राजनीति

कांग्रेस नेता चिदंबरम का दावा: पीएम मोदी को तीन कारणों से हारना पड़ सकता है लोकसभा चुनाव

कांग्रेस सत्‍ता में आने के बाद जनता के बताए मुद्दों पर काम करेगी। ताकि सरकार जनता की अपेक्षा को पूरा करने में सफल हो सके।  
2 min read
• •
Updated: 28 Oct 2018, 2:10 PM IST
chidambaram
कांग्रेस नेता चिदंबरम का दावा: पीएम मोदी को तीन कारणों से हारना पड़ सकता है लोकसभा चुनाव

नई दिल्‍ली। कांग्रेस के नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदंबरम ने दावा किया है कि ऐसे तीन कारण हैं जिसकी वजह से पीएम नरेंद्र मोदी लोकसभा चुनाव को लेकर अभी से डरे हुए हैं। उन्‍होंने कहा कि पीएम मोदी आगामी चुनाव हार भी सकते हैं। युवाओं में बेरोजगारी, महिला और बच्चों की सुरक्षा और कीमतों में बेतहाशा वृद्धि ऐसे कारण है जिसको लेकर लोगों में नाराजगी बड़े पैमाने पर है। ये बात कांग्रेस की घोषणापत्र समिति के प्रमुख और पूर्व वित्त मंत्री ने मुंबई में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कही। बता दें कि 2019 के लोकसभा चुनावों के लिए पार्टी के घोषणापत्र को तैयार करने से पहले समिति के सदस्य शहर के दौरे पर हैं जहां वो समाज के विभिन्न वर्ग के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा करने और एजेंडा सेट करने में जुटे हैं।

जन विरोधी सरकार
चिदंबरम ने कहा कि मुंबई में समिति की हुई दो घंटे की चर्चा के दौरान 67 सुझाव मिले। उन्होंने कहा कि नौकरियों की कमी, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा और कीमतों में इजाफा लोगों की सबसे महत्वपूर्ण चिंता हैं। ये मुद्दे लोकसभा चुनावों में भाजपा के हार के कारण साबित हो सकते हैं। उन्‍होंने कहा कि लोगों की इन चिंताओं को कांग्रेस के घोषणा-पत्र में शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोग चाहते हैं कि पेट्रोल और डीजल के दाम घटने चाहिए और सरकार इसे नहीं सुनती है तब ये सरकार लोकतांत्रिक नहीं है।

2014 के वादों पर साधा निशाना
2014 के चुनावी वादों को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि मैं एक कमरे में बैठकर आपके बैंक खातों में 25 लाख रूपए डालने या चार करोड़ नौकरियों का वादा कर सकता हूं। सुबह एक काम और शाम को दूसरा काम। लेकिन हम जनता से सुनना और जानना चाहते हैं कि आप कांग्रेस से क्या उम्मीद करते हैं। पार्टी जनता के बताए मुद्दों पर जोर देगी। जनता के बताए मुद्दों पर सत्‍ता में आने के बाद कांग्रेस काम करेगी। ताकि सरकार जनता की अपेक्षा को पूरा करने में सफल हो सके।

Published on: