
Pratapgarh Drugs Smuggling: अरनोद (प्रतापगढ़): ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत पुलिस ने मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 1 किलो 45 ग्राम अवैध अफीम जब्त की है। पुलिस ने मौके से जोधपुर जिले के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान 4 लाख 70 हजार रुपए नकद, एक कार और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। जब्त अफीम की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपए बताई गई है।
प्रतापगढ़ जिला पुलिस अधीक्षक विशाल जांगिड़ के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयदेव सियाग और अरनोद वृत्ताधिकारी चंद्रशेखर पालीवाल के मार्गदर्शन में थानाधिकारी शिवलाल मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
थानाधिकारी शिवलाल मीणा ने बताया कि 11 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि झंवर, जिला जोधपुर निवासी जेठाराम ब्राह्मण वर्तमान में अरनोद के गौतम नगर स्थित अपने मकान से अफीम और डोडाचूरा की खरीद-फरोख्त करता है। उसके साथी भी अफीम खरीदने के लिए मकान पर आए हुए हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मकान पर दबिश दी। पुलिस कार्रवाई की भनक लगने पर मकान मालिक जेठाराम मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसकी तलाश की, लेकिन रात में अंधेरा होने के कारण उसका पता नहीं चल सका।
पुलिस ने मकान की तलाशी ली तो वहां दो व्यक्ति मिले। पूछताछ में उनकी पहचान श्रवणराम पुत्र बाबूराम जाट निवासी नारनाड़ी, थाना बोरानाडा, जिला जोधपुर और राजेंद्र उर्फ राजू ब्राह्मण पुत्र मदनलाल ब्राह्मण निवासी जानादेसर, थाना झंवर, जिला जोधपुर के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से पारदर्शी प्लास्टिक की थैली में 1 किलो 45 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। पुलिस ने अफीम को जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
मकान की तलाशी के दौरान पुलिस को 4 लाख 70 हजार रुपए नकद भी मिले। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि यह राशि मकान मालिक जेठाराम की है और इसे अफीम की खरीद-फरोख्त से अर्जित किया गया था। पुलिस ने नकदी के साथ एक कार और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अरनोद थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में अनुसंधान जारी है। पुलिस फरार मकान मालिक जेठाराम की तलाश कर रही है।