Patrika+

दिल्ली-NCR में दिवाली से पहले बड़ी मुसीबत, AQI 450 के पार, सांस लेने में हो रही दिक्कत

दिवाली से पहले राजधानी दिल्ली में रहने वालों के लिए बुरी खबर है। दिल्ली-NCR में दिवाली से पहले वायु की गुणवत्ता बेहद खराब हो गई है और AQI 450 के पार पहुंच गया है।
2 min read
• •
Updated: 4 Nov 2026, 1:02 PM IST
Delhi-NCR AQI
सांकेतिक इमेज (सोर्स- Janani)

दिल्ली समेत पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में मौसम ने करवट लेना शुरू कर दिया है। दिन की तुलना में अब रातें ठंडी होने लगी हैं। इसके साथ ही दिल्ली-NCR में दिवाली से पहले लोगों के सामने वायु प्रदूषण बड़ी मुसीबत बन गया है। दिल्ली-NCR के लोग इस समय जहरीली हवा में सांस लेने को मजबूर हैं। डॉक्टरों का कहना है कि इस स्तर का प्रदूषण खासकर बुजुर्गों, बच्चों और अस्थमा व हृदय रोगियों के लिए बेहद घातक है।

दिल्ली-NCR में AQI 450 के पार

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 14 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 4 नवंबर से 9 नवंबर तक आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा, लेकिन हवा की गुणवत्ता ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। राजधानी दिल्ली की हवा जहरीली हो चुकी है।

वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) दिल्ली के कई इलाकों में 400 और 450 के पार पहुंच गया है, जिसे 'गंभीर' श्रेणी में रखा जाता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के जहांगीरपुरी में AQI 450 दर्ज किया गया। वहीं, IIT दिल्ली में 453, अलीपुर में 422, ITO में 421 और बवाना में 411 AQI रिकॉर्ड किया गया। इन सभी इलाकों में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब होने के कारण लोगों को परेशानी हो रही है।

दिल्ली के अन्य इलाकों में AQI का हाल

आनंद विहार में AQI 302, अशोक विहार में AQI 348, आया नगर में AQI 382, बुराड़ी क्रॉसिंग में AQI 393 और जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में AQI 411 दर्ज किया गया है।

नोएडा और गाजियाबाद में AQI

दिल्ली से सटे नोएडा और गाजियाबाद में भी हवा की गुणवत्ता चिंताजनक है। नोएडा के सेक्टर-62 में AQI 426 तक पहुंच गया है, जबकि सेक्टर-150 में 351, सेक्टर-110 में 349 और सेक्टर-39 में 321 AQI दर्ज किया गया। हालांकि, सेक्टर-125 (243) और सेक्टर-116 (261) में हवा कुछ राहत देने वाली है, लेकिन यह अभी भी 'खराब' श्रेणी में ही है।

गाजियाबाद की बात करें तो यहां के लोनी में एक्यूआई 304, संजय नगर में 308 और वेव सिटी में 312 दर्ज किया गया। नोएडा में प्रदूषण के बढ़ते स्तर के पीछे एक बड़ी वजह सड़क निर्माण का कार्य भी है। शहर के कई इलाकों में अभी भी सड़क निर्माण से जुड़े कार्य जारी हैं, जिससे सड़कें धूल से पटी हुई हैं। उड़ती हुई यह धूल हवा में घुलकर एक्यूआई को और अधिक खराब कर रही है।

तापमान की स्थिति

IMD के डेटा के अनुसार, 4 नवंबर को अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 15 डिग्री रहेगा। 5 और 6 नवंबर को तापमान 29 डिग्री तक जा सकता है। वहीं, 7 नवंबर से फिर से तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री पर आ जाएगा। 9 नवंबर तक न्यूनतम तापमान 14 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है।

Updated on:
4 Nov 2026, 1:02 PM IST
Published on:
Also Read
View All