
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को 'स्टैंड-अप इंडिया योजना' को अगले 5 वर्षों के लिए यानी 31 मार्च, 2031 तक जारी रखने की मंजूरी दे दी। इसके लिए 4,111 करोड़ रुपए का ऋण गारंटी कोष बनाया गया है। इस योजना का उद्देश्य महिलाओं, अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) के बीच उद्यमिता को बढ़ावा देना है।
सरकार के आधिकारिक बयान के अनुसार, 'स्टैंड-अप इंडिया योजना' के तहत अगले 5 वर्षों में अतिरिक्त 2.5 लाख उद्यमियों को वित्तीय सहायता मिलने की उम्मीद है। अप्रैल 2016 में शुरुआत के बाद से इस पहल के माध्यम से 2.75 लाख से अधिक महिला, एससी और एसटी उद्यमियों को ऋण उपलब्ध कराने में मदद मिली है। इससे उन्हें नए उद्यम स्थापित करने और आर्थिक अवसरों का विस्तार करने में सहायता मिली है।
आधिकारिक बयान में कहा गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने स्टैंड-अप इंडिया योजना को 31 मार्च, 2031 तक पांच साल की अवधि के लिए जारी रखने की मंजूरी दी है। इस योजना का उद्देश्य महिलाओं, अनुसूचित जातियों (एससी) और अनुसूचित जनजातियों (एसटी) के बीच उद्यमिता को बढ़ावा देना और 5 वर्षों की अवधि में अतिरिक्त 2.5 लाख उद्यमियों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना है। अप्रैल 2016 में शुरुआत के बाद से इस योजना के तहत 2.75 लाख से अधिक महिला/एससी/एसटी उद्यमियों को ऋण उपलब्ध कराने में मदद मिली है।