Patrika+

T-20 इंटरनेशनल मैच में भारतीय महिला खिलाड़ी रचेंगी इतिहास? स्मृति मंधाना पर टिकीं सबकी निगाहें

रायपुर में पहली बार महिला T-20 इंटरनेशनल मैच होगा। मैच का पहला मुकाबला रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आज (शुक्रवार) को खेला जाएगा।
2 min read
• •
Oct 16, 2026
Indian women cricketer Smriti Mandhana
भारतीय महिला क्रिकेटर स्मृति मंधाना (सोर्स- IANS)

रायपुर में पहली बार महिला T-20 इंटरनेशनल मैच होगा। मैच का पहला मुकाबला रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आज (शुक्रवार) को शाम 7 बजे खेला जाएगा। पहला मुकाबला भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच पहली बाइलैटरल टी-20 सीरीज भी खेली जाएगी। वहीं, स्मृति मंधाना पहली बार फुलटाइम कप्तान के तौर पर टीम इंडिया की कमान संभालेंगी।

बड़ा रिकॉर्ड बना सकती हैं स्मृति मंधाना

भारतीय महिला क्रिकेट टीम और जिम्बाब्वे के बीच खेली जाने वाली सीरीज में स्मृति मंधाना अंतरराष्ट्रीय टी-20 क्रिकेट का एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर सकती हैं। स्मृति मंधाना अगर जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन टी-20 मैचों की सीरीज में 133 रन बनाने में सफल रहती हैं, तो अंतरराष्ट्रीय टी20 में उनके 5,000 रन पूरे हो जाएंगे।

यह रिकॉर्ड बनाने के बाद स्मृति मंधाना ऐसा करने वाली दुनिया की पहली बल्लेबाज (महिला या पुरुष) होंगी। मंधाना पारी की शुरुआत करती हैं और शानदार फॉर्म में हैं। ऐसे में पूरी संभावना है कि जिम्बाब्वे सीरीज में वह 5,000 रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगी।

अंतरराष्ट्रीय महिला T-20 के शीर्ष 3 बल्लेबाज

अंतरराष्ट्रीय महिला टी-20 के शीर्ष 3 बल्लेबाजों की बात करें तो मंधाना पहले नंबर पर हैं। बाएं हाथ की इस बल्लेबाज ने 2013 से अब तक 179 टी20 मैचों की 172 पारियों में 2 शतक और 37 अर्धशतक लगाते हुए 4,867 रन बनाए हैं। न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स दूसरी सफलतम बल्लेबाज हैं।

बेट्स ने 2007 से 2026 के बीच 186 मैचों की 178 पारियों में 1 शतक और 28 अर्धशतक लगाते हुए 4,758 रन बनाए हैं। तीसरे स्थान पर हाल ही में टीम इंडिया की कप्तानी छोड़ने वाली हरमनप्रीत कौर हैं। हरमन ने 2009 से लेकर अब तक 210 टी20 मैचों की 188 पारियों में 1 शतक और 18 अर्धशतकों की बदौलत 4,346 रन बनाए हैं। हरमन के पास भी इस रिकॉर्ड को और बेहतर करने का अवसर है।

पुरुष वर्ग में अंतरराष्ट्रीय टी-20 में शीर्ष बल्लेबाज

अंतरराष्ट्रीय टी-20 में पुरुष वर्ग में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड पाकिस्तान के बाबर आजम के नाम है। बाबर ने 2016 से अब तक खेले 145 मैचों की 136 पारियों में 3 शतक और 39 अर्धशतक लगाते हुए 4,596 रन बनाए हैं। दूसरे स्थान पर इंग्लैंड के पूर्व कप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर हैं। बटलर ने 2011 से अब तक के अपने करियर में 163 मैचों की 150 पारियों में 2 शतक और 30 अर्धशतक लगाते हुए 4,384 रन बनाए हैं।

भारत के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा तीसरे स्थान पर हैं। रोहित ने 2007 से 2024 के बीच 159 मैचों की 151 पारियों में 5 शतक और 32 अर्धशतक लगाते हुए 4,231 रन बनाए हैं। चौथे स्थान पर विराट कोहली हैं। विराट ने 2010 से 2024 के बीच 125 मैचों की 117 पारियों में 1 शतक और 38 अर्धशतक लगाते हुए 4,188 रन बनाए हैं। रोहित और विराट अंतरराष्ट्रीय टी-20 को अलविदा कह चुके हैं। बटलर और विराट के पास अपने रिकॉर्ड में सुधार करने का अवसर है।

Updated on:
16 Oct 2026 04:25 pm
Published on:
16 Oct 2026 04:25 pm