
मध्य पूर्व में तनाव कम होने की उम्मीदों के चलते मंगलवार को कच्चे तेल में भारी गिरावट देखने को मिली है। इससे बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 90 डॉलर प्रति बैरल के नीचे फिसल गया है। भारतीय समयानुसार दोपहर 3:50 बजे तक, ब्रेंट क्रूड 2.80 प्रतिशत की गिरावट के साथ 89.88 डॉलर प्रति बैरल पर था, जबकि, US WTI क्रूड 2.31 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 84.85 डॉलर प्रति औंस पर था।
कच्चे तेल में गिरावट अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एक बयान के बाद आई है। डोनाल्ड ट्रंप ने अपने बयान में संकेत दिया था कि वाशिंगटन फिलहाल ईरान के खिलाफ कोई नया सैन्य हमला नहीं करेगा। इससे मध्य पूर्व से ऊर्जा आपूर्ति में लंबे समय तक बाधा आने की चिंताएं कम हो गईं।
बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि मध्य पूर्व में राजनयिक प्रगति के संकेतों के बीच कच्चे तेल की कीमतों पर दबाव आया है। हालांकि, जारी भू-राजनीतिक तनाव और शिपिंग मार्गों की सुरक्षा को लेकर अनिश्चितता के कारण कीमतों में गिरावट सीमित रह सकती है।
विशेषज्ञों का कहना है कि निवेशक, वैश्विक मांग और आपूर्ति के परिदृश्य के बारे में नए संकेत पाने के लिए US एनर्जी इंफॉर्मेशन एडमिनिस्ट्रेशन (EIA), ऑर्गनाइजेशन ऑफ द पेट्रोलियम एक्सपोर्टिंग कंट्रीज (OPEC) और इंटरनेशनल एनर्जी एजेंसी (IEA) की ओर से आने वाली मासिक तेल आपूर्ति और मांग रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। इसके अलावा, रूस और यूक्रेन के अधिकारी मंगलवार को अमेरिका की मध्यस्थता में दो दिनों की बातचीत के लिए मिलने वाले हैं। फरवरी के बाद से यह उनकी पहली ऐसी मुलाकात होगी।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि कतर सहित क्षेत्र के कई देशों की अपील के बाद, उन्होंने ईरान के खिलाफ आगे और सैन्य हमले न करने का फैसला किया है। उन्होंने यह बात व्हाइट हाउस में कतर के प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद कही। हालांकि, अमेरिकी राष्ट्रपति ने संकेत दिया कि होर्मुज स्ट्रेट में नौसैनिक नाकेबंदी फिलहाल जारी रहेगी। इससे वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के एक अहम रास्ते की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बनी हुई हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका और खाड़ी देशों के वरिष्ठ अधिकारियों ने वाशिंगटन और तेहरान के बीच जल्द ही किसी शांति समझौते की संभावना पर संदेह जताया है। ईरान की सुरक्षा परिषद के प्रमुख मोहसेन रेजाई ने बातचीत चलने की खबरों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि अमेरिका को काल्पनिक बातचीत के बारे में 'फर्जी खबरें' फैलाना बंद कर देना चाहिए।