
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल पर हुए मिर्ची पाउडर हमले के बाद आम आदमी पार्टी भाजपा पर हमलावर हो गई है। आप के सीनियर लीडर और दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने आरोप लगाया है कि भाजपा सीएम केजरीवाल की हत्या कराना चाहती है। सिसोदिया ने बुधवार को कहा है कि क्योंकि केजरीवाल दिल्ली की जनता के हित को ध्यान में रख कर काम कर रहे हैं। इसलिए भाजपा उनके चिढ़ी हुई है। सिसोदिया ने यह भी कहा कि मंगलवार को केजरीवाल पर हमला करने वाला कोई और नहीं, बल्कि भाजपा का ही कार्यकर्ता है।
भाजपा सीएम की कराना चाहती है हत्या
दिल्ली के डिप्टी सीएम सिसोदिया ने कहा कि भाजपा अरविंद केजरीवाल को काम करने से रोकने के सभी हथकंडे अपना चुकी है। अब जबकि वह नाकाम साबित हो रही है तो भाजपा सीएम की हत्या कराना चाहती है। उन्होंने मंगलवार की घटना को उसी साजिश का परिणाम बताया है। इसके साथ ही उन्होंने हमले के समय दिल्ली सचिवालय में भाजपा के एक नेता की मौजूदगी की भी जिक्र किया और इस मामले में जांच कराने की मांग उठाई।
केजरीवाल के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल
सिसोदिया ने कहा कि सोशल साइट पर भी हमलावर ने सीएम केजरीवाल के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया है। हमलावर के फेसबुक पेज पर कई भाजपा नेताओं के भी फोटो हैं। आपको बता दें कि मंगलवार को सचिवालय में सीएम केजरीवाल पर मिर्च पाउडर से हमला किया गया था। वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने हमलावर को दबोच लिया था। बाद में पुलिस पूछताछ में सामने आया कि हमलावर का नाम सुनील है और वह अपनी मां की बीमारी की एप्लीकेशन लेकर सीएम केजरीवाल के पास आया था।