रायपुर

तमनार में अफीम खेती का मामला, बघेल बोले- BJP राज में बढ़ रही गैरकानूनी गतिविधियां

CG Opium Cultivation: छत्तीसगढ़ में अवैध अफीम खेती के मामलों को लेकर सियासत तेज हो गई है। रायगढ़ के तमनार में मामला सामने आने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

2 min read
Mar 20, 2026
तमनार में अफीम खेती का मामला (photo source- Patrika)
तमनार में अफीम खेती का मामला (photo source- Patrika)

CG Opium Cultivation: छत्तीसगढ़ में अवैध अफीम खेती को लेकर सियासत तेज हो गई है। दुर्ग और बलरामपुर के बाद अब रायगढ़ जिले के तमनार क्षेत्र में अफीम की खेती पकड़े जाने का मामला सामने आया है, जिस पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

CG Opium Cultivation: नगरी-सिहावा इलाके में भी अवैध रूप से अफीम की खेती

भूपेश बघेल ने कहा कि राज्य में गैरकानूनी गतिविधियां बढ़ रही हैं और वर्तमान सरकार के दौरान नशे का कारोबार फैल रहा है। उनका आरोप है कि इससे युवाओं को गलत दिशा में धकेला जा रहा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्हें जानकारी मिली है कि नगरी-सिहावा इलाके में भी अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही है। बघेल के मुताबिक, एक भाजपा नेता के फार्महाउस में बड़े पैमाने पर करीब 20 एकड़ में अफीम उगाई गई थी।

पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि जैसे ही इस मुद्दे को सार्वजनिक किया गया, संबंधित स्थान पर खड़ी फसल को बुलडोजर से नष्ट कर दिया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कुछ लोग संगठित तरीके से नशे के कारोबार को बढ़ावा देने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, इस पूरे मामले में प्रशासन की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि या विस्तृत बयान सामने नहीं आया है।

बड़े पैमाने पर अफीम की खेती का खुलासा

छत्तीसगढ़ में अवैध अफीम की खेती का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। दुर्ग और बलरामपुर के बाद अब रायगढ़ जिले के तमनार क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अफीम की खेती का खुलासा हुआ है। प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कई एकड़ जमीन पर खड़ी फसल का मुआयना किया और कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

CG Opium Cultivation: ओडिशा बॉर्डर से सटे क्षेत्र में चल रही थी गतिविधि

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, तमनार के ओडिशा बॉर्डर से लगे आमाघाट वन क्षेत्र में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियों की चर्चा थी। नदी किनारे अवैध खेती की सूचना मिलने के बाद तमनार पुलिस ने उच्च अधिकारियों को अवगत कराया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस, एफएसएल, राजस्व और वन विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। जांच में संगठित तरीके से की जा रही अफीम की खेती का खुलासा हुआ।

Published on:
20 Mar 2026 03:34 pm