राजनीति

Bihar Election: जीत के बाद भी नीतीश को बड़ा ‘आघात’, इतने मंत्री सियासी पिच पर हो गए ‘क्लीन बोल्ड’

- Bihar Election: 2020 विधानसभा चुनाव में NDA को बहुमत, JDU को झटका! नीतीश सरकार के 10 मंत्री चुनाव हारे, नीतीश को 28 सीटों का नुकसान

2 min read
Nov 12, 2020
Bihar Election: 10 Minister Lost Election From Nitish Government
बिहार चुनाव में नीतीश सरकार को बड़ा झटका!

नई दिल्ली। बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Election ) संपन्न हो चुका है। NDA को पूर्ण बहुमत मिला है। जदयू प्रमुख नीतीश कुमार एक बार फिर बिहार की कमान संभालेंगे। हालांकि, इस चुनाव में महागठबंधन का भी प्रदर्शन काफी बेहतर रहा। मतगणना के आखिरी दौर तक NDA और महागठबंधन के बीच कांटे की टक्कर रही। हालांकि, अंत में NDA चुनावी 'जंग' जीतने में कामयाब रही। लेकिन, इस चुनाव में नीतीश कुमार को कई झटके लगे हैं। इनमें एक झटका ये है कि उनके 10 मंत्री चुनाव हार गए।

नीतीश सरकार के 10 मंत्री चुनाव हारे

बिहार विधानसभा चुनाव में NDA को 125 सीटें मिली हैं। इनमें बीजेपी को 74 सीटों पर जीत मिली है। जबकि, जेडीयू 43 सीट जीतने में कामयाब रही। वहीं, हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा के खाते में चार सीटें गई है। वहीं, VIP को चार सीटें मिली है। लेकिन, इस चुनाव में कई उलटफेर हुए हैं। नीतीश सरकार में शामिल 10 मंत्री सियासी पिच पर 'क्लीन बोल्ड' हो गए। जो मंत्री चुनाव हारे हैं, उनमें सहकारिता मंत्री जय कुमार सिंह, नगर विकास मंत्री सुरेश कुमार शर्मा, परिवहन मंत्री संतोष कुमार निराला , अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री फिरोज अहमद, मंत्री फिरोज अहमद, मंत्री कृष्णनंदन प्रसाद वर्मा, मंत्री ब्रजकिशोर बिंद, शिक्षा मंत्री कृष्ण नंदन वर्मा, समाज कल्याण मंत्री रामसेवक सिंह चुनाव हार गए हैं। इन्हें महागठबंधन के प्रत्याशियों ने करारी शिकस्त दी है।

JDU को बड़ा नुकसान

यहां आपको बता दें कि JDU को लोजपा से भी कड़ी टक्कर मिली है। तकरीबन डेढ़ दर्जन सीटों पर लोजपा ने जमकर वोट काटे, जिसके कारण उन सीटों पर जेडीयू को हार का सामना करना पड़ा। अगर, लोजपा NDA के साथ होती तो इन सीटों पर जेडीयू जीत सकती थी और चुनाव परिणा कुछ और हो सकता था। अगर,नतीजों पर गौर किया जाए तो इस चुनाव में जेडीयू को काफी नुकसान हुआ है। पार्टी ने 2015 विधानसभा चुनाव में 71 सीटों पर जीत हासिल की थी। वहीं, 2020 विधानसभा चुनाव में जेडीयू को केवल 43 सीटें मिली है। यानी, 28 सीटों का नुकसान हुआ है। वहीं, बीजेपी को इस बार 21 सीटों का फायदा हुआ है।

Published on:
12 Nov 2020 07:49 am