प्रतापगढ़

Pratapgarh Crime: अवैध देशी पिस्टल के साथ कुख्यात आरोपी गिरफ्तार

राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवैध देशी पिस्टल के साथ कुख्यात आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आसिफ खान का आपराधिक रिकॉर्ड काफी लंबा है।
2 min read
rajasthan pratapgadh Criminal arrested with illegal country made pistol
अवैध देशी पिस्टल के साथ कुख्यात आरोपी को गिरफ्तार किया है

Pratapgarh Crime: प्रतापगढ़/अरनोद। अरनोद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवैध देशी पिस्टल के साथ कुख्यात आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी से एक अवैध देशी पिस्टल जब्त कर आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। थानाधिकारी शिवलाल मीणा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने यह सफलता हासिल की। उन्होंने बताया कि अरनोद पुलिस रीछा पडुनी रोड पर गश्त कर रही थी। पडुनी रोड स्थित जीएसएस के सामने एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा।

आसिफ खान का आपराधिक रिकॉर्ड काफी लंबा

पुलिस टीम ने पीछा कर उसे दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम आसिफ पुत्र पप्पन खान निवासी नौगावा थाना अरनोद बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक देशी पिस्टल बरामद हुई। गिरफ्तार आसिफ खान का आपराधिक रिकॉर्ड काफी लंबा है।

उसके खिलाफ विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, रंगदारी, आम्र्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट सहित छह गंभीर प्रकरण दर्ज हैं। इनमें थाना भावगढ़, मध्य प्रदेश और प्रतापगढ़ के मामले शामिल हैं। पुलिस अब जब्त देशी पिस्टल की खरीद-फरोख्त के संबंध में गहनता से जांच कर रही है।

जानलेवा हमले में दो गिरफ्तार, पिस्टल-स्कूटी जब्त

इधर एक अन्य मामले में अरनोद पुलिस ने जानलेवा हमले के मामले में महिला व उसके साथी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त पिस्टल और स्कूटी भी जब्त की है। थानाधिकारी शिवलाल मीणा ने बताया कि 19 अप्रेल की रात देवल्दी निवासी सिदरा खान हाल में नौगावां में अपनी नानी के घर सो रही थी, उसे साजिया बेगम ने फोन कर बाहर बुलाया। जैसे ही सिदरा घर से बाहर आई, साजिया ने उस पर जान से मारने की नीयत से पिस्टल से फायर कर दिया। एक गोली सिदरा के बाएं हाथ में फंस गई, जबकि दूसरा फायर दीवार पर लगा। इस संबंध में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।

अनुसंधान में सामने आया कि साजिया बेगम और मध्यप्रदेश के रतलाम जिले के शेरपुर निवासी चंद्रपालसिंह राजपूत ने साजिश रचकर वारदात को अंजाम दिया। दोनों 19 अप्रेल की रात स्कूटी पर नौगावां आए थे। पुलिस ने सिदरा के हाथ से ऑपरेशन कर गोली निकाली और मौके से दो खाली केस भी बरामद किए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जब्त पिस्टल के संबंध में आगे की जांच जारी है।

Published on:
12 May 2026 05:22 pm