Patrika+

चावल बाजार में भारत का दबदबा: खाड़ी देशों में तनाव और अल नीनो इफेक्ट के बावजूद देश में पर्याप्त भंडार

चावल बाजार में भारत का दबदबा कायम है। मिडिल ईस्ट तनाव के कारण सप्लाई प्रभावित होने और अल नीनो के असर के बावजूद भारत के चावल निर्यात में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
3 min read
• •
Updated: 16 Nov 2026, 7:36 PM IST
rice export
सांकेतिक इमेज (सोर्स- Janani AI)

मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के कारण सप्लाई प्रभावित होने और अल नीनो इफेक्ट की वजह से घरेलू उत्पादन में गिरावट की आशंकाओं के बावजूद भारत के चावल निर्यात में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वित्त वर्ष 2026-27 में अप्रैल से अक्टूबर के दौरान चावल का निर्यात सालाना आधार पर 4.6% बढ़कर 6.81 अरब डॉलर पहुंच गया। अक्टूबर 2026 में दुनिया के सबसे बड़े चावल निर्यातक भारत ने 1.02 अरब डॉलर मूल्य का चावल निर्यात किया। यह पिछले साल इसी महीने की तुलना में 18% से अधिक की बढ़ोतरी है।

इन देशों से मिल रहा कॉम्पटीशन

ऑल इंडिया राइस एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन के उपाध्यक्ष रंजीत सिंह जोसन ने मीडिया को बताया कि निर्यात में अच्छी बढ़ोतरी के बावजूद भारत को वैश्विक चावल बाजार में पाकिस्तान, थाईलैंड, वियतनाम और म्यांमार से कड़े कॉम्पटीशन का सामना करना पड़ रहा है। जोसन ने कहा कि राइस इंडस्ट्री को एक्सपोर्ट कॉम्पटीशन, घरेलू फूड सिक्योरिटी और कीमतों में स्थिरता के बीच संतुलन बनाए रखना होगा। उन्होंने कहा कि निर्यात के मौजूदा ऊंचे स्तर को बनाए रखते हुए घरेलू कीमतों को नियंत्रित करना सरकार के लिए बड़ी चुनौती है।

भारत के पास पर्याप्त स्टॉक मौजूद

पश्चिम एशिया में संघर्ष के कारण इराक, कुवैत, बहरीन, कतर, दम्माम और जेबेल अली के बंदरगाहों पर कामकाज प्रभावित हुआ है। इसके चलते चावल की खेपों को वैकल्पिक रास्तों से भेजना पड़ रहा है, जिससे परिवहन में अधिक समय और खर्च लग रहा है। निर्यातकों के मुताबिक, भारत के पास अभी भी चावल का पर्याप्त भंडार और मजबूत उत्पादन आधार मौजूद है।

उत्तर भारत में 2026-27 सीजन (अक्टूबर-सितंबर) के लिए धान की सरकारी खरीद भी जारी है। निर्यातकों ने बताया कि देश के कई हिस्सों में सूखे जैसी परिस्थितियों का असर पड़ा है, लेकिन पंजाब और हरियाणा में धान की बंपर फसल हुई है। इससे देश में कुल अनाज की उपलब्धता मजबूत हुई है।

राइस विला के सह-संस्थापक और सीईओ सूरज अग्रवाल ने फाइनेंशियल एक्सप्रेस से कहा कि आने वाले महीनों में भारतीय चावल निर्यात की संभावनाएं सतर्कतापूर्वक पॉजीटिव बनी हुई हैं। उन्होंने अनुमान जताया कि मौजूदा निर्यात की रफ्तार और बाजार के रुझानों के आधार पर नवंबर 2026 से जनवरी 2027 के बीच चावल निर्यात से करीब 2.9 से 3.1 अरब डॉलर की कमाई हो सकती है। हालांकि, घरेलू कीमतों में बदलाव और फसल की उपलब्धता इस पर महत्वपूर्ण असर डालेंगे।

पिछले वित्त वर्ष में घटा था चावल निर्यात

फाइनेंशियल ईयर 2025-26 में बासमती और गैर-बासमती चावल सहित कुल निर्यात सालाना आधार पर 7.5% घटकर 11.53 अरब डॉलर रह गया था। भारत पिछले एक दशक से बासमती और गैर-बासमती दोनों तरह के चावल का दुनिया का सबसे बड़ा निर्यातक बना हुआ है।

अमेरिकी कृषि विभाग (USDA) के मुताबिक, वर्ष 2027 में भारत का चावल निर्यात 4% घटकर 2.4 करोड़ टन रहने का अनुमान है। इसकी प्रमुख वजह टूटे चावल और सफेद चावल के निर्यात में कमी बताई गई है।

USDA के वैश्विक बाजार विश्लेषण के अनुसार, निर्यात के लिए उपलब्ध चावल की कम मात्रा और बढ़ती कीमतों के कारण भारत के निर्यात में गिरावट आ सकती है। बता दें कि वैश्विक चावल व्यापार में भारत की हिस्सेदारी 40% से अधिक है। भारत एशिया, पश्चिम एशिया, यूरोप और अमेरिका सहित 140 से अधिक देशों को सुगंधित और लंबे दाने वाले बासमती और गैर-बासमती चावल का निर्यात करता है।

समुद्री उत्पादों के निर्यात में भी 13% की वृद्धि

कृषि उत्पादों के निर्यात में दूसरे सबसे बड़े स्थान पर रहने वाले समुद्री उत्पादों के निर्यात में भी तेजी जारी है। वित्त वर्ष 2026-27 में अप्रैल से अक्टूबर के दौरान समुद्री उत्पादों का कुल निर्यात सालाना आधार पर 13% बढ़कर 5.5 अरब डॉलर हो गया। वाणिज्य मंत्रालय के त्वरित अनुमान (Quick estimate) के अनुसार, अक्टूबर 2026 में समुद्री उत्पादों का निर्यात 13% बढ़कर 1.02 अरब डॉलर पहुंच गया।

इसमें वैनामी और टाइगर जैसी फ्रोजन झींगा प्रजातियों के साथ फ्रोजन मछली का निर्यात भी शामिल है। भारत के सबसे बड़े बाजार अमेरिका में मजबूत निर्यात वृद्धि और यूरोपीय संघ (EU) सहित अन्य देशों में निर्यात बाजारों के विस्तार से वित्त वर्ष 2026-27 में अब तक समुद्री उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा मिला है।

Updated on:
16 Nov 2026, 7:36 PM IST
Published on: