Patrika+

सऊदी अरब में भारतीय एयरलाइंस ने रद्द कीं उड़ानें: 20 से 24 अक्टूबर तक प्रभावित रहेंगी सेवाएं, जानिए वजह

सऊदी अरब में सुरक्षा चिंताओं के बीच एयर इंडिया, इंडिगो समेत भारतीय एयरलाइंस ने कई उड़ानें रद्द कर दी हैं। ये सेवाएं 20 से 24 अक्टूबर तक प्रभावित रहेंगी।
2 min read
• •
Oct 16, 2026
indian airlines cancel flights to saudi arabia
सांकेतिक इमेज (सोर्स- Chatgpt)

सऊदी अरब में सुरक्षा कारणों की वजह से भारतीय विमानन कंपनियां एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने शुक्रवार को कई सऊदी गंतव्यों के लिए अपनी उड़ान सेवाएं 20 अक्टूबर तक निलंबित करने की घोषणा की है।

यात्रियों को मिलेगा पूरा रिफंड

एयरलाइंस द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर जारी सूचना के मुताबिक, रियाद, जेद्दा और दम्माम सहित सऊदी अरब के प्रमुख शहरों के लिए उड़ान सेवाएं अलग-अलग अवधि तक निलंबित रहेंगी। कुछ एयरलाइंस ने मदीना के लिए भी उड़ानें रद्द की हैं।

एयर इंडिया ने कहा- सऊदी अरब में विकसित हो रही स्थिति को देखते हुए रियाद, दम्माम और जेद्दा के लिए तथा वहां से संचालित होने वाली एयर इंडिया की सभी उड़ानें 20 अक्टूबर 2026 तक रद्द रहेंगी। एयरलाइन ने यह भी कहा कि इन रद्द हुई उड़ानों से प्रभावित होने वाले यात्रियों को पूरा रिफंड दिया जाएगा।

एयर इंडिया ने क्या कहा?

एयर इंडिया ने 'X' पर लिखा- हमारे यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी तरह एयर इंडिया एक्सप्रेस ने भी कहा कि उसने दम्माम, जेद्दा और रियाद के लिए तथा वहां से संचालित उड़ानों के निलंबन को 20 अक्टूबर तक बढ़ा दिया है। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने कहा कि हम स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और आवश्यकता पड़ने पर अपने परिचालन की समीक्षा कर उसमें बदलाव करेंगे। हमारी टीमें प्रभावित यात्रियों को हर संभव सहायता प्रदान कर रही हैं। एयरलाइन ने रद्द उड़ानों के यात्रियों को मुफ्त री-शेड्यूलिंग या पूर्ण रिफंड का विकल्प भी दिया है।

इंडिगो-अकासा की उड़ानें रद्द

गुरुवार को इंडिगो ने भी स्थिति का आकलन करने के बाद रियाद, जेद्दा, दम्माम और मदीना के लिए तथा वहां से संचालित उड़ानों को 24 अक्टूबर तक रद्द करने की घोषणा की थी। इसके अलावा, अकासा एयर ने भी रियाद के लिए और वहां से संचालित उड़ानों के निलंबन को 24 अक्टूबर तक तथा जेद्दा के लिए उड़ानों के निलंबन को 21 अक्टूबर तक बढ़ाने की जानकारी दी।

एयरलाइन ने कहा कि प्रभावित यात्रियों को पूर्ण रिफंड या बिना अतिरिक्त शुल्क के यात्रा पुनर्निर्धारण का विकल्प दिया जाएगा। सभी एयरलाइंस ने दोहराया कि यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और सेवाओं को बहाल करने का निर्णय स्थिति की लगातार समीक्षा के बाद लिया जाएगा। इसके अलावा यात्रियों को यात्रा से पहले अपनी उड़ान की स्थिति की जांच करने और यह सुनिश्चित करने की सलाह दी गई है कि उनका संपर्क विवरण एयरलाइन के साथ अपडेट हो।

Updated on:
16 Oct 2026 04:54 pm
Published on:
16 Oct 2026 04:49 pm