Patrika+

इमरान हाशमी की ‘रूह’ में डर के साथ दिखेगा रोमांस का तड़का, जानिए कब रिलीज होगी फिल्म

बॉलीवुड एक्टर इमरान हाशमी एक बार फिर हॉरर जॉनर में वापसी करने जा रहे हैं। हाशमी की अपकमिंग फिल्म 'रूह' में डर के साथ रोमांस का तड़का दिखेगा।
2 min read
• •
Updated: 3 Nov 2026, 1:58 PM IST
emraan hashmi
बॉलीवुड एक्टर इमरान हाशमी (फोटो सोर्स- Janani)

बॉलीवुड एक्टर इमरान हाशमी एक बार फिर हॉरर जॉनर में वापसी करने जा रहे हैं। उनकी आने वाली फिल्म 'रूह' में डर और रोमांस के साथ संगीत भी अहम होगा। इमरान का कहना है कि उनकी फिल्मों से दर्शकों को जोड़ने में म्यूजिक हमेशा से खास भूमिका निभाता आया है। इसलिए इस फिल्म में भी संगीत पर बारीकी से काम किया जाएगा।

संगीत से जुड़ेंगी भावनाएं

फिल्म के म्यूजिक को लेकर इमरान हाशमी ने कहा- इस फिल्म के लिए कुमार तौरानी के साथ काम करना मेरे लिए किसी संयोग से कम नहीं है। संगीत हमेशा से इस बात का अहम हिस्सा रहा है कि दर्शक मेरी फिल्मों से किस तरह जुड़ते हैं। उन्होंने कहा कि 'रूह' के जरिए हम ऐसा संगीत पेश करना चाहते हैं, जो फिल्म की आत्मा को बयां करे। यह फिल्म रोमांस, रहस्य और भावनाओं से जुड़ी होगी।

म्यूजिकल हॉरर, रहस्य और रोमांस का लुत्फ

फिल्म के लिए टिप्स फिल्म्स और टिप्स म्यूजिक के कुमार तौरानी ने इमरान हाशमी के साथ हाथ मिलाया है। दोनों मिलकर 'रूह' को प्रोड्यूस कर रहे हैं। यह एक म्यूजिकल हॉरर फिल्म होगी, जिसमें डर के साथ भावनाओं और रोमांस को भी खास जगह दी गई है।

कुमार तौरानी ने इमरान के साथ दोबारा काम करने को लेकर कहा- इमरान के साथ हमारा जुड़ाव खास है क्योंकि उनकी पहली फिल्म 'फुटपाथ' के निर्माता भी हम ही थे। पिछले कुछ सालों में हमने कई फिल्मों के जरिए यादगार सफलताएं हासिल की हैं।

अब 'रूह' के साथ हम एक बार फिर उसी जादू को दोहराने के लिए उत्साहित हैं। इस प्रोजेक्ट में सनी खन्ना और विक्रम खक्कर के साथ काम करने को लेकर भी मैं उत्साहित हूं। हम दर्शकों को सिनेमाघरों में फिल्म देखने का एक शानदार अनुभव देना चाहते हैं।

फिल्म का निर्देशन

फिल्म का निर्देशन मयंक शर्मा कर रहे हैं। इसकी कहानी विशाल कपूर और मयंक शर्मा ने मिलकर लिखी है। फिल्म में हॉरर और रोमांस का मेल देखने को मिलेगा, जबकि संगीत कहानी को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा।

विकेड फिल्म्स प्रोडक्शंस के प्रोड्यूसर विक्रम खाखर ने कहा- रूह' हमारे लिए बेहद खास प्रोजेक्ट है। टिप्स फिल्म्स और टिप्स म्यूजिक का हमारे साथ जुड़ना एक बड़ी उपलब्धि है। हम सभी दर्शकों के लिए 2027 में सिनेमाघरों में एक ऐसा हॉरर अनुभव लाने के लिए उत्साहित हैं, जो उनके लिए यादगार साबित हो।

हिंदी, तमिल और तेलुगु में आएगी फिल्म

प्रोड्यूसर सनी खन्ना ने कहा कि हम कुमार तौरानी और गिरीश कुमार का 'रूह' से जुड़ने पर स्वागत करते हैं। फिल्म और म्यूजिक इंडस्ट्री में उनका लंबा अनुभव इस साझेदारी को खास बनाता है। खासकर ऐसी फिल्म के लिए, जिसमें संगीत की इतनी अहम भूमिका है। इस साझेदारी के जरिए हम फिल्म को हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं के दर्शकों तक पहुंचाना चाहते हैं।

फिल्म 'रूह' टिप्स फिल्म्स की ओर से प्रस्तुत की जा रही है। यह विकेड फिल्म्स प्रोडक्शंस की फिल्म है। इस फिल्म को कुमार तौरानी, गिरीश कुमार, विक्रम खक्कर और सनी खन्ना बना रहे हैं। फिल्म के को-प्रोड्यूसर विकास साहनी हैं, जबकि इसका म्यूजिक टिप्स म्यूजिक के बैनर तले तैयार किया जाएगा। फिल्म 2027 में हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Updated on:
3 Nov 2026, 1:58 PM IST
Published on: