16 अक्टूबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

अमेरिकी सिंगर मिलबेन का आरोप- भारत में प्रदर्शनों की फंडिंग कर रहे जॉर्ज सोरोस, PM मोदी के पैर छूकर हुई थीं वायरल

अमेरिकी गायिका मैरी मिलबेन ने भारत में चल रहे प्रदर्शनों की फंडिंग को लेकर गंभीर आरोप लगाया है। मैरी मिलबेन ने अरबपति कारोबारी जॉर्ज सोरोस पर प्रदर्शनों के लिए फंडिंग करने का आरोप लगाया है।
3 min read
Google source verification

भारत

•

image

Vinay Shakya

•

Oct 16, 2026

American singer Mary Milben

अमेरिकी सिंगर मैरी मिलबेन (फोटो सोर्स- IANS)

अमेरिकी गायिका मैरी मिलबेन ने भारत में चल रहे प्रदर्शनों की फंडिंग को लेकर अरबपति कारोबारी जॉर्ज सोरोस पर गंभीर आरोप लगाया है। मैरी मिलबेन ने एक वीडियो संदेश में जॉर्ज सोरोस पर भारत में चल रहे प्रदर्शनों की फंडिंग का आरोप लगाया है। दरअसल, मैरी मिलबेन ने भारतीय युवाओं को संबोधित करते हुए एक वीडियो संदेश जारी किया। इस दौरान उन्होंने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके की आलोचना भी की।

मैरी मिलबेन ने क्या आरोप लगाया?

मैरी मिलबेन ने वीडियो संदेश जारी करके कहा- मुझसे बार-बार यह सवाल पूछा जा रहा था कि भारत में हो रहे प्रदर्शनों के पीछे फंडिंग कौन कर रहा है? इसके जवाब में उन्होंने कहा कि वही व्यक्ति या वही समूह, जो दुनिया भर में ऐसे कई प्रदर्शनों को फंड करता है, खासकर तब जब किसी देश में कोई रूढ़िवादी (कंजर्वेटिव) नेता सत्ता में हो। उसका नाम जॉर्ज सोरोस है। उनके नेटवर्क से जुड़े लोग दुनिया के कई हिस्सों में विरोध-प्रदर्शनों और अशांति को फंड करते रहे हैं।

मैरी मिलबेन ने कहा कि यह कोई छिपी हुई बात नहीं है। मिलबेन ने दावा किया कि अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया पर खुद कहा था कि उन्हें जॉर्ज सोरोस से आर्थिक मदद मिलती है। हालांकि, उन्होंने अपने इस दावे के समर्थन में कोई सबूत पेश नहीं किया।

मैरी ने इसके पहले भी लगाया था आरोप

मैरी मिलबेन ने वीडियो संदेश जारी करने से पहले भी फंडिंग को लेकर आरोप लगाया था। मैरी ने बुधवार को 'X' पोस्ट पर लिखा था कि CJP को अमेरिका के कुछ चुनिंदा दानदाताओं से फंडिंग मिल रही है। हालांकि, मैरी ने इस पोस्ट में किसी व्यक्ति का नाम नहीं लिया था।

अब वीडियो संदेश में मैरी मिलबेन ने कहा- दीपके, मैं आपसे सीधे बात कर रही हूं। आपके पास लोगों को जोड़ने और अपनी बात रखने की क्षमता है। अगर आप इस प्रतिभा का इस्तेमाल सकारात्मक कामों के लिए करें, तो भारत में एक प्रभावशाली ताकत बन सकते हैं। उन्होंने दीपके को सलाह दी कि वे प्रधानमंत्री और देश के नेतृत्व से मिलकर अपने विचार रचनात्मक तरीके से रखें। जब यह विरोध-प्रदर्शन का दौर खत्म हो जाएगा, तब लोग आपको याद नहीं रखेंगे।

मैरी मिलबेन ने किया राहुल गांधी का जिक्र

मैरी मिलबेन ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और दीपके ऐसा नेतृत्व नहीं दिखाते, जो सरकार के साथ मिलकर काम करना चाहता हो। उनके अनुसार, राहुल गांधी और दीपके देश में एकता लाने के बजाय विरोध-प्रदर्शनों को आगे बढ़ा रहे हैं। वे किसी तरह का ठोस समाधान भी नहीं दे रहे हैं।

मिलबेन ने कहा कि भारत में चल रहे ये प्रदर्शन उन्हें ठोस मुद्दों पर आधारित नहीं लगते। उन्होंने इन प्रदर्शनों की तुलना अमेरिका में हुए 'एंटीफा', 'ब्लैक लाइव्स मैटर' और कुछ ऐतिहासिक स्मारकों को हटाने के खिलाफ हुए आंदोलनों से की। इसके विपरीत उन्होंने मार्टिन लूथर किंग जूनियर की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन चलाया, जिससे अमेरिका में नागरिक अधिकार कानून और मतदान अधिकार कानून जैसे बड़े बदलाव आए।

मिलबेन ने की PM मोदी की तारीफ

मैरी मिलबेन ने कहा कि मार्टिन लूथर किंग जूनियर कभी भी अराजकता, हिंसा या भ्रम फैलाने वाले आंदोलन का नेतृत्व नहीं करना चाहते थे। उन्हें साफ पता था कि अमेरिका में क्या बदलाव चाहिए और उन्होंने शांतिपूर्ण ढंग से विरोध किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा करते हुए मिलबेन ने उन्हें दुनिया के सबसे बेहतर नेताओं में से एक बताया। मिलबेन ने कहा कि पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष, प्रधानमंत्री के रूप में 12 वर्ष और लगातार तीन बार मिली जीत उनके नेतृत्व पर जनता के भरोसे को दिखाती है।

मिलबेन बोलीं- CEC को हटाया नहीं जाएगा

मैरी मिलबेन ने भारत के चुनावों में धांधली के आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने कहा- यह चुनावी धोखाधड़ी नहीं है। यह उस नेता पर लोगों के भरोसे की ताकत है। मिलबेन ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाया नहीं जाएगा और प्रधानमंत्री मोदी भी कहीं नहीं जा रहे हैं। अगर कुछ होगा तो पीएम मोदी 2029 में फिर से चुने जाएंगे। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा विपक्षी आंदोलन ज्यादा समय तक नहीं चलेगा।

मैरी मिलबेन का परिचय

मैरी मिलबेन फेमस अफ्रीकी-अमेरिकी सिंगर और एक्ट्रेस हैं। उन्होंने लगातार 5 अमेरिकी राष्ट्रपति (जॉर्ज डब्ल्यू बुश, बराक ओबामा, डोनाल्ड ट्रंप, जो बाइडेन) के सामने अपनी प्रस्तुतियां दी हैं।

मैरी मिलबेन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बहुत बड़ी प्रशंसक हैं और उन्हें अपना अच्छा दोस्त मानती हैं। वे अक्सर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पीएम मोदी के नेतृत्व, उनके विजन और उनकी नीतियों का खुलकर समर्थन करती हैं।

मिलबेन ने छुए थे PM मोदी के पैर

जून 2023 में PM मोदी अमेरिका की आधिकारिक राजकीय यात्रा पर गए थे। उस दौरान वॉशिंगटन डीसी में प्रवासी भारतीयों के कार्यक्रम में मैरी मिलबेन ने भारत का राष्ट्रगान गाया था। इस दौरान उन्होंने आदरपूर्वक पीएम मोदी के पैर छूकर आशीर्वाद भी लिया था, जिसका वीडियो भारत और अमेरिका में खूब वायरल हुआ था।