Patrika+

दिल्ली से गुजरात तक फैला नशे का कारोबार: राजस्थान का तस्कर कुलदीप स्वामी गिरफ्तार, 4 करोड़ की हेरोइन बरामद

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दिल्ली से गुजरात तक फैले नार्को-एक्सटॉर्शन नेटवर्क को बेनकाब किया है। पुलिस ने तस्करों के पास से बड़ी मात्रा में हेरोइन बरामद की है।
2 min read
Sep 18, 2026
Police action on drug smuggling gang
सांकेतिक इमेज (सोर्स- Chatgpt)

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और गुजरात के वडोदरा शहर क्राइम ब्रांच के संयुक्त ऑपरेशन में गैंगस्टर रोहित गोदारा गिरोह से जुड़े एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए आरोपी की कार की डिग्गी से करीब 2.075 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत लगभग 4 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान राजस्थान के चूरू जिले के कल्याणपुरा गांव निवासी कुलदीप स्वामी के रूप में हुई है।

कैसे हुई गिरफ्तारी?

इस मामले की शुरुआत वडोदरा में एक कारोबारी को जान से मारने की धमकी देकर 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगे जाने से हुई थी। वडोदरा शहर क्राइम ब्रांच जब इस केस में रोहित गोदारा गिरोह से जुड़े आरोपियों की तलाश कर रही थी, तभी जांच में पता चला कि कारोबारी और गिरोह के बीच फोन पर बातचीत में फिलहाल 10 लाख रुपये हवाला के जरिए देने पर सहमति बनी है।

रकम लेने के लिए गिरोह का सदस्य दिल्ली के चांदनी चौक पहुंचा, जहां पहले से निगरानी कर रही वडोदरा क्राइम ब्रांच और दिल्ली स्पेशल सेल की संयुक्त टीम ने कुलदीप स्वामी को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह रोहित गोदारा गिरोह के कहने पर रंगदारी की रकम लेने आया था। तलाशी में उसके पास से एक कार की चाबी मिली, जिसके बाद पता चला कि वह कार दिल्ली के जय विहार इलाके में खड़ी है और उसमें मादक पदार्थ छिपा है।

करोड़ों रुपये की हेरोइन बरामद

पुलिस ने कार की तलाशी ली तो डिक्की में अलग-अलग 4 पैकेटों में कुल 2.075 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई। कार और हेरोइन दोनों जब्त कर ली गई हैं। आरोपी कुलदीप स्वामी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत दिल्ली स्पेशल सेल थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हेरोइन की यह खेप किस नेटवर्क से जुड़ी थी? क्या रंगदारी वसूली और नशा तस्करी की गतिविधियां एक ही आर्थिक ढांचे से संचालित हो रही थीं?

विदेश से ऑपरेट होता है रोहित गोदारा गैंग

बीकानेर (राजस्थान) के मूल निवासी रोहित गोदारा फिलहाल विदेश से अपना नेटवर्क चला रहा है। लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से उसके करीबी संबंध बताए जाते हैं। रोहित गोदारा, करणी सेना अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या सहित कई गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित है। उसके खिलाफ राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने भी कार्रवाई शुरू कर रखी है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, रोहित गोदारा-गोल्डी बराड़-वीरेंद्र चारण गिरोह पिछले कुछ महीनों में दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और पंजाब के कई कारोबारियों से करोड़ों रुपये की रंगदारी मांग चुका है। इसी गिरोह से जुड़े गैंगस्टर महेंद्र ढेलाणा ने बीते दिसंबर 2025 में अमेरिका के कैलिफोर्निया में एक बुकी के घर पर फायरिंग की जिम्मेदारी भी सोशल मीडिया पर ली थी।

तस्करी गैंग की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि हेरोइन की यह खेप कहां से आई और इसे कहां खपाया जाना था। साथ ही, यह भी जांचा जा रहा है कि क्या रोहित गोदारा गिरोह नशा तस्करी से मिलने वाले पैसे का इस्तेमाल रंगदारी और अन्य आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने में कर रहा था। मामले के अन्य साथियों की तलाश जारी है। पुलिस को शक है कि यह गैंग नशे की तस्करी से मिले पैसों से एक्सटॉर्शन और अन्य अपराधों को अंजाम दे रहा था।

Updated on:
18 Sept 2026 02:14 pm
Published on:
18 Sept 2026 02:14 pm