श्रीलंका के प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे से मिला कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस नेता राहुल गांधी रहे शामिल
नई दिल्ली। श्रीलंकाई प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे चार दिवसीय राजकीय यात्रा पर शुक्रवार को भारत पहुंचे हैं। राजधानी दिल्ली पहुंच मंहिदा राजपक्षे ने सबसे पहले राजघाट ( Rajghat ) पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी।
इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे हैदराबाद हाउस ( Hyderabad House ) में प्रतिनिधिमंडल स्तर की संयुक्त वार्ता की।
दरअसल, महिंदा राजपक्षे की भारत यात्रा के गहरे निहितार्थ लगाए जा रहे हैं। माना जा रहा है कि इस यात्रा के दौरान दोनों अहम मुद्दों पर बातचीत करेंगे।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि पीएम मोदी की न्योते पर श्रीलंका के प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे भारत यात्रा पर आए हैं।
वहीं, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी सहित पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को यहां श्रीलंका के प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे से मिला और दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।
राहुल गांधी ने ट्विटर पर लिखा, "कांग्रेस पार्टी के नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल कल दिल्ली में श्रीलंका के प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे से मिला। हमने कई मुद्दों पर एक दोस्ताना और सौहार्द्रपूर्ण चर्चा की, जिसमें दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत करने के तरीके भी शामिल थे।"