
नई दिल्ली। आंध प्रदेश के मुख्यमंत्री जगनमोहन रेड्डी ( CM Jaganmohan Reddy ) ने प्रदेश की जेलों में पांच साल की सजा काट चुकी महिलाओं के हित में बड़ा फैसला लिया है। इस बात की जानकारी देते हुए आंध्र की गृह मंत्री मेकथोती सुचरिता ने बताया कि मुख्यमंत्री ने मानवीय आधार पर पांच साल की कैद पूरी करने वाली महिला कैदियों को रिहा करने का फैसला किया है। प्रदेशभर की जेलों में 147 महिला कैदी हैं जो आजीवन कारावास का सामना कर रही हैं। इनमें से 55 महिलाएं 5 साल की कैद पूरी कर चुकी हैं। इन्हें अगले सप्ताह रिहा किया जाएगा।
उच्च स्तरीय समिति ने की थी सिफारिश
एक उच्च-स्तरीय समिति की सिफारिश के आधार पर आंध्र प्रदेश मंत्रिमंडल ने यह फैसला लिया। कैबिनेट की बैठक में 55 कैदियों की रिहाई को मंजूरी दी गई। इस फैसले के बाद आंध्र प्रदेश सरकार जल्द ही प्रदेश की विभिन्न जेलों में कैद 55 महिला कैदियों को मुक्त करेगी।