
नई दिल्ली। लोक जनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष चिराग पासवान ( Chirag Paswan ) द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम का विधानसभा चुनाव में उपयोग करने के मुद्दे पर बिहार एनडीए ( NDA ) में घमासान जारी है। इस बात को लेकर जारी राजनीति पर बीजेपी बिहार के प्रभारी देवेंद्र फडणवीस ( Devendra Fadnavis ) ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि लोगों को पीएम मोदी ( PM Modi ) पर भरोसा है। ऐसे में अगर कोई उनका नाम लेता है तो हम उसे नहीं रोक सकते।
बिहार के लोगों को मोदी पर भरोसा है
देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि बिहार में हम जहां भी जाते हैं, वहां पर लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम लेते हैं। उनके प्रति लोगों में काफी उत्साह है। देश और बिहार के लोगों को पीएम मोदी पर भरोसा है। इस ट्रस्ट से न केवल हमें बल्कि हमारे सहयोगियों को भी फायदा होगा। फिर देश के पीएम का नाम अगर कोई नागरिक लेता है तो हम उसे कैसे रोक सकते हैं।
लालू राज में कदाचार और भ्रष्टाचार का था बोलवाला
एक दिन पहले गोपालगंज में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने आरजेडी (RJD) के खिलाफ जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि 15 साल पहले जो शासन इस बिहार ने देखा था उस शासन में कदाचार, दुराचार, अत्याचार, भ्रष्टाचार और जातिवाद का बोलवाला था। जिसमे सामान्य व्यक्ति की कोई सुनवाई नहीं होती थी। लालू का राज जंगलराज था।
आत्मनिर्भर बिहार के लिए एनडीए का जीतना जरूरी
लालू के बेटे और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव पर हमला बोलते हुए कहा कि वो नौवीं फेल हैं। अगर नौवीं फेल आदमी मुख्यमंत्री बन जाएगा तो क्या खुद शिक्षा देगा या दूसरे को दिलाएगा। पीएम मोदी और सीएम नीतीश कुमार ने जो बिहार का सपना देखा है। यह केवल उनका सपना नहीं है। यह पूरे बिहार का सपना है। यह सपना यहां की महिलाओं, मजदूरों और बेरोजगार युवाओं के लिए है। हमें आत्मनिर्भर भारत और आत्म निर्भर बिहार के लिए फिर एक बार एनडीए को जीताना पड़ेगा।