर हवाई अड्डा करीब 175 किलोमीटर और अहमदाबाद करीब 225 किलोमीटर दूर है। ऐसे में नियमित हवाई संपर्क और बेहतर परिवहन सुविधाएं विकसित करना जरूरी है।
माउंट आबू को आदर्श हिल स्टेशन के रूप में विकसित करने के साथ आसपास के धार्मिक, ऐतिहासिक और पुरातात्विक स्थलों को जोड़कर पर्यटन सर्किट तैयार करने की जरूरत है। ऐतिहासिक चंद्रावती नगरी, भद्रकाली मंदिर, पावापुरी, भैरोंतारक धाम, शांतिवन, वास्तानजी और शेरगांव जैसे स्थलों को एक पर्यटन श्रृंखला में शामिल किया जा सकता है। इससे पर्यटकों का प्रवास बढ़ेगा और आसपास के क्षेत्रों में भी रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
इसके साथ ही सालगांव बांध परियोजना, भारतमाला परियोजना, गुलाबगंज-माउंट आबू मार्ग, मानपुर हवाई पट्टी का विकास, नियमित हवाई सेवाएं, उचित पार्किंग व्यवस्था और प्रस्तावित रोप-वे जैसी योजनाओं को धरातल पर उतारना आवश्यक है। नक्की झील सहित अन्य जलस्रोतों में सीपेज रोकने, एनिकट निर्माण, ऐतिहासिक मंदिरों के जीर्णोद्धार और वन्य पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में भी ठोस प्रयास करने होंगे।