Patrika+

भारत में तेजी से बढ़ रहे डायबिटीज के मरीज, साल 2050 तक ‘डायबिटीज कैपिटल’ बनने की राह पर देश

भारत में डायबिटीज के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। बदलती जीवनशैली, शारीरिक गतिविधियों में कमी, खानपान की आदतें और मोटापा इस बीमारी के प्रमुख कारण बन रहे हैं।
3 min read
• •
Updated: 15 Nov 2026, 5:03 PM IST
Diabetes
सांकेतिक इमेज (Source- Chatgpt)

भारत में डायबिटीज के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। बदलती जीवनशैली, शारीरिक गतिविधियों में कमी, खानपान की आदतें और मोटापा इस बीमारी के प्रमुख कारण बन रहे हैं। स्थिति यह है कि डायबिटीज के मरीजों की संख्या के मामले में भारत दुनिया में दूसरे स्थान पर है।

डायबिटीज कैपिटल बन सकता है देश

विशेषज्ञों का अनुमान है कि अगर देश में इसी तरह रफ्तार जारी रही तो वर्ष 2050 तक भारत दुनिया की डायबिटीज कैपिटल बन सकता है। फिलहाल देश में करीब 9 करोड़ लोग डायबिटीज से पीड़ित हैं, जबकि आने वाले वर्षों में यह संख्या बढ़कर 15 से 16 करोड़ तक पहुंचने की आशंका है। ऐसे में समय रहते बीमारी की पहचान और उपचार बेहद जरूरी है।

क्यों बढ़ रहे डायबिटीज के मरीज?

विशेषज्ञों का कहना है कि भारत में डायबिटीज के तेजी से बढ़ने के पीछे कई वजह हैं। शहरीकरण के कारण बड़ी संख्या में लोग गांवों से शहरों की ओर आ रहे हैं। उनकी जीवनशैली में शारीरिक गतिविधियां कम हो रही हैं और लंबे समय तक बैठकर काम करने की आदत बढ़ रही है।

इसके अलावा खानपान में रोटी, चावल और अन्य कार्बोहाइड्रेट की अधिक मात्रा भी जोखिम बढ़ाती है। भारतीय आबादी में आनुवंशिक कारणों से भी पश्चिमी देशों की तुलना में कम उम्र में डायबिटीज होने की आशंका अधिक रहती है।

लंबे समय तक बैठना और गलत खानपान से जोखिम

डॉक्टरों के अनुसार, डायबिटीज से बचाव के लिए जीवनशैली में बदलाव सबसे महत्वपूर्ण है। लोगों को लंबे समय तक लगातार बैठने से बचना चाहिए। रोजाना कम से कम 150 मिनट मध्यम स्तर का व्यायाम करना चाहिए।

इसके लिए प्रतिदिन 30 से 60 मिनट तक तेज चाल से पैदल चलना फायदेमंद हो सकता है। इसके साथ ही वजन को नियंत्रित रखना और अधिक कैलोरी, वसा तथा चीनी वाले खाद्य पदार्थों से दूरी बनाना जरूरी है। पेस्ट्री, बेकरी उत्पाद और अत्यधिक मीठी चीजों का सेवन सीमित करना चाहिए।

इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज

डॉक्टरों ने बताया कि बार-बार पेशाब आना, अधिक भूख और प्यास लगना, हाथ-पैरों में झनझनाहट, धुंधला दिखाई देना, लगातार थकान, कमजोरी और बिना वजह वजन कम होना डायबिटीज के संकेत हो सकते हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क कर ब्लड शुगर की जांच करानी चाहिए। समय रहते बीमारी का पता चलने से इसके कारण होने वाली गंभीर जटिलताओं से बचाव में मदद मिल सकती है।

हर मरीज की बीमारी एक जैसी नहीं

डायबिटीज के इलाज को लेकर डॉक्टरों ने बताया कि यह बीमारी हर मरीज में एक जैसी नहीं होती। यदि शुरुआती अवस्था में बीमारी का पता चल जाए और मरीज का वजन अधिक हो तो वजन कम करने, खानपान में सुधार और नियमित व्यायाम से ब्लड शुगर को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है।

कुछ चुनिंदा मरीजों में डॉक्टर की निगरानी में दवाइयां बंद करने की स्थिति भी बन सकती है। हालांकि, यह बीमारी की अवधि, शुगर के स्तर और मरीज की स्थिति पर निर्भर करता है। वहीं, जिन लोगों को 10 से 15 साल या उससे अधिक समय से डायबिटीज है, उनके लिए नियमित रूप से शुगर नियंत्रित रखना बेहद जरूरी है। ऐसे मरीजों को अक्सर दवाइयों की आवश्यकता पड़ती है। डॉक्टर ने स्पष्ट किया कि लंबे समय से डायबिटीज होने पर केवल जीवनशैली में बदलाव के भरोसे दवाइयां बंद करना उचित नहीं है।

समय पर जांच ही बचाव

डॉक्टर्स ने लोगों से अपील की कि डायबिटीज को हल्के में न लें। परिवार में किसी सदस्य को यह बीमारी है तो अन्य सदस्यों को भी समय-समय पर जांच करानी चाहिए। शुरुआती चरण में बीमारी की पहचान होने पर सही उपचार और जीवनशैली में बदलाव से इसे बेहतर तरीके से नियंत्रित किया जा सकता है।

Updated on:
15 Nov 2026, 5:03 PM IST
Published on: