
बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना भीषण चक्रवाती तूफान 'मुरासु' आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ रहा था। इसके असर से चेन्नई में आज सुबह, भारी बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। सड़कों पर पानी भर गया और नगर प्रशासन की टीमें अलर्ट पर रहीं।
तूफान के असर से चेन्नई के उत्तरी इलाकों में सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई। इन इलाकों में सोमवार सुबह 6 बजे तक, 24 घंटों में 149.2 mm बारिश हुई। ग्रेटर चेन्नई कॉर्पोरेशन के इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के अनुसार, न्यू मनाली टाउन में 141.6 मिमी और मनाली में 136.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। रिपोर्ट के मुताबिक, 5 निगरानी केंद्रों पर बहुत भारी बारिश हुई, जबकि 28 अन्य जगहों पर भारी बारिश दर्ज की गई।
माधववरम, पुझल, मनाली, एन्नोर, बेसिन ब्रिज और टोंडियारपेट के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हुई है। कोरात्तुर, अयापक्कम, वलसरवक्कम, अलंदुर, पल्लीकरनई और शोलिंगनल्लुर सहित 25 जगहों पर मध्यम बारिश दर्ज की गई है। आंकड़ों से पता चलता है कि दक्षिणी और पश्चिमी इलाकों में भी बारिश हुई।
हालांकि, सबसे ज्यादा बारिश शहर के उत्तरी हिस्सों में हुई। ग्रेटर चेन्नई कॉर्पोरेशन के कमिश्नर जी.एस. समीरन ने ट्रिपलिकेन के बेसेंट रोड पर जलभराव का निरीक्षण किया और नगर निकाय द्वारा की गई कार्रवाई का जायजा लिया। उन्होंने राहत कार्यों और निगरानी गतिविधियों का जायजा लेने के लिए रिपन बिल्डिंग स्थित 'इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर' का दौरा भी किया।
नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी और फील्ड टीमें जलभराव वाली सड़कों से पानी निकालने और प्रभावित इलाकों में जरूरी सेवाएं बनाए रखने के लिए अलर्ट पर हैं। कंट्रोल सेंटर लगातार हालात पर नजर रखे हुए थे, जबकि नगर निगम के कर्मचारी पूरे शहर में बारिश से जुड़ी समस्याओं को सुलझाने में जुटे रहे। इस बीच, सोमवार सुबह चक्रवाती सिस्टम के और तेज होने के कारण चेन्नई के समुद्र तटों पर ऊंची और तेज लहरें उठने लगीं, जिससे तटीय इलाकों में मौसम और भी खराब हो गया।
भारतीय मौसम विभाग द्वारा सुबह 5 बजे जारी बुलेटिन के अनुसार, 'मुरासु' एक गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल गया है। रात 2.30 बजे, इसका केंद्र चेन्नई से लगभग 260 किमी पूर्व-उत्तर-पूर्व में और नेल्लोर से लगभग 290 किमी पूर्व-दक्षिण-पूर्व में स्थित था। मौसम विभाग के अनुसार, इस तूफान के 2 नवंबर की आधी रात से 3 नवंबर की सुबह के बीच ओंगोल के पास नेल्लोर और नरसपुर के बीच आंध्र प्रदेश के तट को पार करने की संभावना है।
भारी बारिश की संभावना को देखते हुए, चेन्नई और तिरुवल्लूर के अधिकारियों ने स्कूल और कॉलेज दोनों में छुट्टी घोषित कर दी है। IMD ने तेलंगाना के 6 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट और 5 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। लोगों को हिदायत दी गई है कि वे पूरी तैयारी रखें। मौसम कभी भी खराब हो सकता है।
इंडिगो ने विशाखापट्टनम के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। यात्रियों को चेताया गया है कि खराब मौसम के चलते फ्लाइट्स में देरी हो रही है। अब चाहे जमीन हो या हवा का सफर, लोगों को ज्यादा इंतजार करना पड़ सकता है। एयरलाइन ने भी सबको सलाह दी है थोड़ा सब्र रखें, चीजें सुधर जाएंगी।