
Chhattisgarh Rainfall Report: छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय है, लेकिन इस वर्ष अब तक प्रदेश में सामान्य से 13 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। राज्य स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष के अनुसार, 1 जून से अब तक औसतन 356.2 मिमी वर्षा हुई है, जो सामान्य औसत का 87.1 प्रतिशत है। सबसे अधिक बारिश सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में 576.7 मिमी दर्ज की गई है, जबकि मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी सबसे कम 203.3 मिमी वर्षा के साथ सबसे पीछे है। विभाग ने बताया कि बस्तर संभाग के कई जिलों में अब भी सामान्य से कम बारिश हो रही है।
पिछले 24 घंटों की बात करें तो गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिला सबसे आगे रहा। यहां 69.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं, कई जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा रिकॉर्ड की गई, जिससे किसानों और आम लोगों को राहत मिली है।
मानसून सत्र में अब तक सबसे ज्यादा बारिश सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में हुई है। यहां 576.7 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जो सामान्य औसत का 181.4 प्रतिशत है। इसके अलावा जांजगीर-चांपा (512 मिमी), बलौदाबाजार (453.4 मिमी), बिलासपुर (440.5 मिमी), महासमुंद (427.3 मिमी), मुंगेली (417.7 मिमी) और रायपुर (395.7 मिमी) में भी सामान्य से अधिक बारिश हुई है।
दूसरी ओर, कई जिले अब भी पर्याप्त बारिश का इंतजार कर रहे हैं। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी सबसे नीचे है, जहां केवल 203.3 मिमी बारिश हुई है। यह जिले की सामान्य वर्षा का सिर्फ 40.4 प्रतिशत है। सुकमा, बीजापुर, कांकेर, कोंडागांव और बस्तर में भी सामान्य से काफी कम बारिश दर्ज की गई है। सरगुजा जिले में भी अब तक केवल 185.8 मिमी बारिश हुई है।
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, प्रदेश के मैदानी इलाकों में मानसून की स्थिति बेहतर है, जबकि बस्तर और कुछ उत्तरी जिलों में वर्षा की कमी बनी हुई है। विभाग लगातार बारिश के आंकड़ों की निगरानी कर रहा है और आने वाले दिनों में मानसून की गतिविधियां तेज होने की उम्मीद जताई जा रही है।